नया वर्ष

नये वर्ष की पूर्व संध्या पर जश्न का माहौल होता है। जश्न मनाने वालों में वैसे तो सभी वर्ग-तबके के लोग होते हैं परन्तु पूंजीपतियों व उच्च मध्यमवर्गीय लोगों के लिए तो यह संध्या खास ही होती है। बीता वर्ष भी उन्हें खुशी दे गया होता है और आने वाला वर्ष उन्हें अपनी दौलत में इजाफे की नयी संभावना वाला लगता है। पूंजीवादी समाज में इस संध्या-रात्रि ने त्यौहार का सा दर्जा हासिल कर लिया है। चमक-दमक से भरा आधुनिक उपभोक्तावादी त्यौहार। ढोंग, पाखण्ड, बनावटीपन और औपचारिकता से सजा यह त्यौहार उन लोगों में उन्माद पैदा कर देता है जो इन चीजों में ही जीने के आदी हैं।

मजदूर, किसानों सहित अन्य मेहनतकशों के लिए इस त्यौहार का क्या कोई महत्व है? यह गैरों का त्यौहार है। इसकी भौंड़ी नकल भी उनके लिए भारी पड़ जाती है। पूंजीवादी संस्कृति उनकी जेबों को और खाली और आत्मा को और पंगु बना देती है। मजदूर-मेहनतकश ‘पूंजीवादी समाज’ में किस चीज का जश्न मनायें? अपने शोषण का, गरीबी का, बेरोजगारी का, महंगाई का या फिर बढ़ते अपराधों का?

वर्ष 2013 ने उन्हें ऐसा क्या दिया जिसके लिए वे किसी का शुक्र अदा करें। ऐसा क्या था इस वर्ष में जिससे उनके जीवन में रौनक आयी हो और वर्ष 2014 से वे ऐसी क्या उम्मीदें पालें जो पूरी होंगीं। बीते वर्ष ने भी उन्हें जख्म दिये और नया साल और बड़े जख्म देने को तैयार बैठा है। जश्न मनाने वालों की बात और है। वे 2013 से भी ज्यादा दौलत बटोरने का मंसूबा 2014 में बांध रहे हैं।

भारत के मजदूरों व मेहनतकशों के लिए वर्ष 2013 कैसा रहा। मारुति के मजदूर जेल में ही बंद हैं। हरियाणा की सरकार का दमनचक्र और न्याय का पाखण्ड जारी है। पूरे देश में सैकड़ों की संख्या में मजदूर इस वर्ष फैक्टरियों में काम के दौरान मारे गये। कर्ज में डूबे किसानों की आत्महत्या का सिलसिला जारी है। बेरोजगार युवा स्थान-स्थान पर पुलिस की लाठियां खाते रहे। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते गये। नाजुक बचपन पूंजीवादी समाज के बहशीपन का शिकार होता रहा। 2012 के मुकाबले 2013 में साम्प्रदायिक दंगों की संख्या बढ़ गयी। दलित, आदिवासियों के साथ अपमान व हिंसा की अनगिनत घटनाएं घटीं।

वर्ग सचेत मजदूर 2013 को याद करेगा तो ऐसी ही बातें उसके जेहन में आयेंगी।

2014 से क्या उम्मीद पाली जायेगी? यह वर्ष भारत के समकालीन इतिहास में अति महत्वपूर्ण होने जा रहा है। लोकसभा चुनाव के पहले और चुनाव के बाद भारत के मजदूर-मेहनतकशों को पूंजीवादी समाज की विद्रूपताओं के अदभुत नजारे देखने को मिलेंगे। पूंजीवादी पार्टियों की घृणित राजनीति किसी अन्य वर्ष के मुकाबले इस वर्ष और चौंकाने वाले अंदाज में उजागर होगी। वर्ष के प्रारम्भ में उसे ठगा जायेगा और वर्ष के अंत आते-आते उसे अहसास होगा कि वह बुरी तरह से ठगा गया है। पूंजीवादी मदारी अपना खेल समेटकर अपनी ऐशगाहों में लुप्त हो चुके होंगे। तमाशबीन तो ढूंढ़े से भी नहीं मिलेंगे। लोकतंत्र का महान पर्व- आम चुनाव- जब संपन्न हो जायेगा तब उसके बाद बनने वाली सरकार उन सब मंसूबों को पूरा करेगी जिसका इंतजार जश्न मनाने वाले लोग कर रहे थे।

