मजदूर पूंजीपतियों की गुलामी क्यों करें? कब तक करें?

भारत ही नहीं विश्व का मजदूर आंदोलन एक विचित्र अवस्था से गुजर रहा है। मजदूर वर्ग के पुराने संगठन, पार्टियां अपने ढलान की ओर हैं, और नये संगठन, नये आंदोलन विकसित नहीं हो पा रहे हैं। मजदूर वर्ग एक तरह से निहत्था है और पूंजीपति वर्ग के हमले का ढंग से जवाब नहीं दे पा रहा है। यहां तक कि वह अपना बचाव तक भी नहीं कर पा रहा है। मजदूर वर्ग में बिखराव है और वर्गीय चेतना का अभाव है। 
    
ऐसी बुरी अवस्था में मई दिवस कहीं अनुष्ठान दिवस तो कहीं-कहीं भाग्यशाली मजदूरों के लिए अवकाश दिवस में बदल कर रह गया है। जिन शहरों में मजदूरों की आबादी हजारों, लाखों में है वहां चंद मुट्ठी भर मजदूर या कुछेक मजदूर नेता रस्मी तौर पर मई दिवस के दिन इकट्ठे होते हैं और ऐसी आवाज में ‘दुनिया के मजदूरो, एक हो’ और ‘इंकलाब जिन्दाबाद’ के नारे लगाते हैं जो मजदूरों के कान तक तो क्या स्वयं उनके कान तक नहीं पहुंच पाते हैं। यानी नारा लगाने के बाद वे मजदूरों की एकता और इंकलाब को जिन्दाबाद बनाने के लिए साल भर या तो कुछ नहीं करते हैं या जो कुछ करते भी हैं तो उसका मजदूर वर्ग की एकता और इंकलाब से अक्सर दूर-दूर का भी संबंध नहीं होता है। 
    
यह इतिहास का एक ऐसा समय है जब मजदूरों की एकता और इंकलाब के बोध की आवश्यकता सबसे अधिक है तब वह भांति-भांति से बंटा हुआ है। और उससे भी बुरी बात यह है कि वह पूंजीवादी दलों का या तो पिच्छलग्गू बना हुआ है या फिर वह पूरे तौर से अपने खोल में सिमटा हुआ है। 
    
जब मजदूर वर्ग की ऐसी अवस्था हो तब क्या किया जाए। जब मजदूर वर्ग पूंजीपति वर्ग के खिलाफ कुछ सार्थक करने की स्थिति में न हो तो क्या किया जाए। चंद लोग भला क्या कर सकते हैं?
    
चंद लोग क्या कर सकते हैं, का सीधा सा जवाब तो यही हो सकता है कि वे एक बार फिर से नई शुरूवात कर सकते हैं। नई ढंग से शुरूवात करने के लिए त्याग, बलिदान की भावना, संकल्प-शक्ति व दृढ़ता के साथ-साथ सबसे ज्यादा इस बात को समझने की आवश्यकता है कि मजदूर पूंजीपतियों के गुलाम हैं। और इस गुलामी को न समझने के कारण वे उसके खिलाफ कोई संघर्ष भी नहीं छेड़ सकते हैं। अधिक से अधिक जो आज होता है वह यह कि वे हड़ताल कर बैठते हैं। हड़ताल आज के दौर में कम ही सफल होती हैं। ऐसे संघर्ष नये संघर्षों का संकल्प लेने व करने के स्थान पर ऐसे बुरे सबक के रूप में सामने आते हैं कि लड़ने से लाभ नहीं और नुकसान होता है। दूसरे शब्दों में वे चुपचाप पूंजीपति वर्ग की चाकरी स्वीकार कर लेते हैं। उसके सामने समर्पण कर देते हैं। इसमें बेरोजगारी, परिवार की जिम्मेदारी, गरीबी आदि अपनी भूमिका निभाते हैं। 
    
ऐसे में एकता, संगठन और क्रांतिकारी विचारों का अभाव मजदूर वर्ग के लिए, उसके संघर्षों के लिए सबसे बड़ा अभिशाप बन जाता है। और इसमें सर्वोपरि रूप में क्रांतिकारी विचारों से अपरिचय अभिशाप बन कर उभरता है। क्यांकि क्रांतिकारी विचार ही मजदूर वर्ग में ऐसी एकता व संगठन को जन्म दे सकते हैं जो पूंजीपति वर्ग और उसकी व्यवस्था को वास्तविक रूप में चुनौती दे सकते हैं। कभी कहा गया था कि क्रांतिकारी विचार के बिना क्रांतिकारी आंदोलन नहीं हो सकता है तो सही कहा गया था। सौ फीसदी सही कहा गया था। 
    
