ईरान अमेरिका युद्ध समझौता: महाशक्ति का ‘अनइंस्टाल’ बटन

Published
Wed, 07/01/2026 - 15:50
/iran-amerika-yuddh-samajhauta-mahasakti-ka-uninstall-button

ईरान पर युद्ध थोपने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बड़ी अकड़ में थे। टीवी पर, सोशल मीडिया पर, रैलियों में- हर जगह वही अंदाज। अकड़ ऐसी कि कई बार मुंह और शरीर तक टेढ़ा हो जाता था।
    
उस समय ऐसा लग रहा था जैसे कोई टेक कंपनी नया फोन लांच कर रही हो- ‘‘इस बार का आपरेशन इतना स्मार्ट है कि दुश्मन को पता भी नहीं चलेगा और खेल खत्म हो जाएगा।’’
    
युद्ध शुरू हुआ। मिसाइलें चलीं, ड्रोन उड़े, धमकियां दी गईं, बयान आए।
    
दुनिया को बताया गया कि यह कुछ दिनों का मामला है। अमेरिका और उसके सहयोगियों की तकनीक, खुफिया तंत्र और सैन्य ताकत के सामने ईरान टिक नहीं पाएगा। बार-बार दोहराए जाने वाला यह आलाप कि ‘‘हम युद्ध जीत रहे हैं’’ ‘‘कि हमने ईरान को तबाह कर दिया है’’ या यह कि ‘‘हम युद्ध जीत चुके हैं’’। 
    
लेकिन कुछ दिन बाद वही महाशक्ति युद्धविराम की अपील करने लगी।
    
यानी जो आदमी मैच शुरू होने से पहले कह रहा था- ‘‘मैं दस गोल मारूंगा’’, वही हाफ टाइम में रेफरी से कहने लगा- ‘‘देखिए, खेल भावना भी कोई चीज होती है।’’
    
अचानक उसे शांति याद आ गई।
    
जो नेता कल तक कह रहे थे- ‘‘हम पीछे नहीं हटेंगे’’, वही आज कह रहे हैं- ‘‘हमारा उद्देश्य तो हमेशा से स्थिरता और शांति था।’’
    
साम्राज्यवाद का यही चरित्र है- वह हर युद्ध की शुरुआत भी शांति के नाम पर करता है और हर युद्ध विराम का श्रेय भी खुद ले लेता है। एक बार फिर वर्साय का महल इसके लिए चुना गया।
    
साम्राज्यवाद यही करता है। पहले डर पैदा करो। फिर हथियार बेचो। फिर हमला करो। फिर बातचीत की अपील करो।
    
और अंत में घोषणा कर दो- ‘‘देखिए, हमने दुनिया को बचा लिया।’’
    
यह वैसा ही है जैसे कोई साइबर सिक्योरिटी कंपनी पहले आपके सिस्टम में वायरस डाल दे और फिर प्रेस कान्फ्रेंस करके कहे- ‘‘हमारी वजह से आपका डेटा सुरक्षित है।’’
    
सबसे मजेदार बात यह है कि युद्ध के दौरान अमेरिकी मीडिया का एक हिस्सा बता रहा था कि ईरान अलग-थलग पड़ चुका है, उसकी अर्थव्यवस्था कमजोर है, उसके संसाधन सीमित हैं और वह ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगा।
    
लेकिन अमेरिका और ट्रंप ने युद्धविराम की मेज पर ईरान को मौजूद पाया।
    
कमजोर कहा जाने वाला देश झुका नहीं।
    
प्रतिबंधों, दबावों और सैन्य धमकियों के बावजूद उसने अपनी शर्तों को नहीं छोड़ा। और अमेरिका को झुका दिया।
    
तब समझ में आया कि युद्ध केवल हथियारों से नहीं जीते जाते। कुछ युद्धों में बच जाना ही जीत होता है। कुछ लड़ाइयों में हार न मानना ही जीत होता है। और कुछ मौकों पर दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति को यह एहसास करा देना कि हर देश इराक, लीबिया या अफगानिस्तान नहीं है- यही जीत होती है।
    
इस युद्ध ने कम से कम इतना तो साबित कर दिया कि अरबों डालर के रक्षा बजट, विमानवाहक पोतों और मंचों से की गई डींगों के बावजूद हर लड़ाई मनमाफिक नहीं जीती जा सकती।
    
महाशक्तियां अक्सर अपनी ताकत का विज्ञापन ज्यादा करती हैं और अपनी सीमाओं को फुटनोट में छिपा देती हैं।
    
