भारत के मज़दूर वर्ग की पहली राजनीतिक हड़ताल (23-28 जुलाई 1908)

इस दशक की सबसे महत्वपूर्ण हड़ताल थी बाल गंगाधर तिलक के कारादंड के विरुद्ध बंबई के मजदूरों की हड़ताल। 22 जुलाई 1908 को ब्रिटिश शासकों ने उन्हें छह साल का कारादंड दिया था। इसका प्रतिवाद करते हुए बंबई के मजदूरों ने छः दिन हड़ताल की थी।

13 जुलाई से लोकमान्य तिलक पर ब्रिटिश शासकों ने मुकदमा चलाना शुरू किया था। दरअसल उसी दिन से मजदूरों ने बंबई की आम जनता के साथ मिलकर ब्रिटिश शासकों की सशस्त्र मिलिटरी से लोहा लेना शुरू कर दिया था। उस दिन सवेरे ही ‘ग्रीव्स काटन मिल’ के मजदूर हड़ताल कर जुलूस बनाकर अदालत की तरफ आगे बढ़े थे। सशस्त्र मिलिटरी ने अदालत को जाने वाले रास्तों की नाकेबंदी कर रखी थी। उसने आगे बढ़कर मजदूरों के जुलूस को तोड़ने की कोशिश की। 14, 15 और 16 जुलाई को भी ऐसा ही हुआ। मजदूर जुलूस बनाकर अदालत की तरफ बढ़़ने की कोशिश करते और मिलिटरी उनको आगे बढ़ने से रोकती। 17 जुलाई से मजदूरों के इस आंदोलन ने उग्र रूप धारण करना आरंभ किया। उस दिन दोपहर के बाद ‘लक्ष्मीदास’, ‘ग्लोब’, ‘क्रीसेंट’, ‘जमशेद’, ‘नारायण’, ‘करीमभाई’, ‘मोहम्मद भाई’, ‘ब्रिटानिया’, ‘फोनिक्स’, ‘ग्रीव्स काटन’, आदि कारखानों के मजदूरों ने हड़ताल की।

लगभग 3,000 मजदूरों के जुलूस ने औद्योगिक अंचल का चक्कर काटकर सब मजदूरों से हड़ताल का अनुरोध किया। 18 जुलाई को भी यही हुआ, किन्तु इस दिन पुलिस ने मजदूरों पर गोली चलाई। 19 जुलाई को माहिम और परेल अंचल के लगभग 60 कारखानों के 65,000 मजदूरों ने हड़ताल की। 20 जुलाई को फिर मजदूरों पर गोली चली। कारखानों के मजदूरों के इस संग्राम में गोदी मजदूर, व्यापारी, दुकानदार और दुकान कर्मचारी भी शामिल हुए। 21 जुलाई को हड़ताल ने ज्यादा विराट रूप धारण किया। 22 जुलाई को पांच हड़ताली मजदूरों को गिरफ्तार कर कठोर सजा दी गई, ताकि बाकी सब डर जाएं।

22 जुलाई को तिलक को छः साल का कारादंड दिया गया। मजदूरों ने उसी दिन आम हड़ताल का फैसला किया। 23 जुलाई को पहली ‘सफल हड़ताल हुई’। उस दिन से अर्थात 23 जुलाई से सर्वोच्च स्तर की हड़ताल की लड़ाई शुरू हुई। बंबई के मजदूरों ने तिलक के कारादंड के विरुद्ध पहली राजनीतिक हड़ताल शुरू की। उस दिन बंबई की आम जनता के साथ एक लाख मजदूरों ने हड़ताल में भाग लिया। दूसरे दिन अर्थात 24 जुलाई को हड़तालियों और हथियारबंद पुलिस तथा सेना के बीच बंबई की सड़कों पर टक्कर शुरू हुई। पुलिस के पहले हमले से संभलकर मजदूरों ने दो हिस्सों में बंटकर लोहा लेना आरम्भ किया। पुलिस की गोलियों का उत्तर उन्होंने ईंट-पत्थर से दिया। अनेक मजदूर हताहत हुए। मारे जाने वालों में गणपत गोविंद आखिरी सांस तक जनता को ब्रिटिश शासकों से लड़ने को प्रोत्साहित करते रहे। याद रखने की बात है कि तिलक के कारादंड से भारतीय पुलिस में भी असंतोष था। अतः उसे हड़तालियों का दमन करने के लिए न भेजा गया था।

ब्रिटिश शासकों ने 24 जुलाई को ‘मिल-मालिक एसोसिएशन’ पर दबाव डालकर कारखानों और बाजारों को खुलवाने का असफल प्रयत्न किया। 25 और 26 जुलाई को भी हड़ताल चलती रही। 27 जुलाई को पुलिस और मिलिटरी के साथ हड़तालियों के संघर्ष ने व्यापक रूप धारण किया। मध्यवर्ग, छोटे-छोटे व्यवसायियों और अन्य श्रमजीवियों ने मजदूरों का साथ दिया। पुलिस और मिलिटरी की गोलियों का जवाब गली-गली से ईंटों और पत्थरों से दिया गया। उस दिन के शहीदों में एक गुजराती व्यवसायी केशव लाल फौजी भी थे। हड़ताल के अंतिम दिन अर्थात् 28 जुलाई को भी मजदूरों के जुलूस की भिडंत पुलिस और मिलिटरी से हुई।