भारत के पूंजीवादी एकाधिकारी घराने (टाटा, बिड़ला, अम्बानी, मित्तल, जिंदल आदि) ही नहीं बल्कि साम्राज्यवादी देश इस आम चुनाव के जरिये ऐसी सरकार चाहते हैं जो तेजी से आर्थिक सुधार लागू करे। वे तेजी से भारत की प्राकृतिक सम्पदा से लेकर विशाल श्रम शक्ति का दोहन करना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि ऐसी सरकार बने जो विकास के पहिये को तेजी से घुमाये।

पूंजीपतियों के लिए जो विकास का पहिया है वह भारत के मजदूरों के लिए तीव्र शोषण का पहिया है। वह मंझोले-छोटे किसानों के लिए घोर विनाश का पहिया है। वह आदिवासियों-वनवासियों के लिए दमन का बड़ा पहिया है।

भारत के एकाधिकारी घराने इस विकास के लिए ‘स्थिर सरकार और सुशासन’ चाहते हैं। विकास, स्थिर सरकार और सुशासन के जितने भी नारे पूंजीवादी पार्टियों द्वारा लगाये जा रहे हैं वे पूंजीपतियों की बैलेंस शीट से निकले निष्कर्ष हैं। फिक्की, सीआईआई, एसोचैम जैसे पूंजीपतियों के संगठनों से उपजा वह मंत्र है जिसका जाप सारी पूंजीवादी पार्टियां कर रही हैं। हर पार्टी का घोषणापत्र इस मंत्र को अपने घोषणापत्र का आप्त वाक्य(मोटो) बनाने के लिए लालायित है।

वर्ष 2014 भारत के मजदूरों-मेहनतकशों के सामने दो तरह की चुनौतियां लेकर आ रहा है। एक चुनौती आम चुनाव के पहले और दूसरी आम चुनाव के बाद है।

पहली चुनौती यह है कि वह भारतीय समाज में पूंजीवादी पार्टियों के चंगुल से कैसे भारत को निकाले। कैसे इन पार्टियों के चरित्र का भण्डाफोड करे कि मजदूर और मेहनतकश झूठे वायदों- आश्वासनों के जाल से अपने को मुक्त कर सही दिशा में आगे बढ़े। समाजवाद को हकीकत बनायें।

दूसरी चुनौती यह है कि आम चुनाव के बाद शासक वर्ग की नीतियों और कुण्ठित योजनाओं को परवान चढ़ने से कैसे रोकें। और कैसे अपनी समस्याओं को ऐसी मुखरता और जुझारूपन से पेश करे कि शासक वर्ग की कुत्सित चालें नाकामयाब हो जायें। कैसे उन जश्न मनाने वालों के मंसूबों पर पानी फेर दे जो इस वर्ष अपनी दौलत में बेइंतहा इजाफा करना चाहते हैं।

नये वर्ष को मजदूर-मेहनतकशों को इतिहास की रोशनी में भी देखने की सख्त जरूरत है। इस वर्ष प्रथम विश्व युद्ध (1914-1919) की सौवीं सालगिरह है। इस विश्व युद्ध में करोड़ों लोग मारे गये थे। इस युद्ध की वजह थी साम्राज्यवादी देशों में उपनिवेशों के लिए छिड़ा तीखा संघर्ष। इस विश्वयुद्ध के पीछे गम्भीर आर्थिक संकट भी था। मजदूर-मेहनतकशों को जहां युद्ध की विभीषिका को याद रखने की जरूरत है। वहां रूस के मजदूरों के ऐतिहासिक व अतुलनीय कृत्य अक्टूबर क्रांति जिसने पूंजीवाद के विकल्प के तौर पर समाजवाद को प्रस्तुत किया को भी याद करने की जरूरत है। बीसवीं सदी में वह पहला मजदूर राज था।

जश्न मनाने वालों को यह बताने का वक्त आ गया है कि उनकी यह मश्ती, यह रोशनी, यह आतिशबाजी चंद दिनों की है। पूंजीवादी समाज गम्भीर रूप से बीमार है। वर्ष 2008 से शुरू हुआ वैश्विक आर्थिक संकट जारी है। जश्न मनाने वाले सोचते हैं कि एक मसीहा आयेगा और संकट गायब हो जायेगा। मसीहा आयेगा और ऐसा जादू बिखेरेगा कि स्थिर सरकार और सुशासन कायम हो जायेगा। कितने मूर्ख हैं जश्न मनाने वाले और कितना बड़ा मूर्ख है उनका मसीहा।

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं।

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।