अपनी ही मूर्ति -राजेन्द्र यादव

Published
Mon, 11/16/2026 - 15:50
/apani-hi-murti-rajendra-yadav

लघु कथा

वे उस मूर्ति के सामने खड़े थे। मूर्ति स्वयं उनकी अपनी थी।
    
कल इस मूर्ति को शहर के सबसे बड़े और व्यस्त चैराहे के बीच ऊंचे आधार/स्तम्भ पर प्रतिष्ठित किया जाएगा- क्रेनों की मदद से। स्वयं मूर्ति भी बीस फीट से कम क्या होगी। वे बड़ी मुश्किल से उसके घुटनों तक पहुंच पाते थे। हां, उसकी संपूर्ण गरिमा को दूर खड़े होकर ही देखा जा सकता था। दुनिया के बेहतरीन पत्थर के एक बड़े ब्लाॅक को तराशकर उसे निकाला गया था- देश के सबसे बड़े शिल्पी द्वारा। उनके इशारे पर बड़े-बड़े पूंजीपतियों ने करोड़ों रुपए इस मूर्तिनिधि में दिए थे। अगर वे स्वयं इस मूर्ति में इतनी दिलचस्पी न लेते तो सचमुच यह प्रतिमा इतनी भव्य नहीं बन सकती थी। वे प्रसन्न थे।
    
दूर से उन्होंने मूर्ति को देखा था- चेहरे पर संकल्प, निष्ठा और त्याग का दिव्य तेज, वस्त्रों में सादगी और सुरुचि, खड़े होने की मुद्रा में अभिजात्य, विनम्रता की लय...आंखों का भाव इस तरह का कि किसी भी कोण से देखो, लगता था वह सिर्फ आपको ही मुखातिब हैं। देखकर स्वयं श्रद्धा से सिर झुकाने को मन करता। उन्हें लगता ही नहीं था कि उनकी अपनी मूर्ति है। लगता, जैसे वह कोई दूसरा है, बहुत दूर, बहुत बड़ा और बहुत महान..जब वे खुद विश्वास नहीं कर पा रहे तो क्या दूसरे लोग या आने वाली पीढ़ियां विश्वास करेंगी कि ऐसा महान ओर मानवोपरि इंसान सचमुच इस दुनिया में कभी रहा होगा।
    
स्वयं अपने जीते जी अपनी ही मूर्ति लगाई जाए और उसका अनावरण भी वे ही करें, यह बात कहीं भीतर उन्हें भी अनुचित लग रही थी, मगर फिर मन को समझा लिया कि दुनिया के अनेक देशों में ऐसी परम्पराएं रही हैं। दक्षिण भारत में विशेषकर तमिलनाडु में तो अनेक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं की मूर्तियां उनके जीवन काल में ही लगीं और स्वयं उन्होंने उन प्रतिमाओं का अनावरण किया। इसमें अशोभनीय कुछ नहीं है।
    
जिस क्षण से इस मूर्ति को उनके बड़े से लाॅन में रखा गया था, तभी से वे एक अजीब रोमांच अनुभव कर रहे थे। दिन में, अनेक लोगों के सामने तो उन्होंने उदासीनता और तटस्थता का भाव बनाए रखा, मगर अब रात में इस अभिनय को साधे रखना असंभव हो गया। आधी रात को वे दबे पांव निकले और पहले तो आड़ में खड़े होकर दूर से ही मूर्ति को मुग्ध-भाव से देखते रहे। उन्हें खुद याद नहीं कि वे कब खिंचे हुए से मूर्ति के ठीक नीचे आ खड़े हुए और ऊपर टकटकी लगाए देखते रहे...फिर उन्होंने हाथ ऊंचा करके उसको छूने की कोशिश की, सचमुच बहुत उचक कर ही घुटनों को छुआ जा सकता था। छूने पर महसूस हुआ कि पत्थर बहुत ठोस, सख्त और भारी है। वे घुटनों पर हाथ फेरते रहे।
    
