संवेदना

Published
Tue, 06/16/2026 - 09:54
/sanvedana

दो मिस काॅल। फैक्टरी की व्यस्तता के बीच जैसे ही मोबाइल खोला मिस काॅल पर नजर गई, जो संकेत थी कि सुभाष को कोई जरूरी काम है। फैक्टरी के शोरगुल में बातचीत संभव नहीं हो सकती। सुरक्षित जगह तलाशी गई। ‘हां सुभाष भाई! सब ठीक तो है?’
    
सुभाषः ‘आप कहां हो? एक पड़ोस के राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई है, हम लोग ठेकेदार के खिलाफ तहरीर देने आए हैं। कैसे लिखनी है क्या बता सकते हो?’ फोन पर सुभाष ने पूरी बात बताई। बातचीत चल ही रही है तभी प्रमोद को सुपरवाइजर ने कहा ‘अरे तुम यहां क्या कर रहे हो?, अर्जेंट माल जाना है। बात बाद में कर लेना। ‘फोन कान से हटाकर’ हां आ रहा हूं।’ प्रमोद ने कहा। ‘अभी थोड़ा बिजी हूं फ्री होते ही काॅल करता हूं’। सुभाष को सूचना दी जाती है। 
    
महेश, महादेव नगर का निवासी। एक राजमिस्त्री, जो कई सालों से मोमिन ठेकेदार के पास दिहाड़ी कर रहा था और इस बार भी एक बिल्डिंग निर्माण में काम कर रहा था। लोहे के जंगले में करंट फैला। मानव निर्मित विद्युत धारा अपनी बारी में जीवित जीवन धारा को निगल गई।
    
महेश का घर सुभाष की दुकान से महज चंद कदम दूर है। सुभाष! समाज के दुख दर्द में शामिल अच्छा इंसान है, संवेदनशील और जुझारू इंसान। अपनों को खोने की पीड़ा जिसने करीब से देखी है वो आहत है। 5 बच्चे एक पत्नी, उनका पालन-पोषण, जीवन निर्वाह। सैकड़ों प्रश्न यकायक मस्तिष्क पर आघात करते हैं।
    
सिंचित अनुभव कहता है कि ठेकेदार और निर्माणाधीन मैरिज हाॅल के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने का प्रयास किया जाये। गांव वाले और कुछ परिचित चैकी में साथ हैं ताकि इस नाइंसाफी का इंसाफ हो, या फिर कोई बेहतर मुआवजा मुकर्रर हो क्योंकि यहां प्रश्न 6 जीवित प्राणियों के ताउम्र गुजर बसर का है। और इसी क्रम में प्रमोद को फोन किया गया था।    
    
‘सुभाष भाई कहां हो?’ शाम करीब साढ़े सात बजे फैक्टरी से निकलकर प्रमोद ने फोन किया। ‘बाॅडी को पोस्टमार्टम के बाद घर ले आए हैं, मैं भी निकल रहा हूं।’ जवाब आया। ‘मैं घटना की जगह पहुंचने वाला हूं’। ‘चलो ठीक है आप पहुंचो मैं भी लौटकर आ रहा हूं।’ सुभाष ने बात पूरी की।
    
‘बाॅडी घर क्यों ले आए? ये काम गलत हो गया है।’ हाथ मिलाते हुए प्रमोद ने पूछा। ‘कल सुबह यहीं लेकर आयेंगे बात हो गई है लोगों से।’ सुभाष का जवाब।
    
प्रमोदः यहां लाकर कोई फायदा नहीं होगा, बेहतर होगा कि चैकी या कोतवाली पर बाॅडी को रखा जाय। यहां वीराने में रखना ताकत जाया ही होगी। बेहतर हो कि चैकी या कोतवाली पर रखा जाय महेश की बाॅडी को।’ 
    
बात कायदे की थी। स्वीकृति में सुभाष ने सर हिलाया। सुभाष ने कहना जारी रखा ‘ध्यान रहे कि बाॅडी घर में पहुंचने के बाद सुबह तक समीकरण बदलने का खतरा मौजूद हो जाएगा। सुबह तक कोई न कोई बिचैलिया अपना खेल खेलने पहुंच जाएगा। तुम्हें सचेत रहना होगा और कोशिश करनी होगी कि बाॅडी को अंतिम संस्कार के लिए न ले जाया जाय।’ प्रमोद ने बात पूरी की। 
    
‘ठीक कह रहे हो भैय्या बाॅडी सुबह चैकी पर लेकर आयेंगे, सब लोग तैयार हैं।’ 
    
प्रमोदः अभी चल सकते हैं महेश के घर?
    
