बालक बुद्धि और नंगा राजा

कहावत है कि नंगे राजा को नंगा कहने के लिए एक बच्चे के साहस की आवश्यकता होती है। 
    
यह कहावत संभवतः हैन्स क्रिसियन एन्डरसन द्वारा प्रस्तुत बालकथा ‘सम्राट की नयी पोशाक’ से उपजी। स्वयं एन्डरसन ने यह बालकथा तेरहवीं सदी से ही चली आ रही एक कहानी के आधार पर रची। 
    
इस कथा में एक मूर्ख और अहंकारी राजा है जिसे कपड़ों का बहुत शौक है। वह हर घंटे अपनी पोशाक बदलता है। सारे लोगों को यह पता है। इसी का फायदा उठाने के लिए कुछ ठग उस राजा के पास आते हैं और कहते हैं कि वे ऐसी शानदार पोशाक बना सकते हैं जो राजा ने कभी नहीं देखी होगी। बस वह मूर्ख लोगों को नहीं दिखाई देगी। राजा स्वयं को तो बुद्धिमान समझता ही था इसलिए उसने अपने दरबारियों में से मूर्ख लोगों की पहचान करने के लिए सबको यह पोशाक पहनाने की सोची। उसने ठगों को ढेर सारा पैसा व सोना-चांदी दिया कि वे राजा समेत सबके लिए यह अद्भुत पोशाक बनाएं। ठग पोशाक बनाने का अभिनय करते रहे और अंत में बताया कि सबके लिए पोशाक तैयार हो गयी है। राजा ने इस शानदार नयी पोशाक में राजधानी में जुलूस निकालने का निर्णय लिया जिससे प्रजा उसे देख सके। ठगों ने राजा समेत सारे दरबारियों को नयी पोशाक पहनाने का अभिनय किया जबकि असल में सब नंगे ही रहे। राजा समेत सभी नयी शानदार पोशाक पहनने का अभिनय करते रहे जिससे वे मूर्ख न कहलाएं। अंत में नंगों का यानी नंगे राजा और दरबारियों का जुलूस निकल पड़ा। प्रजा में सारे लोग नंगों के इस जुलूस को देखकर मन ही मन हंस रहे थे पर, डर के मारे या स्वयं मूर्ख न घोषित हो जायें, चुप थे। अंत में एक छोटा बच्चा, जो अपने माता-पिता के साथ आया था, बोल पड़ा- ‘राजा तो नंगा है’। अब सच्चाई से मुंह चुराना सबके लिए मुश्किल हो गया लेकिन तब तक ठग माल-मता लेकर चंपत हो चुके थे। 
    
अपने देश में भी एक नंगा राजा है। उसे भी कपड़ों का बहुत शौक है। वह भी घड़ी-घड़ी पोशाक बदलता है। वह भी अपने को बुद्धिमान समझता है और अहंकारी है। यह इतना अहंकारी है कि हर साल बच्चों को परीक्षा पास करने के गुर सिखाता है जबकि स्वयं अपनी डिग्री दिखाने को तैयार नहीं। 
    
यह राजा किसी राजतंत्र का राजा नहीं है। यह लोकतंत्र में चुना गया था पर उसने स्वयं को राजा मान लिया। सब लोग उसे राजा मान लें इसलिए उसने संसद में ‘सेंगोल’ नामक एक छड़ी भी उसी अंदाज में रखवा दी जैसे उसका राज्याभिषेक हो रहा है। 
    
देश में ठगों की पूरी जमात है जो इस राजा की मूर्खता और अहंकार का फायदा उठाने में लगी हुयी है। वह जमात रोज उसके लिए नयी-नयी पोशाक पेश करती है। कभी वह विश्व गुरू बन जाता है तो कभी आध्यात्मिक गुरू। कभी वह बच्चों को परीक्षा पास करवाने लगता है तो कभी दुनिया के युद्ध रुकवाने में लग जाता है। दुनिया के सारे नेता इस नंगे राजा को देख मन ही मन हंसते हैं पर चुप रहते हैं क्योंकि उनका काम निकलता रहता है। कभी-कभी वे खुद भी उसे पोशाक पहना देते हैं जैसे एक ने उसे ‘बॉस’ घोषित कर दिया। 
    
यह राजा ठगों द्वारा दी गयी पोशाक पहनने-उतारने में इतना व्यस्त रहता है कि राजकाज का काम बिल्कुल नहीं देख पाता। वैसे भी वह इतना कूढ़मग्ज है कि देश की तमाम समस्याओं को वह समझ भी नहीं सकता। इसीलिए वह बस इतना करता है कि पहले से चली आ रही योजनाओं को अपने नाम से चला देता है। उसके लिए नया नामकरण ही कुछ नया करना है। 
    
