प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2023 में मीरा मांझी के घर गए। चाय पी। उज्जवला योजना की 10 करोड़वीं लाभार्थी होने पर बधाई दी। सरकार से मदद का आश्वासन दिया। मीरा सरयू तट पर फूल बेचती थीं तो पति सूरज कुमार मांझी मजदूरी करते थे। कई चक्कर काटने के बाद उनके पति को नाव बनवाने के लिए कर्ज मिला, मदद या अनुदान नहीं। अब काम न चल पाने के कारण कर्ज न चुका पाने पर मीरा और उनका परिवार कर्जदारों से परेशान है। नरेंद्र मोदी को पिलाई जिस चाय से मीरा परिवार की सुख-समृद्धि की उम्मीद पाले थी, उसने कर्जदार बना दिया।
नरेंद्र मोदी के विज्ञापन, इवेंट के जरिए अपनी छवि चमकाने के तरीकों को पूरा देश जानता है। विज्ञापन से छवि चमकाने का यह रोग कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी लग गया है। पुष्कर धामी, योगी आदित्यनाथ, मोहन यादव, हिमंता बिस्वा सरमा से लेकर कई अन्य के हजारों करोड़ रुपए विज्ञापन खर्च की रिपोर्टें हैं। लेकिन नरेंद्र मोदी का तरीका ही निराला है।
नरेंद्र मोदी 2023 में अयोध्या गए। वे मीरा मांझी के घर गए। अपने चाय बेचने की कहानी दोहराई। मीरा के हाथ की चाय पी। बेचारी मीरा ने वह कप अपने मंदिर में देवताओं की तस्वीर-मूर्ति के साथ रख दिया। अनजाने में शायद मीरा ‘भगवान भरोसे’ थी। मीरा ने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की मोदी से प्रार्थना कर दी। मोदी ने मदद का भरोसा दिया और चले गए। मीडिया में छवि चमकती रही। अधिकारी, बैंक कर्मी आए और परिवार को नाव और फूल बेचने के लिए दुकान का वायदा किया। मीरा भी ‘अच्छे दिनों’ के भरोसे थी। ‘अच्छे दिन’ खुद नहीं आए तो उसने अधिकारियों के चक्कर लगाए।
अधिकारियों ने एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय) से संचालित ‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम’ के तहत 2,61,250 रुपए और 23,750 रुपये की दो बार मदद की। बाद में नाव की मरम्मत के लिए 25,000 रु. और दिए। यह किए गए वायदे के अनुसार मदद न होकर, कर्ज था। इसका पता मीरा और सूरज को बाद में हुआ। बल्कि सरयू तट पर मीरा को फूल बेचने की जगह के लिए 5,000 रुपये की रिश्वत भी देनी पड़ी। राम मंदिर में चंदा चोरी की घटना के बाद मंदिर में लोगों का आना कम हो गया तो फूलों की बिक्री प्रभावित हुई। पहले भी ये बहुत अच्छी नहीं थी। सूरज का नाव का कारोबार सरयू में क्रूज और मोटर बोट के चलते खास नहीं चला। साथ ही नदी में बाढ़ या पानी कम होने के कारण नाव से कमाई नहीं हो सकी। सूरज-मीरा बैंक का 2,04,616 रुपए कर्ज नहीं लौटा पाए, नोटिस मिला। कर्ज वसूली के लिए उनके परिवार पर दबाव डाला गया। 28 अक्टूबर को अपनी आप बीती के साथ मीरा ने प्रेस कान्फ्रेंस की। यह भी अनोखी बात है कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री होकर 13 साल में प्रेस कान्फ्रेंस नहीं की लेकिन मीरा ने 3 साल में ही कर दी। सारी प्रगति रिपोर्ट साझा कर दी। इसके बाद सपा के एक नेता पवन पांडे ने 50,000 रुपये दिए। भाजपा के मेयर गिरीशपति त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनवाने, सरकारी योजनाओं का एहसान गिनाते हुए 60,000 रुपये दिए। लोन के मामले में अधिकारी और सरकार कुछ नहीं कर सकते और ‘समाज’ से ही मदद मिलने की उम्मीद करने की नसीहत दी।
सभी को यह समझने की जरूरत है कि बड़े पूंजीपतियों का लोन एनपीए में डालने और मीरा-सूरज का लोन एनपीए में डालने का एक ही परिणाम नहीं होता। पूंजीपति मुक्त हो जाता है और मीरा-सूरज के पास वसूली वाले धमकाने आने लगते हैं। मोदी किसी अडाणी के जहाज से प्रधानमंत्री की शपथ लेने जाएं और मीरा के हाथ की चाय पिएं तो भी नतीजे अलग होंगे। मोदी जी! जब आप खुद चाय बना सकते हैं तो कृपया किसी की चाय पीकर मदद न किया करें। आत्मनिर्भर बनें! आप जब कुछ नहीं करते हैं तब तो लोगों को शिकायत होती ही है। पर जब आप कुछ करते हैं तो उससे और ज्यादा शिकायत होती है। ऐसी जिम्मेदारी से तो भला है कि आप इस बोझ से अपने आप को मुक्त करें और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दें।
-एक पाठक, हल्द्वानी