मुशरिक

Published
Mon, 03/16/2026 - 07:18
/musharik

‘‘सफर कैसा रहा?’’  ट्रे में पानी का गिलास पेश करते हुए बीवी ने जानना चाहा। ‘‘हम्म सफर में तो खैर रही। धागा बांध दिया है। देखें कब खुदा मुराद बक्शे। शायद मेरी इबादत में कोई कमी है।’’ कहकर खान साहब ने एक घूंट में पानी खत्म किया।
    
खान साहब के वालिद पुस्तैनी बढ़ई थे। अल्लाह ताला ने उन्हें चार औलादों से नवाजा था। बड़े पीर साहब के गहरे मुरीद थे। हर औलाद पर बड़े पीर साहब की दरगाह पर चादर चढ़ाई जाती। बड़े खान साहब के इंतकाल के बाद चादर चढ़ाने की रिवायत को चारों साहबजादों ने आगे बढ़ाया तो पुस्तैनी काम को सिर्फ तीन बेटों ने। सबसे छोटे मियां नजाकत खान इल्म हासिल कर वन विभाग में क्लर्क बनकर सरकार की खिदमत करने लगे। और पहली औलाद पैदा होने के बाद चादर चढ़ाने की पुश्तैनी रवायत में भी शामिल हो गए।
    
बड़े बेटे ने पुलिस की परीक्षा दी थी, आज मेरिट आने वाली है। सुबह से फोन पर बजने वाली हर दस्तक में खुशखबरी का इंतजार है कि शायद अल्लाह ताला ने मुराद सुन ली। लेकिन शाम को बाहर से आते हुए बेटे का मायूस चेहरा सब कुछ बयान कर गया। बेटे से कुछ भी पूछना फिलवक्त गैर वाजिब लगा।
    
‘‘सुबह से कुछ न खाया एक प्याला चाय का पीकर निकल गया था घर से। देखो तो कैसी हौलनाक शक्ल लग रही है। बेचारा मेरा लाल’’। शफकत अम्मी की जबान बोलते-बोलते भारी हो गई।
    
रात हो आई, खाने का वक्त है। कहां तो सोच के बैठे थे कि शाही कोरमे के जायकों का लुत्फ उठाया जाएगा मगर नसीब में आलू की तरकारी ही बदी है। या अल्लाह जैसी तेरी मर्जी। मन ही सोचते हुए धीरे से बेगम को आवाज देते हैं ‘‘जनाब को बुला लो कहीं ऐसा न हो भूखे पेट ही सो जाए।’’ ‘‘दिल छोटा न करो खुदा की रहमत जरूर होगी“। हिदायतों और उम्मीदों के साथ खाना खत्म हुआ।
    
क्या बात खान साहब सब खैरियत तो है? रमेश बाबू उम्र में खान साहब से काफी छोटे हैं। उर्दू बोलने के शौकीन हैं और अपनी जहनियत में नास्तिक हैं।
    
‘‘आज तबियत कुछ नासाज नजर आ रही है, सब खैरियत तो है।’’ रमेश बाबू ने जानना चाहा।
    
‘‘तबियत तो खैर है, मसला तो बेटे की सरकारी मुलाजिमियत का है।’’ कुछ देर की खामोशी। ‘‘लगता है खुदा नाराज है। तमाम मन्नतों के बाद भी वही मायूसी।’’
    
‘‘सरकारी नौकरी और लड़के के बीच खुदा की मर्जी! ये तो बेजां फरमाया आपने। नौकरियां सरकार खत्म करे और इल्जाम बेकसूर नसीब को मिले, ये तो कोई मुनासिब दलील न हुई।’’
    
‘‘मियां तुम तो हमेशा दलीलों की वकालत ही करो, नसीब में भी तो बरकत होनी चाहिए। हर कोई न बन जाए वरना सरकारी मुलाजिम। खैर तौबा करो। तुमसे तो तकरीरें करना ही फिजूल है।’’
    
‘‘खान साहब खुदा नाराज हुआ तो क्या हुआ हमारे भगवान के आगे माथा टेक आओ फिर देखो भगवान का आशीर्वाद’’। ये पंडित जी का कथन है जो खान साहब की तरफ मुखातिब हुए।
    
‘‘पंडित जी आप भी! आप तो जले पर नमक न छिड़कें। मैं तो हर दर पर चला जाऊं, बशर्ते मंजिल तो दिखे।
    
‘‘कांवड़ लेकर जल चढ़ा आओ फिर देखो कैसे भोले बाबा नहीं सुनते तुम्हारी।’’
    
‘‘ठीक है पंडित जी इस दफा आपकी सही। गर मेरिट में नाम आया बेटे का तो जल चढ़ाने कांवड़ लेकर जाऊंगा। दरगाह न सही शिवालय सही।’’ फिलवक्त सभी मुलाजिम काम पर जुट गए।
    
वक्त गुजरा और एक दिन बेटे ने खुशखबरी दी ‘‘पैसे दो अब्बू मुहल्ले वालों का मुंह मीठा करना है।’’
    
लंबे अरसे बाद परिवार में जश्न का माहौल था। देर रात गए खान साहब सोने की तैयारी करने लगे तभी ‘‘बिरादरी वाले क्या कहेंगे? ये तो गैर मजहबी काम है।’’ मिसेज खान को खान साहब के वादे का इल्म है।
    
‘‘दरगाह हो या मंदिर वादा तो निभाना पड़ेगा। बिला वजह दिमाग पर जोर न डालें कुछ न होगा। मुल्क में इतनी जहालत का दौर नहीं आया है अभी। जिन्हें अपने जहन को तकलीफ देनी है देने दो। कल पंडित जी से कांवड़ के एहतियात और जरूरत के सामान पर मशवरा लेना है अभी सो जाएं। आज खान साहब सुकून से सो गए हैं।
    
‘‘खान साहब सवाल खुदा की मर्जी का नहीं सरकार की मर्जी का है’’। रमेश बाबू ने मिठाई उठाते हुए कहा। ‘‘100 भूखे लोगों के आगे रोटी के दो निवाले फेंकने का जिम्मेदार खुदा कैसे हो सकता है?
खान साहब- ‘‘दुरुस्त फरमाया रमेश बाबू लेकिन नसीब भी तो कुछ होता है। खैर तौबा करो तुमसे तकरीरें करना मतलब नास्तिक बनने का जोखिम मोल लेना। खुदा बचाए तुम्हारी तकरीरों से।’’
    
इलहाद (नास्तिक) न सही पर जो काम खुदा न कर पाया उसे शरमाया दाराने निजाम ने जरूर कर दिखाया।
    
‘‘मतलब क्या है आपका?“ खान साहब का सवाल
    
‘‘सरकारी नौकरी के फेर ने आपको मुशरिक तो बना ही दिया।’’ कहकर रमेश बाबू मुस्कुरा दिए।              -पथिक
 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।