लगता है इस राजा ने पिछले दिनों एंडरसन की बाल कथा पढ़ ली है। या हो सकता हे कि उसके दरबारियों में से किसी ने यह कथा उसे सुना दी हो। इसीलिए वह बालक बुद्धि से बहुत भयभीत हो गया है। उसे डर है कि बालक बुद्धि उसके नंगेपन को सारी दुनिया में कहीं उजागर न कर दे। इसीलिए वह कोशिश कर रहा है कि लोग बालक बुद्धि पर विश्वास न करें। 
    
इस बीच ठग काफी सारा माल हथिया चुके हैं। वे राजा को अभी भी नयी-नयी पोशाक पहनाये जा रहे हैं। राजा भी उन्हें पहनता जा रहा है कि शायद कोई उसके काम आ जाये। अंत में राजा पायेगा कि ठग उसे नंगा छोड़ माल-मता लेकर चंपत हो चुके हैं। 

आलेख

बलात्कार की घटनाओं की इतनी विशाल पैमाने पर मौजूदगी की जड़ें पूंजीवादी समाज की संस्कृति में हैं

इस बात को एक बार फिर रेखांकित करना जरूरी है कि पूंजीवादी समाज न केवल इंसानी शरीर और यौन व्यवहार को माल बना देता है बल्कि उसे कानूनी और नैतिक भी बना देता है। पूंजीवादी व्यवस्था में पगे लोगों के लिए यह सहज स्वाभाविक होता है। हां, ये कहते हैं कि किसी भी माल की तरह इसे भी खरीद-बेच के जरिए ही हासिल कर उपभोग करना चाहिए, जोर-जबर्दस्ती से नहीं। कोई अपनी इच्छा से ही अपना माल उपभोग के लिए दे दे तो कोई बात नहीं (आपसी सहमति से यौन व्यवहार)। जैसे पूंजीवाद में किसी भी अन्य माल की चोरी, डकैती या छीना-झपटी गैर-कानूनी या गलत है, वैसे ही इंसानी शरीर व इंसानी यौन-व्यवहार का भी। बस। पूंजीवाद में इस नियम और नैतिकता के हिसाब से आपसी सहमति से यौन व्यभिचार, वेश्यावृत्ति, पोर्नोग्राफी इत्यादि सब जायज हो जाते हैं। बस जोर-जबर्दस्ती नहीं होनी चाहिए। 

तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले

ये तीन आपराधिक कानून ना तो ‘ऐतिहासिक’ हैं और ना ही ‘क्रांतिकारी’ और न ही ब्रिटिश गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले। इसी तरह इन कानूनों से न्याय की बोझिल, थकाऊ अमानवीय प्रक्रिया से जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली। न्यायालय में पड़े 4-5 करोड़ लंबित मामलों से भी छुटकारा नहीं मिलने वाला। ये तो बस पुराने कानूनों की नकल होने के साथ उन्हें और क्रूर और दमनकारी बनाने वाले हैं और संविधान में जो सीमित जनवादी और नागरिक अधिकार हासिल हैं ये कानून उसे भी खत्म कर देने वाले हैं।

रूसी क्षेत्र कुर्स्क पर यूक्रेनी हमला

जेलेन्स्की हथियारों की मांग लगातार बढ़ाते जा रहे थे। अपनी हारती जा रही फौज और लोगों में व्याप्त निराशा-हताशा को दूर करने और यह दिखाने के लिए कि जेलेन्स्की की हुकूमत रूस पर आक्रमण कर सकती है, इससे साम्राज्यवादी देशों को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए अपने दावे को मजबूत करने के लिए उसने रूसी क्षेत्र पर आक्रमण और कब्जा करने का अभियान चलाया। 

पूंजीपति वर्ग की भूमिका एकदम फालतू हो जानी थी

आज की पुरातन व्यवस्था (पूंजीवादी व्यवस्था) भी भीतर से उसी तरह जर्जर है। इसकी ऊपरी मजबूती के भीतर बिल्कुल दूसरी ही स्थिति बनी हुई है। देखना केवल यह है कि कौन सा धक्का पुरातन व्यवस्था की जर्जर इमारत को ध्वस्त करने की ओर ले जाता है। हां, धक्का लगाने वालों को अपना प्रयास और तेज करना होगा।

राजनीति में बराबरी होगी तथा सामाजिक व आर्थिक जीवन में गैर बराबरी

यह देखना कोई मुश्किल नहीं है कि शोषक और शोषित दोनों पर एक साथ एक व्यक्ति एक मूल्य का उसूल लागू नहीं हो सकता। गुलाम का मूल्य उसके मालिक के बराबर नहीं हो सकता। भूदास का मूल्य सामंत के बराबर नहीं हो सकता। इसी तरह मजदूर का मूल्य पूंजीपति के बराबर नहीं हो सकता। आम तौर पर ही सम्पत्तिविहीन का मूल्य सम्पत्तिवान के बराबर नहीं हो सकता। इसे समाज में इस तरह कहा जाता है कि गरीब अमीर के बराबर नहीं हो सकता।