मजदूर वर्ग के पुराने संगठनों, पार्टियों ने बहुत अरसे पहले ही क्रांतिकारी विचार को त्याग दिया था। कुछेक संगठन तो ऐसे थे जिन्होंने क्रांतिकारी विचार को कभी समझा ही नहीं और कुछेक क्रांतिकारी विचारों से सदा घृणा करते थे। ऐसी अवस्था में सही शुरूआत करने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है मजदूर वर्ग में क्रांतिकारी विचार का प्रचार किया जाए। और क्रांतिकारी विचार के आधार पर संगठन व संघर्ष खड़े किये जायें। 
    
मजदूर वर्ग की मुक्ति के महाकार्य को एक क्षण भी विस्मृत किये बगैर संघर्षों की राह में आगे बढ़ा जाये। इस राह में मिलने वाली क्षणिक सफलता अथवा असफलताओं के फेर में ज्यादा न पड़ा जाए। महाकार्य को लक्ष्य में रखकर निरन्तर आगे बढ़ा जाए। 
    
मुक्ति के महाकार्य से क्या मतलब है। इसका मतलब है कि मजदूर वर्ग को न केवल अपनी वर्तमान परिस्थितियों को बदलना होगा बल्कि उसे अपने आपको भी बदलना होगा। इसलिए बदलना होगा ताकि वह राजनैतिक सत्ता को अपने कब्जे में लेने के लिए सक्षम हो सके। क्योंकि राजनैतिक सत्ता को अपने कब्जे में लिए बगैर वह अपनी मुक्ति की दिशा में एक भी वास्तविक कदम नहीं उठा सकता है। इसे ही दूसरी भाषा में क्रांति अथवा इंकलाब कहा जाता है। क्रांति का अर्थ है पूंजीपति वर्ग की राजसत्ता को खत्म करके मजदूर वर्ग की राजसत्ता किसानों व मध्य वर्ग के सहयोग से कायम करना। मेहनतकश किसानों व मध्य वर्ग की मुक्ति का कदम समाज का सबसे बड़ा वर्ग मजदूर वर्ग ही उनके सहयोग व अपने नेतृत्व में उठा सकता है। मेहनतकश किसान, समाज के निम्न मध्यम वर्ग, बुद्धिजीवी तबके, छात्र-नौजवान मजदूर वर्ग के स्वाभाविक साथी हैं। 
    
इंकलाब की मशाल हाथ में थाम कर ही मजदूर वर्ग अपनी रोजमर्रा की लड़़ाई, ट्रेड यूनियन के संघर्ष, सुधारों की कोशिश आदि के कार्यों को कर सकता है। इंकलाब की मशाल यदि वह फेंक देता है तो उसके सारे संघर्ष अंधेरी सुरंग में जा फंसते हैं। जुझारू से जुझारू संघर्ष भी उसकी मुक्ति की दिशा में कुछ खास नहीं कर पाते हैं। और जो कुछ वह हासिल भी करता है वह अल्प अवधि में उसके हाथ से छिन जाता है। पूंजीपति पुनः पुनः उसे अपने चंगुल में फंसा ले जाता है। इसमें सबसे बड़ी भूमिका उसकी राजसत्ता की होती है। 
    
मई दिवस के अवसर पर भारत सहित पूरी दुनिया के मजदूरों के सामने जो सवाल नाच रहा है वह यह कि मजदूर पूंजीपतियों की गुलामी क्यों करें? और कब तक करें? और ऐसा क्या करें कि वह अपनी मुक्ति की ओर आगे बढ़े। 

आलेख

/chaavaa-aurangjeb-aur-hindu-fascist

इतिहास को तोड़-मरोड़ कर उसका इस्तेमाल अपनी साम्प्रदायिक राजनीति को हवा देने के लिए करना संघी संगठनों के लिए नया नहीं है। एक तरह से अपने जन्म के समय से ही संघ इस काम को करता रहा है। संघ की शाखाओं में अक्सर ही हिन्दू शासकों का गुणगान व मुसलमान शासकों को आततायी बता कर मुसलमानों के खिलाफ जहर उगला जाता रहा है। अपनी पैदाइश से आज तक इतिहास की साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से प्रस्तुति संघी संगठनों के लिए काफी कारगर रही है। 

/bhartiy-share-baajaar-aur-arthvyavastha

1980 के दशक से ही जो यह सिलसिला शुरू हुआ वह वैश्वीकरण-उदारीकरण का सीधा परिणाम था। स्वयं ये नीतियां वैश्विक पैमाने पर पूंजीवाद में ठहराव तथा गिरते मुनाफे के संकट का परिणाम थीं। इनके जरिये पूंजीपति वर्ग मजदूर-मेहनतकश जनता की आय को घटाकर तथा उनकी सम्पत्ति को छीनकर अपने गिरते मुनाफे की भरपाई कर रहा था। पूंजीपति वर्ग द्वारा अपने मुनाफे को बनाये रखने का यह ऐसा समाधान था जो वास्तव में कोई समाधान नहीं था। मुनाफे का गिरना शुरू हुआ था उत्पादन-वितरण के क्षेत्र में नये निवेश की संभावनाओं के क्रमशः कम होते जाने से।

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो।