अमृतकाल का नया भारत : लूट-अत्याचार का शिकंजा न रुकता है न थकता है न हांफता है

इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 10 वर्षों के अपने शासन की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि आज नया भारत बन रहा है जो न रुक सकता है न थकता है न हांफता है। प्रधानमंत्री की इसी बात को देश के शीर्ष पूंजीपति मुकेश अम्बानी ने कुछ रोज बाद अपनी कम्पनी की सालाना बैठक में दोहराया। अम्बानी-अडाणी की बढ़ती दौलत देख कर सहज ही समझ में आ जाता है कि मोदी का नया भारत किसकी सेवा में लगा है। 
    
यह भी स्पष्ट हो जाता है कि दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनने से किसका भला हुआ है और तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाने से किसका कल्याण होगा। 
    
लाल किले से प्रधानमंत्री का भाषण भूख-गरीबी-बेकारी-महंगाई की मार झेल रही जनता को यह अहसास कराने का प्रयास था कि उसके जीवन में चारों ओर सुख समृद्धि का अवसर नया भारत खड़ा कर रहा है। यह अभूतपूर्व बेकारी के स्तर पर खड़े देश के युवाओं को बताता था कि अवसरों की कोई कमी नहीं है। यह भूख-गरीबी में सरकारी राशन पर जिन्दा आधी आबादी को बताता था कि 13 करोड़ लोग 10 वर्ष में गरीबी रेखा से ऊपर उठ गये हैं। यह नया भारत कोरोना काल में गंगा में तैरती लाशों को भूल कोरोना प्रबंधन के लिए खुद ही अपनी पीठ थपथपाता है। यह नया भारत 50 करोड़ जन धन खातों पर इतराता है जिसके जरिये गरीबों की मामूली बचत भी अम्बानी-अडाणी की सेवा में लगा दी गयी। यह नया भारत 2047 में विकसित भारत बनने का दम्भ भरता है। यह नया भारत एक-एक कर जनता के सारे जनवादी अधिकार छीन लोकतंत्र को मजबूत बनाने का दम्भ भरता है। 
    
कुल मिलाकर प्रधानमंत्री के पास गिनाने के लिए उपलब्धियों के नाम पर आंकड़ों की हेराफेरी कर गढ़े गये झूठे आंकड़ों-झूठी बातों के अलावा कुछ नहीं था। इन्हीं में से एक झूठ यह भी था कि दुनिया में चारों ओर भारत का मान-सम्मान बढ़ता जा रहा है। 
    
इस भारत के बढ़ते मान सम्मान की एक हकीकत तब उजागर हुई जब ब्रिक्स बैठक में द.अफ्रीका गये प्रधानमंत्री मोदी के बारे में वहां की एक मीडिया ने यह खबर जाहिर की कि मोदी के स्वागत में द.अफ्रीका के एक सामान्य से मंत्री को भेजा गया तो मोदी ने विमान से उतरने से इनकार कर दिया। बाद में उपराष्ट्रपति मोदी को लेने गये। जबकि चीनी राष्ट्रपति के स्वागत में स्वयं द.अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा पहुंचे थे। इस खबर को प्रकाशित करने वाले द.अफ्रीकी डिजिटल समाचार वेबसाइट डेली मैवरिक ने बताया था कि खबर प्रकाशन के बाद उसकी साईट पर भारत की ओर से साइबर अटैक किया गया ताकि यह खबर भारत तक न पहुंच सके। बाद में द.अफ्रीका के उपराष्ट्रपति कार्यालय ने उक्त खबर का खंडन किया हालांकि डेली मैवरिक अपनी खबर के सच होने पर अड़ा हुआ है। दुनिया में भारत का मान-सम्मान कितना बढ़ रहा है इस खबर से स्पष्ट हो जाता है। 
    
दरअसल नया भारत मीडिया प्रबंधन का उस्ताद है। वह गोएबल्स का असली चेला है जो कहा करता था कि एक झूठ को सौ बार दोहराओ तो वह सच लगने लगता है। प्रधानमंत्री के 10 वर्षों के शासनकाल में नया भारत यही करता रहा है। जनता के हर हिस्से मजदूर-किसान -छात्र-युवा-महिला-अल्पससंख्यक -दलित-आदिवासी की तकलीफें बीते 10 वर्षों में बढ़ती गयी हैं पर पूंजीवादी मीडिया-संघी मंडली ‘देश विकास कर रहा है’ का राग अलाप रही है। इस राग को अलापने में खुद प्रधानमंत्री सबसे बड़े उस्ताद हैं। लाल किले से अलापे इस राग से वह खुद इतने सम्मोहित हैं कि अगले वर्ष भी लाल किले से झण्डा फहराने की घोषणा कर बैठे जबकि अगले वर्ष आम चुनाव होने हैं। 
    