बंबई के इस जन-विक्षोभ में दुकानदारों, व्यापारियों और मध्यवर्ग वालों के साथ कपड़ा मिल, पोर्ट-डाक, रेल, ट्राम, बिजली आदि के मजदूरों ने हिस्सा लिया था। इस जन-विक्षोभ में लगभग 200 आदमी मारे गये थे, और कितने ही घायल हुए थे। मजदूरों की यह हड़ताल पहली विशुद्ध राजनीतिक हड़ताल थी। भारत के मजदूर वर्ग के इस जागरण का महत्व क्रांति और प्रतिक्रांति दोनों के नेताओं ने पहचाना था।

लेनिन ने इसका स्वागत करते हुए कहा था : ‘‘भारत का सर्वहारा वर्ग इतना परिपक्व हो गया है कि वह चेतनापूर्ण राजनीतिक जनसंघर्ष चला सकता है और इस वजह से भारत में एंग्लो-रूसी तरीकों के दिन लद गये हैं।"

दूसरी तरफ ब्रिटिश साम्राजियों के मुखपत्र टाइम्स (लंदन) के बंबई संवाददाता ने लिखाः ‘‘हो सकता है कि पिछले पखवाड़े की महान शिक्षा इसी में निहित हो। यहां के और भारत के अन्य स्थानों के उद्योग के नेताओं ने सीख लिया है कि असंगठित और अशिक्षित होने पर भी भारत का मजदूर अधिकारियों का मुकाबला करने में क्या कर सकता है। ‘फैक्टरी कमीशन’ (1908) के किसी पृष्ठ में कोई बात इतनी महत्वपूर्ण नहीं जितना महत्वपूर्ण यह प्रमाण है कि मजदूर क्या कर सकते हैं।’’

📢(लेख का उपरोक्त हिस्सा अयोध्या सिंह की किताब 'समाजवाद : भारतीय जनता का संघर्ष' किताब से लिए गये हैं।)

बेशक मज़दूरों की ये हड़ताल भारत में मज़दूरों की प्रथम राजनीतिक हड़ताल के रूप में विख्यात है जिस पर रूस के महान क्रांतिकारी लेनिन ने भी अपनी टिप्पणी की थी। लेकिन नेतृत्व के स्तर पर ढेर सारी कमियां थीं जिन्होंने मज़दूरों की वर्गीय चेतना को एक स्तर तक बाधित ही किया।

जब तिलक जेल से छूटकर आये तो उन्होंने मज़दूरों के बीच गौरक्षा समिति, शिव पर्व, गणपति महोत्सव की स्थापना की। जातीय श्रेणी के संगठन बनाये। इन सभी कामों से मज़दूरों की वर्गीय चेतना कुंद ही होती है। हालांकि बाद में रूस में क्रांति होने के बाद भारत के मज़दूरों ने अपने संगठन और पार्टी बनाकर अंग्रेजी साम्राज्यवाद के खिलाफ डटकर संघर्ष किया और पूंजीपतियों की पार्टी कांग्रेस जो भारत में पूंजीपतियों की सत्ता स्थापित करना चाहती थी, से अलग भारत में मज़दूर राज की स्थापना का लक्ष्य भारत के मज़दूरों के सामने रखा। ये अलग बात है कि मज़दूर वर्ग इस लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका। और आज भारत के मज़दूरों के सामने भारत में समाजवाद को स्थापित करने की चुनौती मौज़ूद है।

#workers_struggle #indian_workers_struggle

आलेख

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो। 

/gazapatti-mein-phauri-yudha-viraam-aur-philistin-ki-ajaadi-kaa-sawal

ट्रम्प द्वारा फिलिस्तीनियों को गाजापट्टी से हटाकर किसी अन्य देश में बसाने की योजना अमरीकी साम्राज्यवादियों की पुरानी योजना ही है। गाजापट्टी से सटे पूर्वी भूमध्यसागर में तेल और गैस का बड़ा भण्डार है। अमरीकी साम्राज्यवादियों, इजरायली यहूदी नस्लवादी शासकों और अमरीकी बहुराष्ट्रीय कम्पनियों की निगाह इस विशाल तेल और गैस के साधन स्रोतों पर कब्जा करने की है। यदि गाजापट्टी पर फिलिस्तीनी लोग रहते हैं और उनका शासन रहता है तो इस विशाल तेल व गैस भण्डार के वे ही मालिक होंगे। इसलिए उन्हें हटाना इन साम्राज्यवादियों के लिए जरूरी है। 

/apane-desh-ko-phir-mahan-banaao

आज भी सं.रा.अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक और सामरिक ताकत है। दुनिया भर में उसके सैनिक अड्डे हैं। दुनिया के वित्तीय तंत्र और इंटरनेट पर उसका नियंत्रण है। आधुनिक तकनीक के नये क्षेत्र (संचार, सूचना प्रौद्योगिकी, ए आई, बायो-तकनीक, इत्यादि) में उसी का वर्चस्व है। पर इस सबके बावजूद सापेक्षिक तौर पर उसकी हैसियत 1970 वाली नहीं है या वह नहीं है जो उसने क्षणिक तौर पर 1990-95 में हासिल कर ली थी। इससे अमरीकी साम्राज्यवादी बेचैन हैं। खासकर वे इसलिए बेचैन हैं कि यदि चीन इसी तरह आगे बढ़ता रहा तो वह इस सदी के मध्य तक अमेरिका को पीछे छोड़ देगा।