उधमसिंह हमारे देश के अविस्मरणीय क्रांतिकारी थे जिन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के लिये सीधे तौर पर जिम्मेदार पंजाब के तत्कालीन गवर्नर जनरल ओ’डवायर को लंदन के एक सभागार में सरेआम गोली से उड़ा दिया था। ब्रिटिश उपनिवेशवादियों को दी गई इस चुनौती, जिसने उन्हें हिलाकर रख दिया था, के बाद अंग्रेजों ने एक मुकदमे के नाटक के उपरान्त 31 जुलाई, 1940 को लंदन में ही उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया था। भगतसिंह को अपना आदर्श मानने वाले उधमसिंह के शहादत दिवस पर क्रांतिकारी संगठन उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और मजदूर-मेहनतकशों का राज कायम करने के उनके सपने को पूरा करने हेतु क्रांतिकारी संघर्ष जारी रखने का संकल्प लेते हैं।
रुद्रपुर में 31 जुलाई को उधमसिंह के शहादत दिवस पर इंकलाबी मजदूर केंद्र और क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन द्वारा सिडकुल ढाल (परशुराम चौक) पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें इंटरार्क मजदूर संगठन (पंतनगर) और डाल्फिन मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की। इस दौरान हुई सभा में वक्तओं ने कहा कि जब सांप्रदायिक ताकतें हिंदू-मुसलमान के नाम पर सांप्रदायिक दंगे करवा कर आजादी की लड़ाई को कमजोर कर रही थीं तब इससे क्षुब्ध उधमसिंह ने हिंदू-मुस्लिम और सिख अर्थात देश के तीनों प्रमुख धर्मों की एकता के प्रतीक के रूप में अपना नाम बदलकर ‘राम मोहम्मद सिंह आजाद’ रख लिया था।
सिडकुल (रुद्रपुर-पंतनगर) में यजाकि वर्कर्स यूनियन द्वारा कंपनी गेट पर शहीद उधमसिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पंतनगर में इस अवसर पर इंकलाबी मजदूर केंद्र और ठेका मजदूर कल्याण समिति द्वारा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा कर शहीद उधमसिंह को याद किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनकी क्रांतिकारी विरासत को याद करते हुये कहा कि आज देश में जनता के मूलभूत अधिकारों को भी छीना जा रहा है और फासीवादी तानाशाही कायम करने की कोशिश की जा रही है।
रामनगर में इस अवसर पर ‘‘सरदार उधम’’ फिल्म का प्रदर्शन किया गया जिसमें इंकलाबी मजदूर केंद्र, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र और परिवर्तनकामी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
कालाढूंगी में इस अवसर पर क्रांतिकारी किसान मंच द्वारा शहीद उधमसिंह की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि आज सरकारें मेहनतकश जनता के अधिकार छीन रही हैं और जनता को जाति-धर्म के नाम पर लड़ा रही हैं।
काशीपुर में उधमसिंह के शहादत दिवस पर इंकलाबी मजदूर केंद्र और क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि साम्राज्यवाद आज भी दुनिया में कत्लेआम मचा रहा है। अमेरिकी साम्राज्यवाद की शह पर इजराइल गाजा में बमबारी कर न सिर्फ नरसंहार रच रहा है अपितु लोगों को भूख से तड़पा-तड़पा कर भी मार रहा है।
जसपुर में उधमसिंह के शहादत दिवस पर क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन और प्रगतिशील महिला एकता केंद्र द्वारा निवारमंडी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि आज फासीवादी ताकतों का मुकाबला करने के लिये उधमसिंह जैसे क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
लालकुआं-बिंदुखत्ता में उधमसिंह के शहादत दिवस पर इंकलाबी मजदूर केंद्र और प्रगतिशील महिला एकता केंद्र द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उधमसिंह के क्रांतिकारी जीवन और विचारों पर चर्चा की गई।
हल्द्वानी में इस अवसर पर परिवर्तनकामी छात्र संगठन द्वारा एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि इतिहास में शहीद उधमसिंह जैसे स्पष्टवादी और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित क्रांतिकारी विरले ही मिलते हैं।
हरिद्वार में इस अवसर पर इंकलाबी मजदूर केंद्र, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र और क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीद उधमसिंह के विचारों पर चलने का संकल्प लिया गया।
बरेली में उधमसिंह के शहादत दिवस पर काकोरी शहीद यादगार कमेटी के तत्वाधान में ‘‘शहीद उधमसिंह और काकोरी ट्रेन एक्शन के सौ साल’’ विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने शहीद उधमसिंह के क्रांतिकारी जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि आज केंद्र की मोदी सरकार लगातार फासीवादी एजेंडे को आगे बढ़ा रही है। मजदूरों को यूनियन बनाने के अधिकार से भी वंचित किया जा रहा है। अपने हक-अधिकारों के लिये आवाज उठाने पर फर्जी मुकदमे लगा दिये जा रहे हैं। विचार गोष्ठी में क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन, इंकलाबी मजदूर केंद्र, परिवर्तनकामी छात्र संगठन, पीयूसीएल, उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन, आटो रिक्शा चालक वेलफेयर एसोसिएशन, प्रगतिशील सांस्कृतिक मंच, मजदूर मंडल, एआईएलयू और क्रांतिकारी किसान मंच इत्यादि के कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
बलिया में इस अवसर पर क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन और इंकलाबी मजदूर केंद्र द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीद उधमसिंह का शहादत दिवस मनाया गया।
कुरुक्षेत्र में जन संघर्ष मंच, हरियाणा द्वारा नया बस अड्डा से शहीद उधमसिंह की प्रतिमा तक जुलूस निकाला गया और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
-विशेष संवाददाता