इतिहास के लुटेरे

एक मई को यानी ऐन अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस को देश के सत्ताधारी हिन्दू फासीवादियों की पार्टी भाजपा ने इंस्टाग्राम पर अपने आधिकारिक खाते से एक एनिमेशन वीडियो डाला। इसमें दिखाया गया कि प्राचीन काल में भारत सोने की चिड़िया कहा जाता था क्योंकि यहां के लोग खूब समृद्ध थे। उनके पास खूब सोना और चांदी था। इसी कारण बाहरी लुटेरे (मुसलमान) यहां बार-बार आकर लूटते थे और लूट का माल बाहर ले जाते थे। अब एक बार फिर ऐसा ही होने वाला है। यदि कांग्रेस पार्टी इस चुनाव में जीत गई तो वह हिन्दुओं की सम्पत्ति छीन कर मुसलमानों में बांट देगी। यह वही राग था जिसे मोदी और भाजपाई कई दिनों से अलाप रहे थे। 
    
कुछ घंटे बाद ही यह वीडियो हटा दिया गया। लेकिन इसका उद्देश्य पूरा हो चुका था। इतनी देर में यह हर भाजपा समर्थक तक पहुंच चुका था। वे इसे आगे प्रसारित-प्रचारित करने के लिए डाउनलोड कर चुके होंगे। 
    
इस वीडियो की हर एक बात झूठी थी। पर यहां केवल एक ऐतिहासिक झूठ की बात की जायेगी। और वह यह नहीं है कि भारत कभी सोने की चिड़िया था। वह दूसरा झूठ है जो मुसलमान लुटेरों से संबंधित है। 
    
यह ऐतिहासिक तथ्य है कि जो मुसलमान शासक भारत आये वे यहीं बस गये। यहीं के होकर रह गये। इसी से तेरहवीं सदी से भारत में कई मुसलमान शासक वंशों की स्थापना हुई। गुलाम वंश, खिलजी वंश, तुगलक वंश, लोध वंश, मुगल वंश इत्यादि इनमें कुछ प्रमुख हैं। यह भी ध्यान रखने की बात है कि सारे मुसलमान शासक मुगल नहीं थे। मुगल वंश बाबर से शुरू होता है और बहादुर शाह जफर के साथ खत्म होता है। उनके पूर्वजों के मंगोल होने के चलते भारत में उन्हें पहले दूसरों ने उन्हें मुगल कहा जिसे बाद में उन्होंने खुद अपना लिया। मध्य काल में भारत आने वाले वास्तविक लुटेरे केवल तीन थे। (प्राचीन काल में शक-हूण आदि लुटेरे आ चुके थे जो इस्लाम के पैदा होने के पहले की बात है)। ये थे महमूद गजनवी, तैमूर लंग और नादिरशाह। ये तीनों अलग-अलग क्षेत्रों के शासक थे। ये शकों-हूणों की तरह लूटमार करने वाले कबीले नहीं थे बल्कि बड़े-बड़े क्षेत्रों के शासक थे। इनके द्वारा लूट वैसी ही थी जैसी उस जमाने के सारे राजा करते थे। 
    
इसमें भी महत्वपूर्ण बात यह है कि तैमूर लंग और नादिरशाह तब भारत आये जब दिल्ली और उत्तर पश्चिम में मुसलमान शासकों का राज था। शासक होने के चलते ज्यादातर सम्पत्ति भी उन्हीं के पास थी। यानी तैमूर लंग और नादिरशाह ने हिन्दुओं से ज्यादा मुसलमानों को लूटा। इसी तरह जब उन्होंने कत्लेआम किया (खासकर दिल्ली में नादिरशाह ने) तो उसमें हिन्दू से ज्यादा मुसलमान मारे गये। यह भी याद रखना होगा कि महमूद गजनवी ने अपने सत्रह बार के हमले में ज्यादातर मंदिरों को लूटा। मंदिरों की सम्पत्ति स्वयं गरीब मेहनतकश हिन्दुओं को लूटकर ही इकट्ठी की गयी थी। इस तरह एक लुटेरे ने दूसरे लूटेरे को लूट लिया। 
    
भारतीय इतिहास की ये सब सामान्य सच्चाईयां हैं। स्कूली किताबों में भी ये दर्ज हैं। पर हिन्दू फासीवादी इन सामान्य सच्चाईयों को झुठलाकर इतिहास को हिन्दू बनाम मुसलमान के संघर्ष के तौर पर पेश करना चाहते हैं। जिससे ‘हिन्दू राष्ट्र’ के लिए हिन्दुओं को गोलबंद किया जा सके। फिलहाल तो उनका लक्ष्य चुनाव जीतना है- झूठ-फरेब से भी। 

