शुक्रिया कामरेड

/shukriya-comrade

क्या संसार के सारे पुरुष एक जैसे होते हैं? 14 साल की सरिता को पुरुष समुदाय से जो अब तक मिला था उसमें ज्यादा बड़ा हिस्सा घुटन भरा था। पिता की उम्र के लोगों का घृणित स्पर्श हो या घर में आने वाले पुरुषों का, उसे अभी से पुरुषों के मनोभावों की अनुभूति हो चुकी थी। हालांकि पिता ने खाने-पीने से लेकर बाहर के लड़कों के साथ मारपीट में हमेशा साथ दिया था फिर भी वो उस पृष्ठभूमि से थे जहां लड़की को कभी कंधे पर बैठाकर घुमाया नहीं जाता था। लड़कों और लड़कियों में शिक्षा के बीच के फर्क की अनुभूति उसे भाइयों के बड़ा होने के साथ ही हो गई थी।
    
जीवन में ऐसा कुछ नहीं था जो बाकी लड़कियों से अलग हो। लड़की होने का अपराधबोध, तिरस्कार, घुटन, आंसू सब कुछ। बात उन दिनों की है जब पिता की फैक्टरी में हड़ताल हो गई थी। जब सारे मजदूरों का परिवार सड़क जाम करके बैठा हुआ था। वो पहला दिन था जब प्रफुल्ल दा को भाषण देते हुए सुना था। दुबला-पतला शरीर, हंसमुख चेहरा लेकिन शब्दों में अचूकपन जो सीधे हृदय में उतर जाता है। प्रफुल्ल दा बंगाल से थे। कभी स्वर लहरी शांत पानी सी बहती तो कभी मानो ऊंची लहरें यकायक तेज होकर साहिल से टकरातीं, तो कभी हास्य। चारों तरफ से वर्दीधारियों के बीच में घिरे निर्भीकता और साहस से भरी स्वर लहरी जिसने सभी को मानो अपने आगोश में ले लिया हो। सभा खत्म हुई। सभी बच्चे घर पहुंचे और आपस में प्रफुल्ल दा के बारे में चर्चा करने लगे। और वैसी ही चर्चा घर के बड़ों के बीच भी सुनी। उस दिन के बाद से प्रफुल्ल दा का चेहरा इस नई जगह का एक आम और खास चेहरा बनने वाला था।
    
आज ट्यूशन से लौटने में देर हो गई है। अंधेरा हो चुका है। अभी साइकिल खड़ी ही की थी कि दिल में एक धक सी हुई और एक परिचित स्वर कानों में पड़ा जो कमरे के भीतर चलने वाली मीटिंग से बाहर तक आ रहा था। रसोईघर में मां आज ज्यादा खुश मन से खाना बना रही है। क्या आज कोई खाना खाने आ रहा है? सरिता ने प्रश्न किया? हां, आज प्रफुल्ल यही रहेंगे। मां ने उत्तर दिया। एक बाल हृदय आज ज्यादा प्रसन्न है। ज्यादा खुशियों से भरा लग रहा है।
    
आज पहली बार प्रफुल्ल से हाथ मिलाया है जिसमें कुछ-कुछ लज्जा का भाव भी छिपा है। अब तक जिस बाल हृदय पुरुष के किसी भी अनैतिक मनोभाव को भांप लेने में अभ्यस्त हो चुका था उसे पहली दफा एहसास हुआ कि संसार में सभी मनुष्य एक समान नहीं होते। कि पुरुषों के भीतर ऐसी बहुत सी संवेदनाएं होती हैं जिनसे वह अभी तक अनजान थी।
    
प्रफुल्ल दा कब इस घर में एक सदस्य बन गए पता भी न चला। अब इस घर में एक ऐसा भी शख्स था जो ज्यादा फिक्रमंद था। दो कान सदैव ही सचेत रहते और चैनल पर पड़ने वाली हल्की सी आहट पर चौकन्ने हो जाते। चैनल खोलते-खोलते शिकायत भरे लहजे में कहते कि थोड़ा और देर से आते और जवाब में एक बाल सुलभ मुस्कान दुबले चेहरे पर खिल उठती। आंदोलन के चलते दिन भर का भूखा पेट अपनी यंत्रणा को छिपाने की कोशिश करता जिसे दो पारखी और चिंतातुर नजरें तुरंत पहचान लेतीं। धीमी आवाज में मां को जगाया जाता। ‘‘मां प्रफुल्ल दा आ गए हैं खाना खाएंगे’’। और फिर रात की नीरवता में बर्तनों के गैस पर चढ़ने की आवाज होती।
    
