एच ई सी (हैवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन) का भविष्य संकट में

हज़ारों कर्मियों को नहीं मिला 18 महीने से वेतन

चंद्रयान 3 की सफलता को लेकर मोदी और उनकी सरकार ने खूब वाह वाही लूटी लेकिन अब इस मिशन की चर्चा एक और सन्दर्भ में हो रही है। दरअसल चंद्रयान 3 के लिए जिस लॉन्चिंग पेड का इस्तेमाल हुआ उसमें एच ई सी के कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उन्हीं कर्मियों (2700 कार्मिक और 450 अधिकारी) को 18 महीने से वेतन नहीं मिला है जिससे उनके सामने भूखों मरने की नौबत आ गयी है। 

चंद्रयान 3 से जुड़े रहने के कारण मोदी सरकार को अपनी आलोचना का डर सताने लगा तो सरकार ने स्पष्टीकरण देना शुरु कर दिया कि चंद्रयान 3 के लिए किसी भी तरह के उपकरणों के लिए एच ई सी को कोई ठेका नहीं दिया गया था। लेकिन मोदी सरकार द्वारा बताई गयी यह आधी ही सच्चाई है। दरअसल एच ई सी ने 2008 से 2013 तक उपग्रह छोड़ने के लिए लॉन्चिंग पेड बनाये थे जिनका इस्तेमाल चंद्रयान 2 तथा 3 को भी छोड़ने के लिए किया गया है। और इस तरह इस मिशन की सफलता में एच ई सी के इन कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है। लेकिन सिर्फ वाह-वाही लूटने वाली मोदी सरकार के लिए इन कर्मियों का कोई महत्व नहीं है।

पिछले 18 महीनों से वेतन न मिलने के कारण इन कर्मियों को इडली, जलेबी, चाय बेचकर गुजारा करना पड़ रहा है। अपना पी एफ निकालकर कर्मी अपनी भविष्य की बचत को खर्च कर चुके हैं। रिश्तेदारों और दोस्तों परिचितों से वे इतना उधार ले चुके हैं कि अब उन्होंने क़र्ज़ देने से मना कर दिया है। दुकानदार उधार राशन नहीं देते। बच्चों की स्कूल की फीस जमा नहीं हो पा रही है। बैंकों की किश्तें जमा न होने से वे डिफाल्टर घोषित हो रहे हैं। सामाजिक और आर्थिक रूप से वे टूट चुके हैं। कई अधिकारी और कर्मचारी भविष्य की अनिश्चितता के कारण नौकरी छोड़ कर जा चुके हैं।

यह हाल उस संस्थान का है जिसे 2010 में नवरत्न कंपनी में शामिल किया गया था। जो आज भी खनन, ऊर्जा, रेलवे, परमाणु बिजलीघर, इसरो, रक्षा, इस्पात उद्योग आदि महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए उपकरण बनाती है। जिसकी स्थापना 1958 में इसी उद्देश्य के साथ की गयी थी कि यह विभिन्न उद्योगों के लिए आधार का काम करेगी। विशाखापत्तनम, राउरकेला, बोकारो आदि स्टील प्लांट की स्थापना में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। 

जबसे नई आर्थिक नीतियाँ लागू हुई हैं तबसे भारत के सार्वजनिक उद्योगों को उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है। विभिन्न सरकारों द्वारा इन सार्वजनिक उद्योगों को घाटे की स्थिति में लाकर इनको बेचने का काम किया जाता रहा है। मोदी सरकार ने तो इस प्रक्रिया को और तेज़ किया है। अगर एच ई सी जैसे कारखाने बर्बाद हो जाते हैं तो फिर निजी क्षेत्र की कम्पनियों को अपार मुनाफे की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसलिए एच ई सी जैसे कारखानों को चलाने के लिए जो वर्किंग कैपिटल चाहिए वो उनको उपलब्ध नहीं कराई जा रही है जबकि यही सरकार पूंजीपतियों को जनता की गाढ़ी कमाई लुटा रही है। एच ई सी के पास कोल कम्पनियों के ही करीब 1300 करोड़ से ज्यादा के ऑर्डर हैं लेकिन वह वर्किंग कैपिटल के अभाव में इन ऑर्डर को पूरा नहीं कर पा रही है। और वह कई ऑर्डर एल एन्ड टी जैसी निजी कम्पनियों से पूरे करवा रही है। हाल में घाटे में रहने वाली एच ई सी ने पूर्व में खूब मुनाफे कमाए हैं। 

अपने बकाये वेतन और कंपनी को सुचारू रूप से चलाने के लिए एच ई सी के अधिकारियों से लेकर कम्पनी के कर्मचारी केंद्र और राज्य सरकार से गुहार लगा चुके हैं, धरना प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हालत यह है कि 2018 से यहाँ कोई स्थायी चेयरमैन नहीं है। भेल के सी एम डी नलिन सिंघल को इसका अतिरिक्त भार दिया गया है। इनका एच ई सी के प्रति रुख यह है कि ये पिछले चार साल में चार बार रांची आये हैं। 

मज़दूर यूनियन के प्रतिनिधि कई बार कंपनी को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार को प्रस्ताव दे चुके हैं। उनका कहना है कि एच ई सी के पास काफी जमीन है जिसको सरकार की संस्थाओं को देकर वर्किंग कैपिटल हासिल की जा सकती है। सरकार अगर चाहे तो कर्ज़ के रूप में कंपनी को वर्किंग कैपिटल देकर उसे फिर से देश की प्रगति का आधार बना सकती है लेकिन मोदी सरकार ऐसा करने के लिए राज़ी नहीं है। उसका तो कहना है कि एच ई सी एक स्वतंत्र निकाय है और अपने कर्मचारियों के वेतन से लेकर अन्य कामों के लिए उसे आत्मनिर्भर होना चाहिए। लेकिन यही मोदी सरकार अडानी के प्रोजेक्टों में एल आई सी का हज़ारों करोड़ रुपया झोंक देने में कोई कसर नहीं छोड़ती। साफ जाहिर है कि सरकार की नीयत एच ई सी को चलाने नहीं बंद करने की है।

एच ई सी की स्थापना सोवियत संघ और चेकोस्लोवाकिया के सहयोग से 1958 की गयी थी और तबसे लेकर आकर आज तक 60 साल से ज्यादा समय बीत चुका है और आज भी एच ई सी में वही पुरानी मशीनें हैं। मेक इन इंडिया का शोर मचाने वाली मोदी सरकार ने इस कारखाने में भी मेक इन इंडिया का लोगो लगाकर कुछ मशीनें बनवाई हैं लेकिन ये सिर्फ प्रचार तक ही सीमित है। असल में तो मोदी और इनकी सरकार की नीयत एच ई सी को अन्य सार्वजनिक संस्थानों की तरह ही पूंजीपतियों को कोड़ी के भाव बेचने की ही ज्यादा लग रही है। पहले कम्पनी को घाटे की स्थिति में पहुंचा दो, उसे जर्जर कर दो ताकि कम्पनी को औने-पौने दामों में बेचा जा सके। और कर्मचारियों को उस स्थिति में पहुंचा दो कि वे उनकी नीतियों का विरोध ही न कर सकें।

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।