सीमा-अंजू और पुरुष प्रधान मीडिया

आज देश की सारी समस्यायें गरीबी, बेकारी, महंगाई खत्म हो गयी हैं। खेतों में दिन-रात मेहनत करते-घाटे की खेती करते गरीब किसान की बदहाली गायब हो गयी है। अब देश की इकलौती सर्वप्रमुख समस्या यह रह गई है कि पाकिस्तान से अपना परिवार छोड़ भारत आने वाली सीमा और भारत से परिवार छोड़ पाक जाने वाली अंजू ने सही किया या गलत। कि क्या सीमा पाक जासूस तो नहीं कि अंजू कहीं पाक के षड्यंत्रकारी एजेण्डे का शिकार तो नहीं। खबरिया टी वी चैनलों को आज खोल कर देखा जाये तो अंजू-सीमा प्रकरण की चीड़-फाड़ में एंकर-एंकरायें-रिपोर्टर सब व्यस्त हैं। 
    
भारत के खबरिया टी वी चैनलों के लिए मानो फिल्मी हीरो-हीरोईनों की जिन्दगी के कोनों में झांकने से चैन नहीं आ रहा था, कि उन्होंने सीमा-अंजू को पहले नायिका-खलनायिका के बतौर स्थापित किया और फिर जुट गये उनके जीवन की चीड़-फाड़ करने में। भारत-पाक का उनका होने ने कहानी में और जायका पैदा कर दिया। इस जायकेदार व्यंजन को परोसने में टी वी चैनल व्यस्त हैं। 
    
चूंकि कहानी में मुख्य किरदार महिलायें हैं तो मीडिया भला उनके बहाने देश की महिलाओं को संस्कृति की शिक्षा देने से क्यों पीछे रहता। आखिर मीडिया का पुरुष प्रधान चेहरा कैसे छिप सकता था। एंकर कम उपदेशक परिवार नाम की संस्था का गुणगान करते हुए बताने लगे कि अपने परिवार को छोड़ कर प्रेम कर सीमा-अंजू ने कितना बड़ा गुनाह कर दिया है। कि सीमा-अंजू की कहानी दिखा रही है कि महिलाओं की आजाद ख्याली उन्हें बिगाड़ने की ओर ले जा रही है। पुरुष प्रधान मीडिया को सीमा-अंजू को कोसते वक्त एक बार भी याद नहीं आया कि परिवार नामक संस्था को लात मार बिगाड़ने वाले पुरुष महिलाओं से बहुत ज्यादा हैं। कि पुरुषों ने तो खुद को कभी ‘परिवार’ संस्था के अनुशासन में बांधा ही नहीं। कि कितने बिगड़ैल नामी-गिरामी पुरुष तो आज मीडिया से लेकर राजनीति में हर ओर देखे जा सकते हैं। इन पुरुषों के बिगड़ने को लेकर तो मीडिया ने कभी खबर नहीं चलाई। देश के मुखिया खुद अपनी पत्नी को छोड़ कर बैठे हैं। वे बिगडैल हैं कि नहीं, इस पर तो मीडिया ने कभी अन्यथा प्रलाप नहीं किया। सवाल यह नहीं है कि सीमा-अंजू ने जो किया वह सही है या गलत सवाल यह है कि सीमा-अंजू के बहाने महिलाओं को निशाने पर क्यों लिया जा रहा है। 
    
सीमा-अंजू के नाम पर भारत-पाक का प्रश्न उठा मीडिया कहानी में ‘राष्ट्रवादी’ छौंका लगाने से भी बाज नहीं आया। सीमा पाक की जगह किसी और देश से आती और अंजू पाक की जगह कहीं और जाती तो यह कहानी दो दिन भी नहीं चलती। कहानी के जरिये भारत और पाक दो दुश्मन देश हैं इसे स्वयं सिद्ध सच्चाई की तरह बारम्बार स्थापित किया जा रहा है और बहस इस दुश्मनी पर नहीं दुश्मनों से प्रेम पर हो रही है। कि क्या दुश्मन देश के वासी से प्रेम करना जायज है? एक बार फिर अंधराष्ट्रवाद का गुबार खड़ा कर प्रवचन झाड़ा जा रहा है कि दुश्मन कौम से प्रेम देश से गद्दारी है। इसी बहाने पाक को कोसने का कोई मौका नहीं छोड़ा जा रहा है। 
    
पाक को दिन-रात कोसने वाले मीडिया को नजर नहीं आता कि पाक सत्ता अपने यहां आई महिला के साथ कहीं बेहतर व्यवहार कर रही है। कि वहां का मीडिया भी भारत की तरह उनके जीवन की चीड़ फाड़ नहीं कर रहा है। 
    
इस चीड़ फाड़ के बीच ही मणिपुर सुलगता रहता है। वहां इण्टरनेट बंद रहता है देश का मुखिया मणिपुर पर चुप्पी साधे रहता है अतः मीडिया भी मणिपुर को ‘पराया’ मान चुप्पी साधे रखता है। अंततः मणिपुर से वायरल वीडियो के असर में जब जनता पूरे देश में सड़कों पर उतरती है तो मीडिया कुछ जागता दिखता है पर अपनी चहेती सत्ता को इस मुद्दे पर सोता देख इस मुद्दे पर खानापूरी कर सो जाता है और सीमा-अंजू को आगे कर देता है। 
    