युद्धविराम की घोषणा दरअसल केवल मिसाइलों की खामोशी नहीं थी। वह उस हेकड़ी की आवाज भी थी, जो धीरे-धीरे उतर रही थी। वही हेकड़ी जो कहती थी- ‘‘हम नियम बनाते हैं।’’
    
लेकिन दुनिया बदल रही है। अब छोटे और कमजोर समझे जाने वाले देश कभी-कभी इतना भर कर देते हैं कि महाशक्तियों को भी बातचीत की मेज याद आ जाती है।
    
जिस अमेरिका ने दुनिया को यह विश्वास दिलाया था कि उसकी शक्ति अजेय है, उसे अंततः उसी देश के साथ समझौते की मेज पर बैठना पड़ा जिसे वह युद्ध शुरू होने से पहले लगभग पराजित घोषित कर चुका था। यही नहीं उसे कमोबेश वही बातें माननी पड़ीं जो ईरान शुरू से कह रहा था। 
    
लेकिन इसके बाद भी साम्राज्यवादी बाज नहीं आएंगे। वे अगला मौका मिलते ही फिर किसी युद्ध में उतर जाएंगे। और ऐसा वे तब तक करते रहेंगे जब तक दुनिया की मजदूर और मेहनतकश जनता साम्राज्यवाद का अंत नहीं कर देती।
 

आलेख

/peace-bond-vishesh-karyakari-majistrate-v-shakti-prathakkaran-siddhant

शक्तियों के पृथक्करण का सिद्धान्त यह मत प्रस्तावित करता है कि लोगों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता को कायम रखने के लिए जरूरी है कि कार्यपालिका-विधायिका व न्यायपालिका परस्पर स्वतंत्र हों। अगर कार्यपालिका किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन करना चाहे तो न्यायपालिका उसे रोक दे। फ्रांसीसी दार्शनिक मांतेस्क्यू को इस शक्ति पृथक्करण के सिद्धान्त का मूल प्रस्तावक माना जाता है।

/regime-change-or-vyavastha-parivartan

पूंजीवादी जनतंत्रों में चुनाव ‘सेफ्टी बाल्व’ का काम करता है। बदहाल और दुःखी परेशान लोग नयी सरकार को चुन उम्मीद करते हैं कि उनकी जिन्दगी में शायद बेहतरी हो जाये। अमरीका जैसे देश में तो इसी वजह से दोनों प्रमुख पार्टियां बारी-बारी से सत्ता में आती रहती हैं। चुनाव के जरिये सरकारें बदलती रहती हैं और पूंजीवादी व्यवस्था बदस्तूर चलती रहती है। मजदूर-मेहनतकश जनता बेहतरी की मृग मरीचिका में जीती रहती है। 

/janavad-ka-sawal-aur-majdoor-varg

मजदूर के पास पूंजी नहीं होती इसीलिए पूंजीवाद में उसकी कोई हैसियत नहीं होती। इतना ही नहीं, वह जिन्दा रहने के लिए पूंजीपति पर निर्भर होता है। वह पूंजीपति के लिए काम करता है और जिन्दा रहता है। इसके लिए वह पूंजीपति से जिन संबंधों में बंधता है वे उसे पूंजीपति का गुलाम बना देती हैं। इसीलिए मजदूर को उजरती गुलाम यानी मजदूरी करने वाला गुलाम कहा जाता है। स्वाभाविक है कि समाज में गुलाम व गुलाम मालिक की राजनीतिक-सामाजिक हैसियत एक नहीं हो सकती।

/punjivadi-jantantra-and-chunavi-corruption

अठारहवीं सदी के इंग्लैण्ड में होने वाले चुनावी भ्रष्टाचार पर गूगल से ‘सर्च’ करने पर उसका ए आई स्वतः ही यह जवाब हाजिर कर देता हैः 

/election-aayog-hindu-fascist-and-loktantra

एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं की कटौती की गई। अब तक 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। जबकि 5-6 करोड़ लोगों को संदेह की आड़ में नोटिस भेजे गए। 13 करोड़ में से 70 प्रतिशत वो लोग थे जिन्हें स्थानांतरित या अनुपस्थित बता दिया गया। इस तरह बड़े स्तर पर मनमानी छंटनी की जा रही है। इसमें सबसे बड़ी संख्या अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी, महिलाओं और मलिन बस्तियों में रहने वालों की है।