आलेख

/samraajyvaadi-comptetion-takarav-ki-aur

ट्रम्प के सामने चीनी साम्राज्यवादियों से मिलने वाली चुनौती से निपटना प्रमुख समस्या है। चीनी साम्राज्यवादियों और रूसी साम्राज्यवादियों का गठजोड़ अमरीकी साम्राज्यवाद के विश्व व्यापी प्रभुत्व को कमजोर करता है और चुनौती दे रहा है। इसलिए, हेनरी किसिंजर के प्रयोग का इस्तेमाल करने का प्रयास करते हुए ट्रम्प, रूस और चीन के बीच बने गठजोड़ को तोड़ना चाहते हैं। हेनरी किसिंजर ने 1971-72 में चीन के साथ सम्बन्धों को बहाल करके और चीन को सोवियत संघ के विरुद्ध खड़ा करने में भूमिका निभायी थी। 

/india-ki-videsh-neeti-ka-divaaliyaapan

भारत आबादी के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा देश है और उसकी अर्थव्यवस्था भी खासी बड़ी है। इसीलिए दुनिया के सारे छोटे-बड़े देश उसके साथ कोई न कोई संबंध रखना चाहेंगे। इसमें कोई गर्व की बात नहीं है। गर्व की बात तब होती जब उसकी कोई स्वतंत्र आवाज होती और दुनिया के समीकरणों को किसी हद तक प्रभावित कर रहा होता। सच्चाई यही है कि दुनिया भर में आज भारत की वह भी हैसियत नहीं है जो कभी गुट निरपेक्ष आंदोलन के जमाने में हुआ करती थी। 

/bharat-ka-garment-udyog-mahila-majadooron-ke-antheen-shoshan-ki-kabragah

भारत में वस्त्र एवं परिधान उद्योग में महिला एवं पुरुष मजदूर दोनों ही शामिल हैं लेकिन इस क्षेत्र में एक बड़ा हिस्सा महिला मजदूरों का बन जाता है। भारत में इस क्षेत्र में लगभग 70 प्रतिशत श्रम शक्ति महिला मजदूरों की है। इतनी बड़ी मात्रा में महिला मजदूरों के लगे होने के चलते इस उद्योग को महिला प्रधान उद्योग के बतौर भी चिन्हित किया जाता है। कई बार पूंजीवादी बुद्धिजीवी व भारत सरकार महिलाओं की बड़ी संख्या में इस क्षेत्र में कार्यरत होने के चलते इसे महिला सशक्तिकरण के बतौर भी प्रचारित करती है व अपनी पीठ खुद थपथपाती है।

/ceasefire-kaisa-kisake-beech-aur-kab-tak

भारत और पाकिस्तान के इन चार दिनों के युद्ध की कीमत भारत और पाकिस्तान के आम मजदूरों-मेहनतकशों को चुकानी पड़ी। कई निर्दोष नागरिक पहले पहलगाम के आतंकी हमले में मारे गये और फिर इस युद्ध के कारण मारे गये। कई सिपाही-अफसर भी दोनों ओर से मारे गये। ये भी आम मेहनतकशों के ही बेटे होते हैं। दोनों ही देशों के नेताओं, पूंजीपतियों, व्यापारियों आदि के बेटे-बेटियां या तो देश के भीतर या फिर विदेशों में मौज मारते हैं। वहां आम मजदूरों-मेहनतकशों के बेटे फौज में भर्ती होकर इस तरह की लड़ाईयों में मारे जाते हैं।

/terrosim-ki-raajniti-aur-rajniti-ka-terror

आज आम लोगों द्वारा आतंकवाद को जिस रूप में देखा जाता है वह मुख्यतः बीसवीं सदी के उत्तरार्द्ध की परिघटना है यानी आतंकवादियों द्वारा आम जनता को निशाना बनाया जाना। आतंकवाद का मूल चरित्र वही रहता है यानी आतंक के जरिए अपना राजनीतिक लक्ष्य हासिल करना। पर अब राज्य सत्ता के लोगों के बदले आम जनता को निशाना बनाया जाने लगता है जिससे समाज में दहशत कायम हो और राज्यसत्ता पर दबाव बने। राज्यसत्ता के बदले आम जनता को निशाना बनाना हमेशा ज्यादा आसान होता है।