वास्तविकता क्या है? वास्तविकता यही है कि मोदी का नया भारत दरअसल अम्बानी-अडाणी सरीखे लुटेरे पूंजीपतियों का भारत है। निश्चय ही अम्बानी-अडाणी का भारत तरक्की कर रहा है क्योंकि इनकी दौलत बेतहाशा बढ़ रही है। यह बेतहाशा बढ़ती दौलत मजदूरों-मेहनतकशों पर शोषण-अत्याचार के शिकंजे को लगातार कसते जाने से बढ़ रही है। नया भारत जो कि फासीवादी हिन्दू राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है, में आम जनता की कोई जगह नहीं है। इसीलिए मोदी जब नये भारत की तारीफ के पुल बांधते हैं तो उसका यही अर्थ समझा जाना चाहिए कि जनता पर लूट-अत्याचार का शिकंजा न रुकता है न थकता है न हांफता है। 

आलेख

बलात्कार की घटनाओं की इतनी विशाल पैमाने पर मौजूदगी की जड़ें पूंजीवादी समाज की संस्कृति में हैं

इस बात को एक बार फिर रेखांकित करना जरूरी है कि पूंजीवादी समाज न केवल इंसानी शरीर और यौन व्यवहार को माल बना देता है बल्कि उसे कानूनी और नैतिक भी बना देता है। पूंजीवादी व्यवस्था में पगे लोगों के लिए यह सहज स्वाभाविक होता है। हां, ये कहते हैं कि किसी भी माल की तरह इसे भी खरीद-बेच के जरिए ही हासिल कर उपभोग करना चाहिए, जोर-जबर्दस्ती से नहीं। कोई अपनी इच्छा से ही अपना माल उपभोग के लिए दे दे तो कोई बात नहीं (आपसी सहमति से यौन व्यवहार)। जैसे पूंजीवाद में किसी भी अन्य माल की चोरी, डकैती या छीना-झपटी गैर-कानूनी या गलत है, वैसे ही इंसानी शरीर व इंसानी यौन-व्यवहार का भी। बस। पूंजीवाद में इस नियम और नैतिकता के हिसाब से आपसी सहमति से यौन व्यभिचार, वेश्यावृत्ति, पोर्नोग्राफी इत्यादि सब जायज हो जाते हैं। बस जोर-जबर्दस्ती नहीं होनी चाहिए। 

तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले

ये तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले। इसी तरह इन कानूनों से न्याय की बोझिल, थकाऊ अमानवीय प्रक्रिया से जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली। न्यायालय में पड़े 4-5 करोड़ लंबित मामलों से भी छुटकारा नहीं मिलने वाला। ये तो बस पुराने कानूनों की नकल होने के साथ उन्हें और क्रूर और दमनकारी बनाने वाले हैं और संविधान में जो सीमित जनवादी और नागरिक अधिकार हासिल हैं ये कानून उसे भी खत्म कर देने वाले हैं।

रूसी क्षेत्र कुर्स्क पर यूक्रेनी हमला

जेलेन्स्की हथियारों की मांग लगातार बढ़ाते जा रहे थे। अपनी हारती जा रही फौज और लोगों में व्याप्त निराशा-हताशा को दूर करने और यह दिखाने के लिए कि जेलेन्स्की की हुकूमत रूस पर आक्रमण कर सकती है, इससे साम्राज्यवादी देशों को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए अपने दावे को मजबूत करने के लिए उसने रूसी क्षेत्र पर आक्रमण और कब्जा करने का अभियान चलाया। 

पूंजीपति वर्ग की भूमिका एकदम फालतू हो जानी थी

आज की पुरातन व्यवस्था (पूंजीवादी व्यवस्था) भी भीतर से उसी तरह जर्जर है। इसकी ऊपरी मजबूती के भीतर बिल्कुल दूसरी ही स्थिति बनी हुई है। देखना केवल यह है कि कौन सा धक्का पुरातन व्यवस्था की जर्जर इमारत को ध्वस्त करने की ओर ले जाता है। हां, धक्का लगाने वालों को अपना प्रयास और तेज करना होगा।

राजनीति में बराबरी होगी तथा सामाजिक व आर्थिक जीवन में गैर बराबरी

यह देखना कोई मुश्किल नहीं है कि शोषक और शोषित दोनों पर एक साथ एक व्यक्ति एक मूल्य का उसूल लागू नहीं हो सकता। गुलाम का मूल्य उसके मालिक के बराबर नहीं हो सकता। भूदास का मूल्य सामंत के बराबर नहीं हो सकता। इसी तरह मजदूर का मूल्य पूंजीपति के बराबर नहीं हो सकता। आम तौर पर ही सम्पत्तिविहीन का मूल्य सम्पत्तिवान के बराबर नहीं हो सकता। इसे समाज में इस तरह कहा जाता है कि गरीब अमीर के बराबर नहीं हो सकता।