हिन्दू फासीवादी और पसमंदा मुसलमान

‘बांटो और राज करो’ की अपनी नीति के तहत हिन्दू फासीवादी आजकल उन मुसलमानों में भी फूट डालने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं जिन पर वैसे वे एक समुदाय के तौर पर लगातार हमला करते रहते हैं। वे दाउदी बोहरा सम्प्रदाय के प्रति सहानुभूति दिखा रहे हैं। वे शिया-सुन्नी के भेद को चौड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं- कुछ शिया धर्म गुरूओं को लालच देकर। अंत में वे मुसलमानों में अगड़े व पिछड़े के भेद का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। यह बहुत कौतुकपूर्ण होता, यदि यह इतना जुगुप्सित नहीं होता, कि हिन्दू अगड़ों वाले संघी मुसलमान पिछड़ों की इतनी चिंता कर रहे हैं। 
    
भारत के मुसलमान भी यहां की घृणित जाति व्यवस्था से ग्रस्त हैं। मुसलमानों में भी अगड़ा, पिछड़ा और दलित हैं। यदि शेख, सैय्यद, खान अगड़े हैं तो अंसारी, कुरैशी, इत्यादि पिछड़े। हालांकि मुसलमानों में सामाजिक दूरी और छूआछूत उस तरह नहीं है जैसे हिन्दुओं में, पर तब भी जातिगत भेद और भेदभाव उनमें भी हैं। पिछले कुछ दशकों में मुसलमान पिछड़ों में पसमंदा मुसलमान नाम से एक छोटा-मोटा आंदोलन भी विकसित हुआ है जो इस पिछड़ेपन को अपना निशाना बनाता है। 
    
संघी आजकल इसी पसमंदा मुसलमान को अपना लक्ष्य बना रहे हैं। इसके जरिये वे उनको मुसलमानों के अगड़ों के खिलाफ खड़ा करना चाहते हैं। यह सच है कि हिन्दू अगड़ों की तरह मुसलमान अगड़े ही सत्ता या शासन या व्यवसाय में आगे हैं। हिन्दू फासीवादी हिन्दू अगड़ों को अपना निशाना नहीं बनाते क्योंकि वे तो स्वयं वही हैं। पर वे मुसलमान अगड़ों को निशाना बनाकर मुसलमान पिछड़ों का समर्थन हासिल करना चाहते हैं, वह भी आम तौर पर एक समुदाय के रूप में मुसलमानों पर हमला करते हुए। 
    
एक समुदाय के तौर पर जब हिन्दू फासीवादी मुसलमानों पर हमला करते हैं तो उसका सबसे ज्यादा शिकार पसमंदा मुसलमान ही होते हैं। एक तो इसलिए कि मुसलमानों में भी संख्या में यही पिछड़े मुसलमान ज्यादा हैं। दूसरे रोजमर्रा के जीवन में ये ही आसान शिकार बनते हैं। 
    
पिछले सालों में गौ रक्षा के नाम पर भी जिन मुसलमानों की भीड़ द्वारा हत्याएं हुईं वे सारे पसमंदा मुसलमान ही थे। भाजपा सरकारों द्वारा मांस के कारोबार पर जिस तरह से भांति-भांति से हमला किया जा रहा है उसका सीधा असर पसमंदा मुसलमानों पर ही पड़ रहा है। रेड़ी-खोमचों या छोटे दुकानदारों पर जो साम्प्रदायिक हमले हो रहे हैं उनका निशाना पसमंदा मुसलमान ही हैं। नमाज को लेकर जो हमले हो रहे हैं उसमें भी शिकार पसमंदा मुसलमान ही हैं। ट्रेन, बस, सड़कों-बाजारों में जिन मुसलमानों को अपमानित किया जा रहा है वे पसमंदा मुसलमान ही हैं। आतंकवाद के नाम पर या दंगों में शामिल होने के नाम पर जिन मुसलमानों को जेलों में ठूंसा जा रहा है वे भी पसमंदा मुसलमान ही हैं। शिक्षा से जो मुसलमान वंचित किये जा रहे हैं वे भी पसमंदा मुसलमान ही हैं। 
    
अगड़े मुसलमान सीधा इन सबका शिकार नहीं होते। मुसलमानों पर आम हिन्दू फासीवादी हमले की छाया उन पर भी पड़ती है पर उतनी गहरी नहीं है। वे सत्ता के गलियारों में अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर किसी हद तक अपने को बचा लेते हैं। वे कभी-कभी उससे रू-ब-रू होते हैं जिसका सामना पसमंदा मुसलमानों को रोज करना पड़ता है। 
    
