56 इंची सीने से विरोध के 5 शब्द भी न निकले

Published
Tue, 06/16/2026 - 07:50
/56-inch-seene-se-virodha-ke-5-sabda-bhi-n-nikale

अमेरिका द्वारा 3 भारतीय नाविकों की हत्या

होरमुज के निकट मालवाहक जहाजों पर हमला कर अमेरिकी साम्राज्यवादियों ने 3 भारतीय नाविकों की हत्या कर दी। आरोप है कि ये जहाज अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर आगे बढ़ रहे थे। जहाज में सवार 24 लोगों में 3 भारतीय नाविक इस हमले में मारे गये। 
    
भारतीय नागरिकों की अमेरिकी साम्राज्यवादियों द्वारा की गयी हत्या पर हर कोई उम्मीद कर रहा था कि 56 इंची सीने वाले प्रधानमंत्री अमेरिका को माकूल जवाब देंगे। पर ऐसा नहीं हुआ। 56 इंची सीने वाले प्रधानमंत्री के मुंह से अमेरिका के विरोध में 5 शब्द भी नहीं निकले। वे पूरी तरह मौन साध गये। इस घटना पर प्रतिक्रिया देने का जिम्मा विदेश मंत्रालय ने संभाला। पहले अमेरिकी राजनयिक व फिर अमेरिकी विदेश मंत्री को फोन कर भारत के विदेश मंत्री ने आपत्ति जतायी। इन्होंने भी अमेरिकी हमले की निन्दा तक नहीं की। खबर यह भी है कि अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने उल्टा भारतीय विदेश मंत्री को खरी-खोटी सुना दी कि जहाज अमेरिकी नाकाबंदी को क्यों तोड़ रहा था। इस पर भारतीय विदेश मंत्री कोई आपत्ति भी नहीं जता पाये। 
    
भारत के 3 नाविक किसी युद्धपोत पर सवार नहीं थे वे एक मालवाहक पोत पर सवार थे। एमटी सेटेबेलो नामक पोत जब ओमान सागर से गुजर रहा था तो अमेरिकी विमान ने इसके इंजन को निशाना बनाया। तुरंत आसमान में धुएं का बड़ा गुबार उठा। पलाउ के झंडे वाले इस जहाज पर हुए हमले में 3 भारतीयों के मारे जाने की अमेरिका ने पुष्टि की। 
    
अब न केवल भारत के भीतर बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में इस घटना पर भारत की कमजोर प्रतिक्रिया पर बहस छिड़ गयी है। भारत में कुछेक मजदूर संगठनों ने घटना की निन्दा करते हुए भारत सरकार से अमेेरिका को कड़ी भाषा में उत्तर देने की मांग की। 
    
पर भारतीय शासक अमेरिकी साम्राज्यवादियों के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को जारी रखने की खातिर किसी कड़े रुख तो दूर कायदे से सवाल पूछने को भी तैयार नहीं हैं। भारत के संघी अमेरिकापरस्त शासक अमेरिका-ईरान युद्ध के मसले पर पाकिस्तान के वार्ताकार बनने व अमेरिका-पाक के गहराते रिश्तों से चिंतित हैं। ऐसे में वे प्रश्न उठा अमेरिका को नाराज करने का जोखिम नहीं लेना चाहते। आलोचक दावा कर रहे हैं कि अगर यही हरकत पाकिस्तान ने की होती तो भारतीय शासक अब तक आसमान सिर पर उठा चुके होते। पाकिस्तान को ‘घर में घुस कर मारने’ की धमकी दे दी जाती और समूचे देश में पाक के खिलाफ हर जगह प्रदर्शन शुरू हो चुके होते। पर अमेरिकी साम्राज्यवादियों के आगे भारत के संघी शासक भीगी बिल्ली बन जाते हैं। बीते 1 वर्ष में अमेरिकी सरगना ने न जाने कितनी बार भारत के लिए दिक्कततलब दावे किये पर भारतीय शासक उनके आगे सिर झुकाये रहे। 
    
यह सब दिखाता है कि 56 इंची सीने का -संघी ताकतों का राष्ट्रवाद का सारा ढिंढोरा फर्जी है। ये पाकिस्तान के खिलाफ ही सारा राष्ट्रवाद दिखाते हैं और कहीं बड़े अत्याचारी अमेरिका के आगे भीगी बिल्ली बन जाते हैं। 56 इंच का सीना पाक पर ही बरस सकता है। ट्रम्प के आगे तो वह सिकुड़ कर 5 इंच का रह जाता है। 
    
देश के भीतर हर किसी को देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाले संघी अपने नागरिकों की अमेरिका द्वारा हत्या पर मौन साध कर देश से गद्दारी व अमेरिकी भक्ति का ही प्रदर्शन कर रहे हैं। अमेरिका के निर्देश पर ये रूस से कभी तेल खरीदते हैं तो कभी बंद कर देते हैं। अमेरिका के कहने पर ईरान से तेल खरीद रोक देते हैं।
    
मोदी और ट्रम्प की दोस्ती को भारत का पूंजीवादी मीडिया खूब प्रचार करता रहा है। बस वह यह बताना भूल जाता रहा है कि यह ‘दोस्ती’ नहीं स्वामी से स्वामिभक्ति निभाने सरीखी बात अधिक है। भारत सरकार ने अमेरिका को अपना ‘स्वामी’ मान लिया है। और वह भला चंद भारतीयों के ‘स्वामी’ द्वारा मार दिये जाने पर स्वामी को कैसे नाराज कर सकती है।
    
मोदी सरकार वक्त के साथ स्पष्ट करती जा रही है कि उसकी आका उसे गद्दी तक पहुंचाने वाली भारतीय जनता नहीं अमेरिकी हुक्मरान हैं। इसीलिए बात चाहे भारतीय नागरिकों को हथकड़ी लगा भारत भेजने की हो या फिर उनकी हालिया हत्या की हो मोदी सरकार अपने ‘आका’ को नाराज नहीं कर सकती। ऊपर से जब यह सरकार खुद को सबसे बड़ा ‘देशभक्त’ घोषित करती है तो शक होने लगता है कि कहीं इन्होंने अमेरिकापरस्ती में लीन होकर अमेरिका को ही अपना देश तो नहीं मान लिया है। 

आलेख

/emerjency-tab-aur-ab

पिछले दस-बारह सालों में हिन्दू फासीवादियों ने इस अनौपचारिक आपातकाल की शैली को काफी विकसित किया है। कहां किस छेद का इस्तेमाल करना है, इसमें उन्होंने महारत हासिल की है। इनके इस कृत्य में न्यायपालिका की सहभागिता से यह काम और आसान हो गया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनर्रीक्षण इस सबका विशिष्ट उदाहरण है।

/piketi-ka-global-justice-project-samraajyavad-ki-pairokari

जैसा कि इंटरव्यू के शीर्षक से स्पष्ट है कि पिकेटी एक ऐसी दुनिया का ख्वाब परोसते हैं जिसमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाये ज्यादातर लोग खुशहाल बन सकते हैं। इस सुन्दर दुनिया को हासिल करने के लिए वे किसी वर्ग संघर्ष बढ़ाने या क्रांति की वकालत नहीं करते। बल्कि वे कुछ नुस्खे सुझाते हैं जिस पर चल कर मौजूदा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी दुनिया को ही खुशनुमा बनाया जा सकता है। 

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है