भारतीय मध्यम वर्ग में एक गलत धारणा जड़ जमाये हुए है कि अनपढ़ गरीब जनता बेवकूफ होती है और वह जाति-क्षेत्र-धर्म के नाम पर नेताओं द्वारा ठगी जाती है। चूंकि वह अज्ञानता का शिकार होती है इसलिए अपना वोट ऐसे भ्रष्ट-विभाजनकारी लोगों को दे देश के विकास को रोक देती है। इसके उलट पढ़ा-लिखा मध्यम वर्ग अपने मत का सही तरीके से इस्तेमाल कर सकता है। ऐसी बातें सोचकर मध्यम वर्ग खुद को अक्लमंद व बाकी जनता को बेवकूफ मानने लगता है।
हाल ही में आईआईटी बम्बई के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोड़े ने आत्महत्या कर ली थी। अनूसूचित जाति के वाकोड़े की इस आत्महत्या के लिए छात्रों व वाकोड़े के माता-पिता ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला द्वारा जातिगत उत्पीड़न का आरोप लगाया व प्रोफेसर पर कार्यवाही की मांग की। वहीं संस्थान ने वाकोड़े पर परीक्षा में कदाचार का आरोप लगाया। छात्र व वाकोड़े के माता-पिता न्याय की मांग के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
अब एक ऐसे मामले में जहां एक प्रोफेसर पर दलित छात्र के जातिगत उत्पीड़न का आरोप हो, जागरुक नागरिकों का क्या रुख होना चाहिए? स्पष्टतः ही यह रुख छात्र के पक्ष में प्रोफेसर के व्यवहार की निष्पक्ष जांच व दोषी पाये जाने पर सजा की मांग का होना चाहिए। पर बम्बई आई आई टी ही नहीं दिल्ली व मद्रास आई आई टी के पढ़े-लिखे प्रोफेसरों के रुख ने दिखाया कि वे कहीं से भी ‘जागरुक’ नहीं बल्कि जातिवादी रुख के शिकार हैं।
बम्बई, मद्रास व दिल्ली आई आई टी के प्रोफेसरों ने खुलेआम प्रोफेसर सूर्यनारायण के पक्ष में बयान जारी कर दिये। बम्बई आई आई टी के प्रोफेसरों ने तो मार्च तक निकाल दिया। इन ‘पढ़े-लिखों’ ने बगैर जांच ही घोषित कर दिया कि सूर्यनारायण निर्दोष है।
आखिर एक छात्र की आत्महत्या के संगीन मामले में ये प्रोफेसर अपने साथी प्रोफेसर के साथ इतनी जल्दी कैसे एकजुट हो गये? इसका पता आई आई टी संस्थानों में शिक्षकों की जातीय संरचना से चल जाता है। कई आई टी आई से मिली जानकारी के अनुसार आई आई टी संस्थानों के 80 प्रतिशत से अधिक फैकल्टी सदस्य सवर्ण हैं। ढेरों विभाग ऐसे हैं जहां एस.सी./एस.टी. ही नहीं ओबीसी समुदाय का एक भी शिक्षक नहीं है। सभी आई आई टी संस्थानों में पिछड़ों-दलित-जनजातियों के आरक्षित 2631 पद खाली पड़े हैं। इनके खाली होने के पीछे तर्क दिया जाता रहा है कि योग्य उम्मीदवार नहीं मिले। यह भी कोरे झूठ के सिवा कुछ नहीं है।
आई आई टी गुवाहाटी के मानविकी विभाग में ओबीसी के 161 व एस सी के 100 उम्मीदवारों ने भर्ती का आवेदन किया। पर इनमें से एक का भी चयन नहीं किया गया। इसी तरह 2022 में लगी आर टी आई से पता चलता है कि आई आई टी गुवाहाटी में 152 आरक्षित रिक्त पदों पर 1915 प्रार्थियों के आवेदन आये थे पर नियुक्ति एक की भी नहीं की गयी।
मामला साफ है कि आई आई टी में बैठे सवर्ण प्रोफेसर निचली जातियों के लोगों की भर्ती पर अडंगा लगा आरक्षण का ही मखौल उड़ा रहे हैं और इसे ‘योग्य उम्मीदवार न मिलने’ की आड़ में जायज ठहरा देते हैं। जब इस सवर्ण मानसिकता के प्रोफेसर हों तो निचली जाति के छात्रों के जातिगत उत्पीड़न की कल्पना की जा सकती है। प्रोफेसरों की यही सवर्ण मानसिकता हर बार छात्र आत्महत्याओं में साथी प्रोफेसरों की रक्षा में खड़ी हो जाती है। यही मानसिकता बगैर जांच प्रोफेसर के बचाव में जुलूस निकालने तक ले जाती है।
आई आई टी के विद्वान सवर्ण प्रोफेसरों का अगर यह हाल है तो समझा जा सकता है कि पढ़े-लिखे मध्य वर्ग का क्या हाल होगा। जाति-धर्म-क्षेत्र आदि मसलों पर क्या उसकी शिक्षा इन बीमारियों से उसे दूर कर रही है या उसे और अधिक जकड़ रही है। उक्त उदाहरण बताता है कि पढ़ाई-लिखाई से या बेहतर आय से, इन बीमारियों के खत्म होने का कोई सम्बन्ध नहीं है।