पसमंदा मुसलमान या आम मुसलमान इस हकीकत को जानता है। इसीलिए वह हिन्दू फासीवादियों की चालों में नहीं फंसता। पर इस असफलता के बावजूद हिन्दू फासीवादी अपनी चालों से बाज नहीं आते। वे ऐसी घटिया चाल चलने से स्वयं को रोक भी नहीं सकते।  

आलेख

बलात्कार की घटनाओं की इतनी विशाल पैमाने पर मौजूदगी की जड़ें पूंजीवादी समाज की संस्कृति में हैं

इस बात को एक बार फिर रेखांकित करना जरूरी है कि पूंजीवादी समाज न केवल इंसानी शरीर और यौन व्यवहार को माल बना देता है बल्कि उसे कानूनी और नैतिक भी बना देता है। पूंजीवादी व्यवस्था में पगे लोगों के लिए यह सहज स्वाभाविक होता है। हां, ये कहते हैं कि किसी भी माल की तरह इसे भी खरीद-बेच के जरिए ही हासिल कर उपभोग करना चाहिए, जोर-जबर्दस्ती से नहीं। कोई अपनी इच्छा से ही अपना माल उपभोग के लिए दे दे तो कोई बात नहीं (आपसी सहमति से यौन व्यवहार)। जैसे पूंजीवाद में किसी भी अन्य माल की चोरी, डकैती या छीना-झपटी गैर-कानूनी या गलत है, वैसे ही इंसानी शरीर व इंसानी यौन-व्यवहार का भी। बस। पूंजीवाद में इस नियम और नैतिकता के हिसाब से आपसी सहमति से यौन व्यभिचार, वेश्यावृत्ति, पोर्नोग्राफी इत्यादि सब जायज हो जाते हैं। बस जोर-जबर्दस्ती नहीं होनी चाहिए। 

तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले

ये तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले। इसी तरह इन कानूनों से न्याय की बोझिल, थकाऊ अमानवीय प्रक्रिया से जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली। न्यायालय में पड़े 4-5 करोड़ लंबित मामलों से भी छुटकारा नहीं मिलने वाला। ये तो बस पुराने कानूनों की नकल होने के साथ उन्हें और क्रूर और दमनकारी बनाने वाले हैं और संविधान में जो सीमित जनवादी और नागरिक अधिकार हासिल हैं ये कानून उसे भी खत्म कर देने वाले हैं।

रूसी क्षेत्र कुर्स्क पर यूक्रेनी हमला

जेलेन्स्की हथियारों की मांग लगातार बढ़ाते जा रहे थे। अपनी हारती जा रही फौज और लोगों में व्याप्त निराशा-हताशा को दूर करने और यह दिखाने के लिए कि जेलेन्स्की की हुकूमत रूस पर आक्रमण कर सकती है, इससे साम्राज्यवादी देशों को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए अपने दावे को मजबूत करने के लिए उसने रूसी क्षेत्र पर आक्रमण और कब्जा करने का अभियान चलाया। 

पूंजीपति वर्ग की भूमिका एकदम फालतू हो जानी थी

आज की पुरातन व्यवस्था (पूंजीवादी व्यवस्था) भी भीतर से उसी तरह जर्जर है। इसकी ऊपरी मजबूती के भीतर बिल्कुल दूसरी ही स्थिति बनी हुई है। देखना केवल यह है कि कौन सा धक्का पुरातन व्यवस्था की जर्जर इमारत को ध्वस्त करने की ओर ले जाता है। हां, धक्का लगाने वालों को अपना प्रयास और तेज करना होगा।

राजनीति में बराबरी होगी तथा सामाजिक व आर्थिक जीवन में गैर बराबरी

यह देखना कोई मुश्किल नहीं है कि शोषक और शोषित दोनों पर एक साथ एक व्यक्ति एक मूल्य का उसूल लागू नहीं हो सकता। गुलाम का मूल्य उसके मालिक के बराबर नहीं हो सकता। भूदास का मूल्य सामंत के बराबर नहीं हो सकता। इसी तरह मजदूर का मूल्य पूंजीपति के बराबर नहीं हो सकता। आम तौर पर ही सम्पत्तिविहीन का मूल्य सम्पत्तिवान के बराबर नहीं हो सकता। इसे समाज में इस तरह कहा जाता है कि गरीब अमीर के बराबर नहीं हो सकता।