आज से सौ साल से भी अधिक समय पहले जबकि पहला विश्व युद्ध (1914-1918) चल रहा था, तब 1917 के अक्टूबर माह में रूस में एक क्रांति हुई थी, जो कि इतिहास में ‘महान अक्टूबर समाजवादी क्रांति’ के नाम से दर्ज है। मजदूरों की बोल्शेविक पार्टी और महान लेनिन के नेतृत्व में सम्पन्न यह क्रांति एक युग परिवर्तनकारी घटना थी क्योंकि इसने मानव इतिहास में एक नये समाजवादी युग की शुरूआत की थी।
इस क्रांति और महान स्टालिन के नेतृत्व में सोवियत समाजवाद की उपलब्धियां आज भी दुनिया को हतप्रभ कर देती हैं। मजदूरों के शोषण की व्यवस्था का अंत, खेती का सामूहिकीकरण, पूरी महिला आबादी को आत्मनिर्भर बना और शिक्षित-प्रशिक्षित कर महिला मुक्ति की राह में उठाये गये बड़े कदम, नशाखोरी और वेश्यावृत्ति जैसी सामाजिक बुराइयों का वैज्ञानिक तरीके से अंत, बेरोजगारी और आर्थिक संकट का खात्मा, दूसरे विश्व युद्ध (1939-1945) के दौरान नाजीवादी दानव हिटलर को पराजित करना, विज्ञान व तकनीक का जबरदस्त विकास और अंतरिक्ष में भेजा गया पहला उपगृह स्पुतनिक इत्यादि सोवियत समाजवाद की मजदूर-मेहनतकश जनता की पहलकदमी, प्रतिभा और सामूहिकता की गाथा है।
इस महान क्रांति की 109 वीं वर्षगांठ पर ‘इंकलाबी मजदूर केंद्र’ द्वारा ‘महान अक्टूबर समाजवादी क्रांति की राह चुनो’ एवं ‘समाजवादी लोकतंत्र की ओर आगे बढ़ो’ शीर्षकों के साथ एक पर्चा जारी किया गया। पर्चे में मजदूर-मेहनतकश जनता के लिये पूंजीवादी लोकतंत्र की असलियत और खोखलेपन को उजागर करने तथा रूसी क्रांति के बाद मजदूर राज के तहत कायम हुये समाजवादी लोकतंत्र को मजदूर-मेहनतकश जनता के लिये वास्तविक लोकतंत्र बताया गया। पर्चे में बताया गया कि सोवियत समाजवाद में न सिर्फ विधायिका अपितु कार्यपालिका के अधिकारियों एवं न्यायपालिका के जजों का भी चुनाव होता था। साथ ही, जन अपेक्षाओं पर खरे न उतरने वाले प्रतिनिधियों को वापस बुलाने का अधिकार भी जनता के पास था।
इसके अलावा पर्चे में भारत में जारी ‘विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को प्रवासी मजदूरों, दलितों और मुसलमानों से मताधिकार और उनकी नागरिकता छीनने का फासीवादी षड्यंत्र बताया गया। पर्चे में आह्वान किया गया कि मजदूर-मेहनतकश जनता को न सिर्फ अपने मताधिकार और नागरिकता की रक्षा हेतु उठ खड़ा होना होगा, अपितु महान अक्टूबर क्रांति की मशाल को रौशन करते हुये समाजवादी लोकतंत्र की ओर बढ़ना होगा।
‘इंकलाबी मजदूर केंद्र’ की विभिन्न टीमों द्वारा इस पर्चे के साथ मजदूरों के बीच नुक्कड़ सभायें करते हुये अभियान चलाया गया एवं अक्टूबर क्रांति दिवस पर बिरादर संगठनों के साथ मिलकर कई कार्यक्रम भी किये गये। इनमें दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के बीच सभा, फरीदाबाद में दो स्थानों पर प्रभात फेरियां, काशीपुर में परिचर्चा तथा बलिया में जाॅन रीड द्वारा लिखित पुस्तक ‘दस दिन जब दुनिया हिल उठी’ पर इसी नाम से बनी सेर्गई आईजेंस्टाइन द्वारा निर्देशित फिल्म का प्रदर्शन इत्यादि प्रमुख रहे।
-विशेष संवाददाता