यदि मनुष्यता को परिभाषित किया जा सकता है तो कहा जा सकता है कि एक आदर्श मनुष्य होने की कसौटी है उसका दायित्वबोध जो सदैव मनुष्यता के हित में खड़ा हो। जहां मनुष्य की निजी महत्वाकांक्षाएं, व्यक्तिगत रुचि, उसकी निजी भावनाएं, प्रेम, व्यापक मेहनतकश समुदाय के साथ एकरूपता ग्रहण कर लें। जब मनुष्य खुद के साथ पल प्रतिपल इस संघर्ष में जूझता रहे कि उसका निजी व्यवहार, उसका मंथन समाज के विकास में क्या भूमिका निभाता है और मनुष्य सदैव इसी दिशा में अग्रसर होता है। मनुष्य जाति के प्रति जो सचेत प्रतिज्ञा उसने ली है उस सचेतनता के प्रति जो प्रतिबद्धता उसने ली है उसे लोहे की तरह ही मजबूत होना होता है। मृत्युपर्यंत इस दृढ़ता को निभाने की फौलादी जद्दोजहद में जो इंसान खरा उतरता है वही तूफानी पित्रेल कहलाने का सच्चा हकदार होता है।
    
अंततः वह दिन भी आया जब उन्हें अपने इस नए परिवार से विदा लेनी थी। इस घर के सभी  लोगों के साथ पड़ोस के लोगों के दिल भी भारी हैं। इतने कम समय में हर परिचित के जीवन में जितना प्रकाश भरा जा सकता था, अचानक से यूं लगा मानो जीवन की इस ज्योति को जिस तरलता से ऊर्जा मिल रही है वो धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। सभी दुःखी हैं। भारी दिल और नम आंखों से रास्ते के आखिरी छोर तक विदा देने आते हैं। प्रफुल्ल के लिए पलटकर देख पाना असंभव है। इस फौलादी और दृढ़ संकल्प कामरेड के भीतर जो कोमल भावनाएं हैं कहीं वो पारदर्शी जल बनकर आंखों में न उतर आएं जो सफर को और बोझिल बना दें इसलिए बिना पलटे हुए तूफानी पित्रेल अगली मंजिल की तरफ उड़ान भर देता है।
    
तूफानी पित्रेल नन्हे परिंदों को उड़ान भरना सिखाता है। तूफानों से लड़ना और जीतना सिखाता है और एक दिन अचानक से चला जाता है। लेकिन एक साया बनकर एक पिता, एक भाई, एक दोस्त बनकर परिंदों की निगरानी करता है, उनकी हिफाजत करता है। परिंदे जब ऊंची उड़ान भरना सीख लेते हैं, तब इस संरक्षित दायित्वबोध को अपनी अगली पीढ़ी के लिए संरक्षित करने की जद्दोजहद में जुट जाते हैं।
    
जीवन का एक अध्याय खत्म होता है और नया अध्याय शुरू होता है। सरिता जो इस विदाई के अंतिम लम्हे में शामिल नहीं थी अब 25 वर्ष की हो चुकी है। और चारों तरफ पुलिस के घेरे के बीच सभा को संबोधित कर रही है तभी उसे एक पुराना और परिचित चेहरा दिखाई देता है। वही हैं क्या? हां वहीं हैं। विदाई का लम्हा सजीव हो जाता है, पुरानी याद ताजा हो गई है कि किस तरह से रात भर की बेचैनी और उद्विग्नता के बाद सुबह उठते ही प्रफुल्ल द्वारा छोड़ा गया कागज का पुर्जा खोला गया था जिसके लिए प्रफुल्ल ने वादा मांगा था कि सुबह होने से पहले इसे नहीं खोलेगी। दिल की बढ़ी हुई धड़कनों और कांपते हुए हाथों से कागज का पुर्जा खोला गया जिस पर अंत में एक पंक्ति लिखी थी ‘‘ये आंखें हैं तुम्हारी या तकलीफ का उमड़ता हुआ समुंदर, इस दुनिया को जितनी जल्दी हो बदल देना चाहिए।’’ अपने हृदय की समस्त भावनाओं-संवेदनाओं को समेटते हुए मन ही मन एक शब्द निकलता है। ‘‘शुक्रिया कामरेड’’।
            -पथिक

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।