बोलो जुबां संभाल कर, सरकार ने कहा है।
फन्दा गले में डाल कर, सरकार ने कहा है।
हमने कहा तो रात है, हमने कहा तो दिन,
सूरज मिरा हलाल कर, सरकार ने कहा है।
दाना, लिबास, दर नहीं, कुछ और बात कर,
वाजिब कोई सवाल कर, सरकार ने कहा है।
तू चीख मत, तू हंस-हंसा, किरदार तू निभा,
जोकर है तू कमाल कर, सरकार ने कहा है।
तारीफ हो, आलोचना कोई करे अगर,
सड़कों पे आ धमाल कर, सरकार ने कहा है।
सबके सवाल हल हुए, सबको सुकून है,
जुमले नए उछाल कर, सरकार ने कहा है।
सारे चिराग तोड़ दे, खत्म तीरगी हुई,
सबका यकीं निढाल कर सरकार ने कहा है।
साभार: कविता कोश