एक ऐसे वक्त में जब समूचा विपक्ष विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर) व मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खड़़ा है जब भाजपा-संघ पूरे जोर-शोर से चुनाव आयोग की रक्षा में जुटे हैं तब योगी अपने तीसरे पक्ष के साथ बहस में कूद पड़े हैं। योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि एस आई आर से उ.प्र. में 1.27 करोड़ हिन्दू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट गये हैं। साथ ही योगी ने एस आई आर से मुस्लिम मतदाता 1.65 प्रतिशत बढ़ने का भी दावा किया। उन्होंने चुनाव आयोग से इन विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
योगी ने इन दावों के पक्ष में कोई सबूत तो पेश नहीं किये पर एस आई आर को हिन्दू विरोधी बता संघ-भाजपा को एक तरह से सांसत में डाल दिया। योगी इस दावे के जरिये ये भी संदेश फैलाने की कोशिश में हैं कि मोदी-शाह से अधिक हिन्दू हितैषी वही हैं।
मोदी-शाह व योगी की टकराहट कोई नयी नहीं है। ये बीते कुछ वर्षों में कई बार टकरा चुके हैं। मोदी-शाह बाकी भाजपा नेताओं की तरह योगी के पर कतरने की कई कोशिशें कर चुके हैं पर अभी तक सफल नहीं हुए हैं। योगी भी बार-बार अपने बयानों से मोदी-शाह की राह असहज करने के साथ दिल्ली की गद्दी के लिए मोदी के बाद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते रहे हैं। हालांकि हर बार यह विवाद बढ़ने से पहले ही ढाप दिया जाता रहा है।
दरअसल योगी का बयान उस खुलासे के बाद आया जिसमें पता चला कि उ.प्र. के पंचायती व नगर निकायों की मतदाता सूची में एस आई आर उपरांत मतदाता सूची से 3.45 करोड़ नाम ज्यादा हैं। इसी आधार पर एस आई आर से 3 करोड़ नाम कटने का दावा किया जा रहा है। योगी की बातों ने उक्त दावों को मजबूत कर दिया है।
सपा ने उक्त आंकड़ों के आधार पर उ.प्र. के निर्वाचन अधिकारी पर कार्यवाही की मांग की है। वहीं उ.प्र. के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 17 नवम्बर को अंतिम सूची प्रकाशन के बाद सारे सवालों का जवाब देने की बात कही है।
एस आई आर के गड़बड़झाले एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। कहीं सैकड़ों योग्य मतदाताओं के नाम गायब हैं तो कहीं एक ही मतदाता कई बूथों पर मतदाता बन गया है। कहीं चुनाव आयोग की ओर से ही फर्जी शिकायत पर सैकड़ों नाम काट लिये जा रहे हैं तो गोवा की तरह कहीं चुनाव अधिकारी चाह कर भी नये नाम पोर्टल पर इसलिए नहीं जोड़ पा रहा है क्योंकि चुनाव आयोग ने पोर्टल लाॅक कर दिया। कहीं ढेरों गायब मतदाताओं को झूठ बोल नये मतदाता का फार्म भरने को कहा जा रहा है।
इतने गड़बड़झाले के बाद जरूरी था कि इस एस आई आर प्रक्रिया को रद्द कर दिया जाता। पर मोदी-शाह कानों में तेल डाले बैठे हैं वे ज्ञानेश कुमार की आरती उतारने में जुटे हैं। योगी के बयान ने इस आरती उतारने में थोड़ा रंग में भंग जरूर डाला है। योगी खुद को हिन्दू हितैषी साबित करने में जुटे हैं। अब आने वाले वक्त में पता चलेगा कि योगी का यह दांव दरअसल उनके लिए फायदेमंद साबित होता है या नुकसानदायक।
एस आई आर व ज्ञानेश कुमार की करतूतों से भारतीय चुनावों की तथाकथित निष्पक्षता-पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गये हैं और सत्ता परिवर्तन के वैकल्पिक उपायों की चर्चा शुरू हो गयी है।
योगी ने सत्ता परिवर्तन के प्रदर्शनकारियों को सरकारी नौकरी हेतु अयोग्य घोषित करने की घोषणा कर प्रदर्शनों को कुचलने, हतोत्साहित करने का रुख अपनाया है। अब भविष्य ही बतायेगा कि योगी इन सब हरकतों से अपनी सत्ता बचा पाते हैं या नहीं।