वजन और घनत्व का अंदाजा लगाने के लिए उन्होंने हाथ लगाकर जोर लगाया। हिलने या कहीं भी डगमगाने का कोई सवाल ही नहीं था। उन्होंने दोनों हाथों से जोर लगाकर हिलाने की कोशिश की। जब इन अनमनी कोशिशों से कुछ नहीं हुआ तो भीतर चुनौती जैसा अहसास जागने लगा और वे सचमुच जोर आजमाने लगे। कब यह कोशिश एक जुनूनी जिद में बदल गई, उन्हें नहीं मालूम। वे पागलों की तरह दोनों हाथों से मूर्ति को आगे-पीछे हिलाने की कोशिश में जुटे थे। उन्हें लगा, मूर्ति कुछ हिली।
    
सुबह लोगों को गिरी हुई मूर्ति के नीचे दबा उनका शरीर निकालने के लिए क्रेनों की सहायता लेनी पड़ी।    (साभार: गद्य कोश)

आलेख

/satta-parivartan-vyavastha-parivartan-v-chunav-sanvidhan

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चली विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर) की प्रक्रिया ने भारतीय चुनावों की निष्पक्षता-पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिये हैं। इसके ख

/punjipati-varg-and-bhukhamari-ki-politics

अब संघी सरकार एक कदम और आगे चली गई है। उसने इस सारे झमेले से बचने के लिए भुखमरी की रेखा तय करने से ही पल्ला झाड़ लिया। भुखमरी की रेखा नहीं होगी तो यह सवाल भी नहीं होगा कि कितने लोग उससे ऊपर हैं और कितने नीचे। बाकी विश्व बैंक जैसी संस्थाएं हैं हीं जिनका छुट्टे पूंजीवाद को जायज ठहराने में निहित स्वार्थ है।

/tripartie-vartaa-shah-aur-maat-ka-khel

अभी तक, अमरीकी और यूरोपीय साम्राज्यवादी रूस के विरुद्ध यूक्रेन की मदद करते रहे हैं। लेकिन अब अमरीकी साम्राज्यवादी इस मदद में कमी कर रहे हैं। यूरोपीय साम्राज्यवादियों की मौजूदा स्थिति खराब है। खुद अमरीकी साम्राज्यवादी गिरावट की ओर हैं। ऐसी स्थिति में अपने वैश्विक प्रभाव को बचाये रखने के लिए ट्रम्प रूसी साम्राज्यवादियों के सामने रियायतें देने की पहल ले रहे हैं।

/peace-bond-vishesh-karyakari-majistrate-v-shakti-prathakkaran-siddhant

शक्तियों के पृथक्करण का सिद्धान्त यह मत प्रस्तावित करता है कि लोगों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता को कायम रखने के लिए जरूरी है कि कार्यपालिका-विधायिका व न्यायपालिका परस्पर स्वतंत्र हों। अगर कार्यपालिका किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन करना चाहे तो न्यायपालिका उसे रोक दे। फ्रांसीसी दार्शनिक मांतेस्क्यू को इस शक्ति पृथक्करण के सिद्धान्त का मूल प्रस्तावक माना जाता है।

/regime-change-or-vyavastha-parivartan

पूंजीवादी जनतंत्रों में चुनाव ‘सेफ्टी बाल्व’ का काम करता है। बदहाल और दुःखी परेशान लोग नयी सरकार को चुन उम्मीद करते हैं कि उनकी जिन्दगी में शायद बेहतरी हो जाये। अमरीका जैसे देश में तो इसी वजह से दोनों प्रमुख पार्टियां बारी-बारी से सत्ता में आती रहती हैं। चुनाव के जरिये सरकारें बदलती रहती हैं और पूंजीवादी व्यवस्था बदस्तूर चलती रहती है। मजदूर-मेहनतकश जनता बेहतरी की मृग मरीचिका में जीती रहती है।