पेरिस कम्यून की याद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

फ्रांस की राजधानी पेरिस में 18 मार्च, 1871 के दिन कायम हुआ पेरिस कम्यून मानव इतिहास की एक कालजयी घटना थी। पेरिस, जो कि उस समय पूरी पूंजीवादी दुनिया की चकाचौंध का केंद्र था, के नेशनल गार्ड में संगठित हथियार बंद मजदूरों ने सत्ता पर कब्जा कर पेरिस कम्यून अर्थात दुनिया के पहले मजदूर राज को कायम किया था। पेरिस कम्यून एक युग परिवर्तनकारी घटना थी, क्योंकि इतिहास में अभी तक होने वाली क्रांतियों ने जहां आबादी के एक अल्पसंख्यक शोषक वर्ग को सत्ता से हटाकर दूसरे अल्पसंख्यक शोषक वर्ग की सत्ता को कायम किया था, वहीं पेरिस कम्यून ने अल्पसंख्यक पूंजीपति वर्ग को सत्ता से बेदखल कर बहुसंख्यक मजदूर वर्ग का शासन कायम किया था। दुनिया के क्रांतिकारी संगठन एवं वर्ग सचेत मजदूर प्रतिवर्ष 18 मार्च को महज 72 दिनों तक चले मजदूरों के इस पहले राज को याद करते हैं; शहीद कम्युनार्डों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं।
    
इस वर्ष पेरिस कम्यून की याद में हरिद्वार में 17 मार्च के दिन एक परिचर्चा आयोजित की गई जिसमें इंकलाबी मजदूर केंद्र, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, भेल मजदूर ट्रेड यूनियन, फ़ूड्स श्रमिक यूनियन (आई टी सी), देवभूमि श्रमिक संगठन (एच यू एल), सीमेंस वर्कर्स यूनियन (सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड) इत्यादि के कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
    
परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों का यह पहला राज- पेरिस कम्यून सिर्फ 72 दिनों तक ही चला, लेकिन इतने थोड़े से समय में ही अपने क्रांतिकारी कदमों से इसने साबित कर दिया कि मजदूर वर्ग मानव इतिहास का सबसे क्रांतिकारी वर्ग है। गौरतलब है कि पेरिस कम्यून ने ‘‘दुनिया के मजदूरो, एक हो!’’ के नारे को चरितार्थ करते हुये एक जर्मन मजदूर को अपना श्रम मंत्री चुना था।

हरिद्वार में ही 18 मार्च को पेरिस कम्यून की याद में सिडकुल क्षेत्र और मजदूरों की बस्ती में प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पेरिस कम्यून ने सैन्यवाद, युद्ध और अंधराष्ट्रवाद के प्रतीक वांदोम स्मारक को ढहा दिया था और इस तरह पूरी दुनिया में युद्ध नहीं शांति और अंधराष्ट्रवाद के बजाय मजदूर वर्ग के अंतर्राष्ट्रीय भाईचारे का संदेश दिया था।

काशीपुर में इंकलाबी मजदूर केंद्र ने एक परिचर्चा का आयोजन किया जिसमें क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन और प्रगतिशील महिला एकता केंद्र के कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की।
    
परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि पेरिस कम्यून ने फैसला किया था कि कम्यून के किसी भी अधिकारी और मंत्री का वेतन 6 हजार फ्रैंक से ज्यादा नहीं होगा, जो कि एक कुशल मजदूर के वेतन के बराबर था। इस तरह इस क्रांतिकारी सरकार ने एक झटके में समाज से गैर बराबरी का अंत कर दिया था। इसके अलावा पेरिस कम्यून ने शिक्षा पर चर्च के विशेषाधिकारों का अंत कर सभी के लिये निःशुल्क और वैज्ञानिक शिक्षा व्यवस्था की घोषणा की थी।

रामनगर में भी पेरिस कम्यून दिवस पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इंकलाबी मजदूर केंद्र द्वारा आयोजित इस परिचर्चा में परिवर्तनकामी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की।
    
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पेरिस कम्यून ने राजनीति और धर्म को एक दूसरे से जुदा कर चर्च के सभी विशेषाधिकारों का अंत कर दिया था और इस तरह वास्तविक अर्थों में एक धर्मनिरपेक्ष राज्य की स्थापना की थी। साथ ही स्थायी सेना को भंग कर और एक जन सेना के रूप में नेशनल गार्ड को मान्यता देकर स्थायी सेना के बोझ से भी समाज को मुक्त कर दिया था।
    
पेरिस कम्यून दिवस पर फरीदाबाद में एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इंकलाबी मजदूर केंद्र द्वारा आयोजित इस परिचर्चा की शुरुआत सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत क्रांतिकारी गीत से हुई। 

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कम्यून कायम करने, उसके संचालन और उसकी रक्षा में महिलाओं की भूमिका बेहद बहादुराना और गौरवमयी थी। कम्यून ने मजदूरों के स्वास्थ्य के मद्देनजर बेकरियों में रात की पाली का अंत कर दिया था।
    
इस मौके पर 18 मार्च के दिन दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक सभा का आयोजन किया गया। इंकलाबी मजदूर केंद्र द्वारा आयोजित इस सभा में सी पी आई- एम एल (मास लाइन), डेमोक्रेटिक पीपुल्स फ्रंट एवं प्रगतिशील महिला एकता केंद्र के कार्यकर्ताओं एवं औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों ने भागीदारी की।
    
सभा में वक्ताओं ने कहा कि 1871 में जब फ्रांस की सरकार ने जर्मनी के शासकों के समक्ष शर्मनाक आत्मसमर्पण कर दिया तब पेरिस के मजदूरों ने फ्रांसीसी पूंजीपतियों की सरकार के विरुद्ध बगावत कर सत्ता की बागडोर अपने हाथों में ले ली। पेरिस कम्यून ने पहली बार सभी मजदूरों-मेहनतकशों के लिये सच्चे अर्थों में जनवाद कायम किया।

बलिया (उ.प्र.) में कई गांवों- बहादुरपुर कारी, कमसड़ी, इनामीपुर और सिसवार में चौपाल के माध्यम से पेरिस कम्यून को याद किया गया।

पंतनगर में इस मौके पर ठेका मजदूर कल्याण समिति द्वारा 18 मार्च के दिन एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि भले ही फ्रांस और जर्मनी के पूंजीपतियों की सेना ने इस नवजात मजदूर राज को अंततः खून में डुबो दिया लेकिन ये पेरिस कम्यून की ही शिक्षायें थीं जिन्होंने रूस में महान अक्टूबर क्रांति को सफल बनाया था; पेरिस कम्यून की उपलब्धियां बीसवीं सदी की सभी मजदूर क्रांतियों और तदुपरान्त कायम समाजवादी समाजों के लिये कसौटी बनी रही और निश्चित ही भावी समाजवादी क्रांतियों को भी इस कसौटी पर कसा जायेगा। 
        -विशेष संवाददाता

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।