दिल्ली से गुजरात तक : आग से मरते मजदूर-मेहनतकश

दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र, नरेला औद्योगिक क्षेत्र व हरियाणा के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में मई महीने में लगातार आग लगने की घटनाएं होती रहीं और कथित लोकतंत्र का पर्व जारी रहा। ये औद्योगिक इलाके बिल्कुल आस-पास हैं। बवाना व नरेला औद्योगिक क्षेत्र में छोटे पैमाने की कंपनियां हैं। इन औद्योगिक इलाकों में श्रम कानून नहीं लागू होते हैं। लाखों मजदूर गुलामी की जिंदगी जीने के लिए मजबूर हैं। यहां न्यूनतम वेतन कम मिलता है। हालात दयनीय हैं। मजदूरों को ईएसआई-पीएफ नहीं मिलता है न ही बोनस मिलता है और डबल ओवर टाइम का तो नामोनिशां तक नहीं है। जहां एक हेल्पर को 12 घंटे का वेतन 35,000 रु. मिलना चाहिए, वहां एक हेल्पर से 11,000-12,000 रुपए में काम करवाया जाता है। यहां ज्यादातर मजदूर उ.प्र.-बिहार से आते हैं। मजदूरों में एकजुटता का अहसास कम होने के कारण वे संगठित नहीं हो पा रहे हैं। बवाना व नरेला औद्योगिक क्षेत्र में यूनियनें नहीं हैं और ज्यादातर मजदूर असंगठित मजदूर के तौर पर काम करते हैं।
    
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र, नरेला औद्योगिक क्षेत्र से लगता हुआ क्षेत्र है। यहां भी श्रम कानूनों की यही स्थिति है। 
    
12 मई 2024 को बवाना औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 1 के ए ब्लाक में थ्-281 प्लाट में आग लगी। केमिकल में आग लगने के कारण एक जोरदार धमाका हुआ जिससे दरवाजा उखड़ कर दूर जा गिरा। इसमें चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए जिसमें से तीन मजदूर झुलस गए थे जिनकी हालत गंभीर थी। इन झुलसे हुए तीन मजदूरों में से एक मजदूर मस्तराम (20 साल) को होश नहीं आया और उसने 5-6 दिन बाद दम तोड़ दिया। हालांकि आस-पास के लोग ज्यादा मौतें होने की बात कह रहे थे लेकिन उसके कोई सबूत नहीं मिले। ज्यादातर मजदूर उ.प्र. के भदोही इलाके के रहने वाले थे। 
    
15 मई 2024 को रात 11ः00 के करीब कुंडली गांव स्थित दहिया कालोनी में स्थित श्री गणेश  कथा फैक्टरी में बायलर फटने के कारण एक बड़ा हादसा हुआ जिसमें पांच मजदूरों की मृत्यु हो गई और 40 से 50 मजदूर घायल हो गए जिसमें से कुछ कंपनी के अंदर घायल हुए और कुछ कंपनी के बगल में स्थित मकान में सो रहे मजदूर दीवार गिरने से उसके नीचे दब गए और काफी मजदूरों को गंभीर चोटें आई। 
    
17 मई 2024 को बवाना औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 1 के व् ब्लाक के प्लाट नंबर 252 में जूता फैक्टरी में आग लग गई। यहां किसी मजदूर के हताहत होने की खबर नहीं है। 
    
मई महीने में ही नरेला के भंवरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र की एक प्लास्टिक दाना फैक्टरी में आग लग गई और इस फैक्टरी में आग बुझाने में चार-पांच दिन का समय लगा। 
       
इसके बाद दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक चाइल्ड केयर सेंटर में आग लगने से सात आठ नवजात बच्चों की मृत्यु हो गई। कई अन्य जगह भी आग लगने की सूचनाएं मिलीं।
    
राजकोट (गुजरात) के गेम जोन में लगी आग से 30 से अधिक लोग मारे गये। उच्च न्यायालय तक को इसे ‘मानव निर्मित आपदा’ की संज्ञा देनी पड़ी। गौरतलब है कि यह गेम जोन नगर निगम के अधिकारियों की आंखों के सामने बगैर फायर विभाग की स्वीकृति लिये चल रहा था। यहां तक कि नगर आयुक्त द्वारा इसका उद्घाटन किया गया था। कोर्ट की फटकार के बाद सरकार ने नगर आयुक्त व पुलिस आयुक्त को पद से हटा व कुछ अधिकारियों को निलम्बित कर अपना कर्तव्य पूरा कर लिया। कार्यवाही का नाटक पूरा कर अगली आग का इंतजार शुरू हो गया है। चूंकि यहां मारे गये लोग मध्य वर्ग के थे इसलिए कोर्ट से लेकर सरकार तक कुछ दिखावटी कार्यवाही-मुआवजे को मजबूर होते। अगर ये फैक्टरियों के मजदूर होते तो खबर भी बाहर नहीं आ पाती। 
    
हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस लोकतंत्र का आम चुनाव जारी है। इस आम चुनाव के बीच में ये सब घटनाएं हुईं। ज्यादातर  मीडिया ने फैक्टरियों में आग-विस्फोट की खबरों को जगह नहीं दी। और न ही घायल व मृत मजदूरों के लिए कोई मुआवजे की घोषणा हुई। इस कथित लोकतंत्र की राज्य मशीनरी चुनाव के ढकोसले में व्यस्त थी। थाने और अस्पताल के चक्कर लगाने पर कोई भी सूचना देने को तैयार नहीं था। भारत की राज्य मशीनरी लगातार तानाशाह प्रवृत्ति की तरफ आगे बढ़ रही है। आम नागरिकों को सूचना तक नहीं दी जाती हैं और पूंजीपति वर्ग पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। अगर किसी घटना में कोई पूंजीपति मर जाता है तो दर्जनों मजदूरों को आजीवन कारावास सुना दिया जाता है। यह सबने मारुति मानेसर के घटनाक्रम में देखा होगा। 
    
पूंजीपति वर्ग की तानाशाही जारी है। मजदूर वर्ग गुलामी की अवस्था में जी रहा है फिर भी उसको लोकतंत्र का पर्व मनाने के लिए बरगलाया जा रहा है। देश में बड़ी एकाधिकारी पूंजी लगातार देश के संसाधनों पर कब्जा करती जा रही है और सारे श्रम कानूनों को ताक पर रखकर काम कर रही है। जिसके कारण आग लगने की घटनाएं व औद्योगिक दुर्घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बवाना और नरेला औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था नदारद है। मजदूर बेमौत मारे जा रहे हैं, पूंजीवादी लोकतंत्र मजदूरों की हर रोज हत्यायें कर रहा है फिर भी लोकतंत्र का पर्व जारी है।

आलेख

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो। 

/gazapatti-mein-phauri-yudha-viraam-aur-philistin-ki-ajaadi-kaa-sawal

ट्रम्प द्वारा फिलिस्तीनियों को गाजापट्टी से हटाकर किसी अन्य देश में बसाने की योजना अमरीकी साम्राज्यवादियों की पुरानी योजना ही है। गाजापट्टी से सटे पूर्वी भूमध्यसागर में तेल और गैस का बड़ा भण्डार है। अमरीकी साम्राज्यवादियों, इजरायली यहूदी नस्लवादी शासकों और अमरीकी बहुराष्ट्रीय कम्पनियों की निगाह इस विशाल तेल और गैस के साधन स्रोतों पर कब्जा करने की है। यदि गाजापट्टी पर फिलिस्तीनी लोग रहते हैं और उनका शासन रहता है तो इस विशाल तेल व गैस भण्डार के वे ही मालिक होंगे। इसलिए उन्हें हटाना इन साम्राज्यवादियों के लिए जरूरी है। 

/apane-desh-ko-phir-mahan-banaao

आज भी सं.रा.अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक और सामरिक ताकत है। दुनिया भर में उसके सैनिक अड्डे हैं। दुनिया के वित्तीय तंत्र और इंटरनेट पर उसका नियंत्रण है। आधुनिक तकनीक के नये क्षेत्र (संचार, सूचना प्रौद्योगिकी, ए आई, बायो-तकनीक, इत्यादि) में उसी का वर्चस्व है। पर इस सबके बावजूद सापेक्षिक तौर पर उसकी हैसियत 1970 वाली नहीं है या वह नहीं है जो उसने क्षणिक तौर पर 1990-95 में हासिल कर ली थी। इससे अमरीकी साम्राज्यवादी बेचैन हैं। खासकर वे इसलिए बेचैन हैं कि यदि चीन इसी तरह आगे बढ़ता रहा तो वह इस सदी के मध्य तक अमेरिका को पीछे छोड़ देगा।