घर से भागने का मतलब
किसी के साथ होना ही नहीं होता
अपनी मौजूदगी को दर्ज करना भी होता है
तुम्हारी बनाई दुनिया में तोड़-फोड़ भी करना होता है
हां होता है बहुत कुछ
किसी लड़की के भाग जाने के बाद
कुछ स्कूल जाने से रह जाएंगी
कुछ स्कूल खत्म नहीं कर पाएंगी
कुछ ब्याह दी जाएंगी-
किसी दूआह, बूढ़े और नशेड़ी के साथ
हां यह सच है कि भागी हुई लड़कियां
सदियों जिंदा रहती हैं- लोगों के जेहन में-
अपनी मौजूदगी को दर्ज करने के लिए
हम बार-बार भागते रहेंगे-
तुम्हारे घर से,
बाजार से,
दीवार से
और आखिरी बची दरार से...
साभार : www.hindwi.org