आसमान छूती महंगाई ने भारत के मजदूरों व अन्य मेहनतकशों के जीवन को और भी बदहाल बना दिया। पिछले 12 महीनों से खाद्य वस्तुओं व ईंधन-गैस के दाम कमोबेश हर माह बढ़ते ही गये हैं। कुछेक वस्तुओं के दाम तो उच्च स्तर पर बने हुए हैं। खाद्य पदार्थों (आटा, चावल, तेल, चीनी) व सब्जियों के दाम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। आटा, चावल, तेल, चीनी, प्याज व मसालों के बढ़ते दामों ने मजदूर-मेहनतकशों की नाक में दम कर दिया है। पेट्रोल तो हर जगह सौ रुपये प्रति लीटर के पार जा चुका है।
बढ़ती महंगाई ने मजदूर-मेहनतकशों की कमाई व बचत को लील लिया है। मजदूरों की कमाई बढ़ती महंगाई के साथ-साथ और अधिक गिरती जा रही है। वैसे भी वर्षों से औद्योगिक मजदूरों से लेकर खेत मजदूरों के वेतन व मजदूरी में या तो कोई वृद्धि नहीं हुयी है या फिर जो कुछ वेतन-मजदूरी बढ़ी भी है वह बढ़ती जाती महंगाई के सामने नाममात्र की ही साबित हुयी है।
12 वर्ष पहले सत्ता में आने से पहले मोदी ने महंगाई के खिलाफ बहुत बातें कीं और नारे उछाले थे। परन्तु आज मोदी एण्ड कम्पनी के मुंह पर महंगाई के नाम पर ताला लगा हुआ है। जिस दौरान मजदूर-मेहनतकशों का जीवन पहले से और बदहाल होता गया है ठीक उसी दौरान देशी-विदेशी पूंजीपतियों के मुनाफे व सम्पत्ति दिनों दिन बढ़ती गयी है। और यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की दौलत व सम्पत्ति भी बढ़ती गयी है। पूरे देश में भाजपा व संघ ने करोड़ों-अरबों रुपये के दफ्तर खोल डाले हैं।
इस वर्ष के अप्रैल-मई माह में मजदूरों-मेहनतकशों को सड़कों पर इसलिए उतरना पड़ा था कि गैस के दामों में हुयी अभूतपूर्व वृद्धि व महंगाई से उनके लिए हालात नाकाबिले बर्दाश्त हो चुके थे। यदि समय रहते मोदी सरकार नहीं चेती तो बहुत स्वाभाविक है कि फिर वैसे ही नजारे आने वाले दिनों में देखने को मिलेंगे।