सुभाष: हां चलो, चलते हैं।
    
अगली सुबह जिसका डर था वही हुआ। मक्कार चीलें और गिद्ध अपना दांव खेल चुके हैं। महज 3 लाख मुआवजे की रकम पर महेश के भाई समझौते पर राजी हो चुके हैं। मायका पक्ष चैकी ले जाने की जिद पर है और सुभाष की तरफ आस भरी निगाहों से देखता है मगर महेश के भाई अंतिम संस्कार की जिद पकड़े हुए हैं। पांच बच्चों की परवरिश और सुरक्षा, महेश की पत्नी अपने जेठों की इच्छा के आगे निःसहाय हो चुकी है और उतना ही निःसहाय सुभाष खुद को भी पाता है।
    
प्रमोद: क्या बात सुभाष भाई! दुखी लग रहे हो? हाथ मिलाते हुए सुभाष से पूछा।
    
सुभाष: ‘मेरे पहुंचते ही उसके भाई मुझसे लड़ने लगे। मैंने तो ट्रैक्टर ट्राली भी बुला ली थी।’ दुखी होते हुए आवाज आई।
    
प्रमोद: ‘तुम जो कर सकते थे, जिस सही जमीन पर लड़ सकते थे तुम लड़े। तो क्या हुआ जो तुम हारे। हताशा या दुख करना योद्धा को शोभा नहीं देता।’ साहस बंधाते हुए प्रमोद ने कहा।
    
तभी दुकान पर 8, 9 साल की बच्ची आती है ‘भैय्या मम्मी की आंखों के लिए ये दवा दे दो।’
    
सुभाष की आंखों में व्याकुलता है। दवा लेकर छोटी लड़की चली गई।
    
सुभाष: ‘ये महेश की सबसे बड़ी बेटी है।’ कुछ पल की खामोशी। 
    
प्रमोद: इंसान की संवेदना ही उसे आदमी से मनुष्य बनाती है और मनुष्यता का सबसे ऊंचा रूप है एक कामरेड होना। गलत होने पर दुखी होना, आक्रोशित होना इंसानियत का धरातल है मगर महज भावुक होकर तो ये सब कुछ नहीं बदला जा सकता।
    
सुभाष: फिर सही रास्ता क्या है? इन सबका हल क्या है?
    
प्रमोद: सबसे पहले समस्या की मूल वजह तक पहुंचना, दूसरा इन सबको बदलने के लिए सचेत प्रयास। यही वो सफलता की कुंजी है जो एक नए मानव को जन्म देगी और नई दुनिया, नए समाज का निर्माण करेगी।
    
कुछ देर की खामोशी सब कुछ ढंक लेती है।             -पथिक

आलेख

/emerjency-tab-aur-ab

पिछले दस-बारह सालों में हिन्दू फासीवादियों ने इस अनौपचारिक आपातकाल की शैली को काफी विकसित किया है। कहां किस छेद का इस्तेमाल करना है, इसमें उन्होंने महारत हासिल की है। इनके इस कृत्य में न्यायपालिका की सहभागिता से यह काम और आसान हो गया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनर्रीक्षण इस सबका विशिष्ट उदाहरण है।

/piketi-ka-global-justice-project-samraajyavad-ki-pairokari

जैसा कि इंटरव्यू के शीर्षक से स्पष्ट है कि पिकेटी एक ऐसी दुनिया का ख्वाब परोसते हैं जिसमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये ज्यादातर लोग खुशहाल बन सकते हैं। इस सुन्दर दुनिया को हासिल करने के लिए वे किसी वर्ग संघर्ष बढ़ाने या क्रांति की वकालत नहीं करते। बल्कि वे कुछ नुस्खे सुझाते हैं जिस पर चल कर मौजूदा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी दुनिया को ही खुशनुमा बनाया जा सकता है। 

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है