अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में बददिमाग, बड़बोले, धूर्त ट्रम्प की पार्टी की करारी हार हुयी है। यह हार जितनी बड़ी ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी की है उससे बड़ी हार डोनाल्ड ट्रम्प की है। अमेरिकी जनता ने ट्रम्प को अच्छा सबक सिखाया। ट्रम्प की पार्टी की हार को ट्रम्प की हार इसलिए भी कहा जा रहा है क्योंकि पूरा चुनाव ट्रम्प ने अपने इर्द-गिर्द केन्द्रित करवाया था। हर जगह, हर वक्त वह अपने आपको ही पेश कर रहा था।
ट्रम्प की पार्टी की हार पर पूरे अमेरिका में जगह-जगह जश्न मनाया गया। हर कोई मान रहा था यह ट्रम्प की हार है। मानो अब वह राष्ट्रपति नहीं रह गया है।
मध्यावधि चुनाव में ट्रम्प की पार्टी की हार का नतीजा यह निकला कि अमेरिका के राष्ट्रपति भवन को एक अधिकारिक बयान जारी करना पड़ा कि ‘‘जनता के लिए सूचना: ट्रम्प अब भी आपके राष्ट्रपति हैं’’।
यह सूचना जारी करना अपने आप में इस बात का प्रमाण है कि पूरी अमेरिकी जनता ने इस चुनाव को किस रूप में लिया। अमेरिका में ऐसा माहौल बना मानो ट्रम्प ही सत्ताच्युत हो गया है। और जिस तरह अमेरिकी जनता ने ट्रम्प की हार को लिया ठीक उसी तरह पूरी दुनिया ने लिया। और क्योंकि पूरी दुनिया की नजर अमेरिका के मध्यावधि चुनाव पर थी इसलिए ट्रम्प की पार्टी की करारी हार से पूरी दुनिया के आम लोगों ने खुशी और राहत महसूस की है।
ट्रम्प की पार्टी की जबरदस्त हार के बाद अमेरिकी संसद में डेमोक्रेट्स का बहुमत हो गया। अमेरिकी संसद के सीनेट की 100 सीटों में से 54 डेमोक्रेट्स व रिपब्लिकन के पास 44, हाउस आफ रिप्रजेन्टिव की 435 में से 229 डेमोक्रेट तथा 139 रिपब्लिकन के पास होंगी। इसी तरह अमेरिका के कुल राज्यों में भी डेमोक्रेट्स का दबदबा हो गया है (डेमो.ः 28, रिप.ः 20)।
ट्रम्प और उसकी पार्टी की हार के बाद सत्तारूढ़ दल में काफी सिर-फुटौव्वल शुरू हो गयी है। भावी राष्ट्रपति बनने के सपने पालने वाला वर्तमान उप राष्ट्रपति जे डी बैंस खुलेआम मैदान में उतर कर कह रहा है ‘‘हमारी हार की वजह युद्ध है’’। जे डी बैंस यह बोल रहा है तो ठीक ही बोल रहा है। और फिर इसकी कीमत बेंस को चुकानी पड़ी। ट्रम्प ने बेेंस को ईरान वाले मामले से अलग कर दिया और कह दिया कि वे देश के भीतर ज्यादा ध्यान दें।
अपने आपको बार-बार शांति के नोबेल पुरूस्कार का हकदार बताने वाला, और राष्ट्रपति चुनाव से पहले अमेरिका में महंगाई को कम करने, समृद्धि लाने और अमेरिका को पुनः महान (मागा) बनाने वाले ट्रम्प ने ईरान पर हमला करके पूरी दुनिया को जोखिम में डाल दिया। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के समय महंगाई चरम पर थी। बेरोजगारी काफी बढ़ी हुयी है। पूरे अमेरिका में ट्रम्प के खिलाफ ‘नो किंग्स’ आंदोलन चल रहा था। ईरान के मामले में ट्रम्प की हालत उस कहावत सरीखी हो गयी है ‘चैबे जी बनने चले थे छब्बे जी पर रह गये दुबे जी’।
लेकिन मध्यावधि चुनाव में हार के बाद भी ट्रम्प का न तो बड़बोलापन और न सनकीपन कम हुआ है। रस्सी तो जल गयी है पर बल कम नहीं हुआ है।