मणिपुर का वर्तमान देश का भविष्य है !

मणिपुर में पिछले दो महीनों से जो कुछ हो रहा है वह गंभीर और चिंताजनक है। लेकिन उससे भी गंभीर और चिंताजनक है देश की सरकार का रुख। 
    
मणिपर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। लेकिन इसके बावजूद केन्द्र सरकार का रुख कुछ इस तरह का है मानो वहां बस कुछ दंगे-फसाद हो रहे हैं जो समय के साथ बंद हो जायेंगे। इस रुख के दो ही मतलब निकलते हैं। या तो केन्द्र सरकार चाहती है कि मणिपुर में जो कुछ हो रहा है वह होता रहे या फिर जो कुछ हो रहा है उस पर नियंत्रण करने की क्षमता वह खो चुकी है। महज पैंतीस लाख की आबादी वाले प्रदेश में 65 हजार सुरक्षा बलों की तैनाती के बावजूद यदि हालात काबू में नहीं आ रहे हैं तो यह वाकई बहुत गंभीर है। 
    
मणिपुर के वर्तमान हालात बहुत चिंताजनक हैं। पर इससे भी चिंताजनक बात यह है कि यही हालात देश के किसी भी कोने में या फिर पूरे देश में हो सकते हैं। इसकी वजह बहुत साफ है। 
    
मणिपुर के बारे में पूंजीवादी दायरों से भी जितनी खबरें छनकर सामने आ रही हैं उससे यह स्पष्ट है कि मणिपुर के वर्तमान हालात के पीछे हिन्दू फासीवादियों की वही करतूतें हैं जो वे पूरे देश में कर रहे हैं- खासकर 2014 में केन्द्र में सत्तानशीन होने के बाद। उन्होंने न केवल ‘बांटो और राज करो’ को अपना बुनियादी मंत्र बनाया हुआ है बल्कि वे समाज में मौजूद हर दरार को चौड़ा कर रहे हैं। वे समाज में पहले से चले आ रहे पूर्वाग्रहों का इस्तेमाल कर रहे हैं तथा उसे वैमनस्य में बदल रहे हैं। वे जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा सभी आधारों पर समाज को विभाजित कर रहे हैं। 
    
यह बहुत अजीब लगता है कि एक देश, एक भाषा और एक संस्कृति का दम भरने वाले हिन्दू फासीवादी इस तरह से समाज को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के आधार पर विभाजित करें। पर आज उन्हें सत्तानशीन होने के लिए इसके अलावा कोई रास्ता नहीं दीखता। कुछ उदाहरण इसे स्पष्ट करेंगे। 
    
हिन्दू फासीवादी सारे हिन्दुओं को एकजुट करने की बात करते हैं। पर हिन्दुओं को विभाजित करने वाली जाति का उन्होंने जितना बारीकी से इस्तेमाल किया है उतना किसी पूंजीवादी पार्टी ने नहीं किया है। हरियाणा-उत्तर प्रदेश सब जगह इसे देखा जा सकता है। जब से पश्चिम बंगाल में हिन्दू फासीवादियों ने पैठ बनाई है तब से वहां भी इसे देखा जा सकता है।
    
धार्मिक आधार पर विभाजन हिन्दू फासीवादियों की पुरानी रणनीति है। इसमें मुख्य निशाना मुसलमान और ईसाई हो रहे होते हैं। पर जरूरत पड़ने पर सिखों और बौद्धों को निशाना बनाते इन्हें देर नहीं लगती। पंजाब में यह बार-बार देखने को मिला है। दिल्ली में भी यह तब देखने को मिला जब आम आदमी पार्टी के बौद्ध मंत्री को इसलिए इस्तीफा देना पड़ा कि उसने अंबेडकर द्वारा बौद्ध धर्म ग्रहण करते समय ली गई शपथ को एक सभा में फिर पढ़ा। 
    
भाषा के आधार पर विभाजन को संस्कृत को फिर से थोपने, उर्दू को दरकिनार करने तथा दक्षिण भारत में हिन्दी थोपने में देखा जा सकता है। हिन्दू फासीवादियों को पता है कि दक्षिण भारत के लोग हिन्दी थोपे जाने को बर्दाश्त नहीं करेंगे पर इसके जरिये वे उत्तर में गोलबंदी करना चाहते हैं। दक्षिण में उनके पास खोने के लिए ज्यादा नहीं है पर उत्तर में वे इसके जरिये काफी पा सकते हैं। 
    
यही हाल उत्तरी क्षेत्र का भी है। यह उत्तराखण्ड और हरियाणा में हिन्दू फासीवादियों की सरकारें ही हैं जो फैक्टरियों में स्थानीय-बाहरी मजदूर का भेद फैला रही हैं। ये हिन्दू फासीवादी ही हैं जिन्होंने हाल में बिहारी मजदूर बनाम तमिलनाडु का मुद्दा उछाला। 
    
इन सबको करने में हिन्दू फासीवादियों का मकसद होता है किसी भी तरह सत्ता हासिल करना। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वे कुछ भी करने से गुरेज नहीं करते। 
    
