हम बच्चों को ‘‘संस्कारी’’ बनाकर रहेंगे

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ अपने हिंदू राष्ट्र बनाने के एजेंडे के तहत देश की महिलाओं को नियंत्रित और संचालित करने की कोशिश करता रहा है। कभी यह निर्देशित करता है कि हिंदू महिलाओं को वीर पुत्र पैदा करने चाहिए तो कभी वह निर्देशित करता है कि कितने पुत्र पैदा करने चाहिए। अपनी विचारधारा के तहत वह शुरू से ही लोगों को कूपमंडूक, अंधविश्वासी और पिछड़ी मूल्य-मान्यताओं में जकड़े रखना चाहता है। इसके लिए वह छोटे-छोटे बच्चों की शाखा लगाने का काम करता है। इसी एजेंडे के तहत वे अब गर्भ से ही बच्चों को संस्कारी बनाने के नाम पर अपनी राजनीति कर रहे हैं।

देश की राजधानी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में राष्ट्र सेविका समिति की तरफ से एक वर्कशाप का आयोजन किया गया। राष्ट्र सेविका समिति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी संस्था है। यह आयोजन गर्भावस्था के दौरान भ्रूण को संस्कार सिखाने के नाम पर किया गया था।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुसार वह स्त्री रोग विशेषज्ञों, आयुर्वेद के डाक्टरों और योग प्रशिक्षकों के जरिए एक कार्यक्रम तैयार करने की योजना बना रहा है जिसमें गर्भावस्था के दौरान गीता और रामायण का पाठ पढ़ना और योग करना शामिल है। ताकि गर्भ में पल रहे बच्चे में अच्छे संस्कार-मूल्य दिए जा सकें। ये कार्यक्रम गर्भवती महिला और बच्चे के दो साल होने तक की उम्र तक चलेगा। इसमें गीता के श्लोक, रामायण की चौपाई का पाठ होगा। इनके अनुसार इससे गर्भ में पल रहा बच्चा 500 शब्द तक सीख सकता है।

इससे पहले भी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्वास्थ्य शाखा की तरफ़ से गर्भ विज्ञान संस्कार की शुरुआत करने की खबरें आईं थीं।

सबसे पहले यह गुजरात से शुरू किया गया था। अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ अपनी स्वास्थ्य शाखा के साथ मिलकर इसे अन्य राज्यों में भी पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। इसमें गर्भवती महिलाओं के लिए गर्भ संस्कार नाम का अभियान शुरू किया जायेगा ताकि गर्भ में ही बच्चे को संस्कार और मूल्य सिखाए जा सके। लेकिन क्या वाक़ई गर्भ में पल रहा बच्चा शब्दों या किसी भाषा को समझ सकता है? विज्ञान की दुनिया और वैज्ञानिक विशेषज्ञों की इस मामले में भिन्न राय हैं।

इस मामले में स्त्री रोग विशेषज्ञों का मानना है कि गर्भ में पल रहा बच्चा आवाज तो सुन पाता है। लेकिन वो कोई भाषा नहीं समझ सकता है। जैसे-जैसे गर्भ में पल रहे बच्चे के शरीर विकसित होता है। उसके कान भी विकसित होने शुरू हो जाते हैं। ऐसे में ध्वनि तरंग भी उस तक पहुंचती हैं। लेकिन उन ध्वनियों से क्या मतलब निकल रहा है वह बच्चा नहीं समझ पाता है। ऐसे में संस्कृत या कोई श्लोक अगर मां पढ़ भी रही है तो वह बच्चे को कैसे समझ आएंगे?’

इनके अनुसार ये केवल मिथक है। इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।

एक गर्भवती महिला के लिए पोषक आहार, अच्छे विचार, मन शांत रखने की बाते ठीक है। लेकिन जब गर्भ में पल रहा भ्रूण भाषा ही नहीं समझ सकता वो क्या जानेगा कि मां मंत्र का उच्चारण कर रही है या कुछ और। इस तरह के गर्भ संस्कार की बात कहना छद्म विज्ञान है।

विज्ञान के अनुसार गर्भावस्था के दौरान बदलने वाले हार्मोन का असर मां के जरिए बच्चे तक पहुंचता है। यानि तनाव के हार्मोन या खुशी के हार्मोन का असर बच्चे पर भी पड़ता है और इसका वैज्ञानिक आधार है। एक मां का खुश रहना और पौष्टिक आहार लेना अहम होता है।

आज देश के मजदूर-मेहनतकश महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार नहीं मिल पाता है। स्वस्थ माहौल नहीं मिल पाता है। उनके बच्चों के पास खाने के लिए रोटी का संकट है। उनसे शिक्षा दूर होती जा रही है। रोजगार खत्म हो रहे हैं। सही से इलाज नहीं मिल पा रहा है। इन सब बातों की चिंता छोड़ कर गर्भ के दौरान बच्चों को संस्कारी बनाने की बातें की जा रही हैं। बच्चा गर्भ में अपराध करना नहीं सीखता है और न ही कोई मां अपने बच्चे को अपराधी बनाना चाहती है। यह सब बच्चा अपने समाज के माहौल और संस्कृति से सीखता है। आज समाज में धर्म और जाति के नाम पर नफरती माहौल बनाया जा रहा है। महिला विरोधी संस्कृति परोसी जा रही है। तब बच्चों को ऐसे माहौल से कैसे बचाया जा सकता है।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ तो बच्चों को कूपमंडूक, अंधविश्वासी, गैरवैज्ञानिक, पिछड़ी मूल्य-मान्यताओं से लैस अपना एक औजार बनाना चाहता है। अभिमन्यु का उदाहरण सामने रख वह बच्चों को गर्भ से ही ऐसे संस्कार देने की कवायद कर रहा है और कह रहा है कि हम बच्चों को संस्कारी बनाकर रहेंगे।