सीमा-अंजू के बहाने वास्तविक मुद्दों से भटकाने की मीडिया दिन-रात जुगत भिड़ाता है। कहानी में हर रोज नया एंगल पैदा करता है। उसे चार सच्चे-झूठे मसाले से लपेट नया बनाकर परोसता है। उसमें नया-नया तड़का डालता है। यह सब वह तब तक करता रह सकता है जब तक उसे कोई नई खबर नहीं मिल जाती जिससे पाक को कोसा जा सके, हिन्दू-मुस्लिम वैमनस्य बढ़ाया जा सके या फिर सरकार के कसीदे गढ़े जा सकें।
    
आश्चर्यजनक किन्तु सत्य है कि देश के कारपोरेट घरानों के टुकड़ों पर चलने वाला पूंजीवादी मीडिया सीमा-अंजू प्रकरण पर इतन पैसा पत्रकारिता के नाम पर बहा देता है। आखिर ऐसी खबरों पर बहाने के लिए पैसा कहां से आता है? यह पैसा मजदूरों-मेहनतकशों के श्रम की लूट कर कमाया जाता है। मजदूरों-मेहनतकशों से लूटे पैसे से देश की जनता को सीमा-अंजू की कहानी सुना अपने वास्तविक मुद्दों- बेकारी, महंगाई, गरीबी से दूर किया जाता है।     -एक पाठक 

आलेख

/amerika-aur-russia-ke-beech-yukrain-ki-bandarbaant

अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूक्रेन की स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखण्डता कभी भी चिंता का विषय नहीं रही है। वे यूक्रेन का इस्तेमाल रूसी साम्राज्यवादियों को कमजोर करने और उसके टुकड़े करने के लिए कर रहे थे। ट्रम्प अपने पहले राष्ट्रपतित्व काल में इसी में लगे थे। लेकिन अपने दूसरे राष्ट्रपतित्व काल में उसे यह समझ में आ गया कि जमीनी स्तर पर रूस को पराजित नहीं किया जा सकता। इसलिए उसने रूसी साम्राज्यवादियों के साथ सांठगांठ करने की अपनी वैश्विक योजना के हिस्से के रूप में यूक्रेन से अपने कदम पीछे करने शुरू कर दिये हैं। 
    

/yah-yahaan-nahin-ho-sakata

पिछले सालों में अमेरिकी साम्राज्यवादियों में यह अहसास गहराता गया है कि उनका पराभव हो रहा है। बीसवीं सदी के अंतिम दशक में सोवियत खेमे और स्वयं सोवियत संघ के विघटन के बाद अमेरिकी साम्राज्यवादियों ने जो तात्कालिक प्रभुत्व हासिल किया था वह एक-डेढ़ दशक भी कायम नहीं रह सका। इस प्रभुत्व के नशे में ही उन्होंने इक्कीसवीं सदी को अमेरिकी सदी बनाने की परियोजना हाथ में ली पर अफगानिस्तान और इराक पर उनके कब्जे के प्रयास की असफलता ने उनकी सीमा सारी दुनिया के सामने उजागर कर दी। एक बार फिर पराभव का अहसास उन पर हावी होने लगा।

/hindu-fascist-ki-saman-nagarik-sanhitaa-aur-isaka-virodh

उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता को लागू कर दिया है। इस संहिता को हिंदू फासीवादी सरकार अपनी उपलब्धि के रूप में प्रचारित कर रही है। संहिता

/chaavaa-aurangjeb-aur-hindu-fascist

इतिहास को तोड़-मरोड़ कर उसका इस्तेमाल अपनी साम्प्रदायिक राजनीति को हवा देने के लिए करना संघी संगठनों के लिए नया नहीं है। एक तरह से अपने जन्म के समय से ही संघ इस काम को करता रहा है। संघ की शाखाओं में अक्सर ही हिन्दू शासकों का गुणगान व मुसलमान शासकों को आततायी बता कर मुसलमानों के खिलाफ जहर उगला जाता रहा है। अपनी पैदाइश से आज तक इतिहास की साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से प्रस्तुति संघी संगठनों के लिए काफी कारगर रही है। 

/bhartiy-share-baajaar-aur-arthvyavastha

1980 के दशक से ही जो यह सिलसिला शुरू हुआ वह वैश्वीकरण-उदारीकरण का सीधा परिणाम था। स्वयं ये नीतियां वैश्विक पैमाने पर पूंजीवाद में ठहराव तथा गिरते मुनाफे के संकट का परिणाम थीं। इनके जरिये पूंजीपति वर्ग मजदूर-मेहनतकश जनता की आय को घटाकर तथा उनकी सम्पत्ति को छीनकर अपने गिरते मुनाफे की भरपाई कर रहा था। पूंजीपति वर्ग द्वारा अपने मुनाफे को बनाये रखने का यह ऐसा समाधान था जो वास्तव में कोई समाधान नहीं था। मुनाफे का गिरना शुरू हुआ था उत्पादन-वितरण के क्षेत्र में नये निवेश की संभावनाओं के क्रमशः कम होते जाने से।