पर सामाजिक तौर पर इस तरह की चीजों की अपनी गतियां होती हैं। हिन्दू फासीवादी भले ही यह सोचें कि सत्ता में आने के बाद वे इन विभाजनों को नियंत्रित कर लेंगे तो यह उनकी भूल है। चूंकि साम्प्रदायिक दंगों में ज्यादातर उन्हीं की प्रमुख भूमिका होती रही है इसलिए सत्ता में आने पर वे इस पर काबू रखते थे। पर यह सभी मामलों में और हमेशा नहीं हो सकता। मणिपुर का ताजा उदाहरण यह दिखा रहा है कि एक स्तर के बाद चीजें हाथ से निकल जाती हैं और बेकाबू हो जाती हैं। 
    
एक दिन सारा देश ही मणिपुर न बन जाये इसलिए भी हिन्दू फासीवादियों के खिलाफ संघर्ष जरूरी हो गया है।  

आलेख

बलात्कार की घटनाओं की इतनी विशाल पैमाने पर मौजूदगी की जड़ें पूंजीवादी समाज की संस्कृति में हैं

इस बात को एक बार फिर रेखांकित करना जरूरी है कि पूंजीवादी समाज न केवल इंसानी शरीर और यौन व्यवहार को माल बना देता है बल्कि उसे कानूनी और नैतिक भी बना देता है। पूंजीवादी व्यवस्था में पगे लोगों के लिए यह सहज स्वाभाविक होता है। हां, ये कहते हैं कि किसी भी माल की तरह इसे भी खरीद-बेच के जरिए ही हासिल कर उपभोग करना चाहिए, जोर-जबर्दस्ती से नहीं। कोई अपनी इच्छा से ही अपना माल उपभोग के लिए दे दे तो कोई बात नहीं (आपसी सहमति से यौन व्यवहार)। जैसे पूंजीवाद में किसी भी अन्य माल की चोरी, डकैती या छीना-झपटी गैर-कानूनी या गलत है, वैसे ही इंसानी शरीर व इंसानी यौन-व्यवहार का भी। बस। पूंजीवाद में इस नियम और नैतिकता के हिसाब से आपसी सहमति से यौन व्यभिचार, वेश्यावृत्ति, पोर्नोग्राफी इत्यादि सब जायज हो जाते हैं। बस जोर-जबर्दस्ती नहीं होनी चाहिए। 

तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले

ये तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले। इसी तरह इन कानूनों से न्याय की बोझिल, थकाऊ अमानवीय प्रक्रिया से जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली। न्यायालय में पड़े 4-5 करोड़ लंबित मामलों से भी छुटकारा नहीं मिलने वाला। ये तो बस पुराने कानूनों की नकल होने के साथ उन्हें और क्रूर और दमनकारी बनाने वाले हैं और संविधान में जो सीमित जनवादी और नागरिक अधिकार हासिल हैं ये कानून उसे भी खत्म कर देने वाले हैं।

रूसी क्षेत्र कुर्स्क पर यूक्रेनी हमला

जेलेन्स्की हथियारों की मांग लगातार बढ़ाते जा रहे थे। अपनी हारती जा रही फौज और लोगों में व्याप्त निराशा-हताशा को दूर करने और यह दिखाने के लिए कि जेलेन्स्की की हुकूमत रूस पर आक्रमण कर सकती है, इससे साम्राज्यवादी देशों को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए अपने दावे को मजबूत करने के लिए उसने रूसी क्षेत्र पर आक्रमण और कब्जा करने का अभियान चलाया। 

पूंजीपति वर्ग की भूमिका एकदम फालतू हो जानी थी

आज की पुरातन व्यवस्था (पूंजीवादी व्यवस्था) भी भीतर से उसी तरह जर्जर है। इसकी ऊपरी मजबूती के भीतर बिल्कुल दूसरी ही स्थिति बनी हुई है। देखना केवल यह है कि कौन सा धक्का पुरातन व्यवस्था की जर्जर इमारत को ध्वस्त करने की ओर ले जाता है। हां, धक्का लगाने वालों को अपना प्रयास और तेज करना होगा।

राजनीति में बराबरी होगी तथा सामाजिक व आर्थिक जीवन में गैर बराबरी

यह देखना कोई मुश्किल नहीं है कि शोषक और शोषित दोनों पर एक साथ एक व्यक्ति एक मूल्य का उसूल लागू नहीं हो सकता। गुलाम का मूल्य उसके मालिक के बराबर नहीं हो सकता। भूदास का मूल्य सामंत के बराबर नहीं हो सकता। इसी तरह मजदूर का मूल्य पूंजीपति के बराबर नहीं हो सकता। आम तौर पर ही सम्पत्तिविहीन का मूल्य सम्पत्तिवान के बराबर नहीं हो सकता। इसे समाज में इस तरह कहा जाता है कि गरीब अमीर के बराबर नहीं हो सकता।