हमें बच्चों को ऐसा संस्कारी बनाने के बजाय उनको अच्छा इंसान बनाने की कोशिश करनी चाहिए। उनको जाति, धर्म, क्षेत्र, महिला-पुरुष के भेद भाव से बाहर निकल कर इंसान की कद्र सीखना चाहिए। सिखाने से पहले समाज का माहौल वैसा बनाना होगा तभी हमारे बच्चे अच्छे इंसान बन सकते हैं।

आलेख

बलात्कार की घटनाओं की इतनी विशाल पैमाने पर मौजूदगी की जड़ें पूंजीवादी समाज की संस्कृति में हैं

इस बात को एक बार फिर रेखांकित करना जरूरी है कि पूंजीवादी समाज न केवल इंसानी शरीर और यौन व्यवहार को माल बना देता है बल्कि उसे कानूनी और नैतिक भी बना देता है। पूंजीवादी व्यवस्था में पगे लोगों के लिए यह सहज स्वाभाविक होता है। हां, ये कहते हैं कि किसी भी माल की तरह इसे भी खरीद-बेच के जरिए ही हासिल कर उपभोग करना चाहिए, जोर-जबर्दस्ती से नहीं। कोई अपनी इच्छा से ही अपना माल उपभोग के लिए दे दे तो कोई बात नहीं (आपसी सहमति से यौन व्यवहार)। जैसे पूंजीवाद में किसी भी अन्य माल की चोरी, डकैती या छीना-झपटी गैर-कानूनी या गलत है, वैसे ही इंसानी शरीर व इंसानी यौन-व्यवहार का भी। बस। पूंजीवाद में इस नियम और नैतिकता के हिसाब से आपसी सहमति से यौन व्यभिचार, वेश्यावृत्ति, पोर्नोग्राफी इत्यादि सब जायज हो जाते हैं। बस जोर-जबर्दस्ती नहीं होनी चाहिए। 

तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले

ये तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले। इसी तरह इन कानूनों से न्याय की बोझिल, थकाऊ अमानवीय प्रक्रिया से जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली। न्यायालय में पड़े 4-5 करोड़ लंबित मामलों से भी छुटकारा नहीं मिलने वाला। ये तो बस पुराने कानूनों की नकल होने के साथ उन्हें और क्रूर और दमनकारी बनाने वाले हैं और संविधान में जो सीमित जनवादी और नागरिक अधिकार हासिल हैं ये कानून उसे भी खत्म कर देने वाले हैं।

रूसी क्षेत्र कुर्स्क पर यूक्रेनी हमला

जेलेन्स्की हथियारों की मांग लगातार बढ़ाते जा रहे थे। अपनी हारती जा रही फौज और लोगों में व्याप्त निराशा-हताशा को दूर करने और यह दिखाने के लिए कि जेलेन्स्की की हुकूमत रूस पर आक्रमण कर सकती है, इससे साम्राज्यवादी देशों को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए अपने दावे को मजबूत करने के लिए उसने रूसी क्षेत्र पर आक्रमण और कब्जा करने का अभियान चलाया। 

पूंजीपति वर्ग की भूमिका एकदम फालतू हो जानी थी

आज की पुरातन व्यवस्था (पूंजीवादी व्यवस्था) भी भीतर से उसी तरह जर्जर है। इसकी ऊपरी मजबूती के भीतर बिल्कुल दूसरी ही स्थिति बनी हुई है। देखना केवल यह है कि कौन सा धक्का पुरातन व्यवस्था की जर्जर इमारत को ध्वस्त करने की ओर ले जाता है। हां, धक्का लगाने वालों को अपना प्रयास और तेज करना होगा।

राजनीति में बराबरी होगी तथा सामाजिक व आर्थिक जीवन में गैर बराबरी

यह देखना कोई मुश्किल नहीं है कि शोषक और शोषित दोनों पर एक साथ एक व्यक्ति एक मूल्य का उसूल लागू नहीं हो सकता। गुलाम का मूल्य उसके मालिक के बराबर नहीं हो सकता। भूदास का मूल्य सामंत के बराबर नहीं हो सकता। इसी तरह मजदूर का मूल्य पूंजीपति के बराबर नहीं हो सकता। आम तौर पर ही सम्पत्तिविहीन का मूल्य सम्पत्तिवान के बराबर नहीं हो सकता। इसे समाज में इस तरह कहा जाता है कि गरीब अमीर के बराबर नहीं हो सकता।