बेलसोनिका मजदूरों का संघर्ष जारी

गुड़गांव/ बेलसोनिका प्रबंधन ने दिनांक 21 अप्रैल 2023 को 11 और मजदूरों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। बेलसोनिका प्रबंधन फर्जी दस्तावेजों के नाम पर अब तक 17 मजदूरों को नौकरी से बर्खास्त कर चुका है तथा यूनियन गतिविधियों में शामिल होने पर 13 मजदूरों को निलम्बित कर चुका है, जिनमें तीन यूनियन पदाधिकारी भी शामिल हैं। अब तक बेलसोनिका प्रबंधन ने कुल 30 मजदूरों को निलंबित व नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। बेलसोनिका प्रबंधन ही नहीं अपितु गुड़गांव औद्योगिक इलाके की अन्य वेंडर फैक्टरियों के मालिक भी ‘‘फर्जी दस्तावेजों’’ को स्थाई श्रमिकों की छंटनी करने का हथियार बना चुके हैं या बना रहे हैं।
    दिनांक 1 मार्च को फर्जी दस्तावेजों के नाम पर की जा रही छंटनी पर रोक लगाने, सामूहिक मांग पत्रों के समाधान हेतु यूनियन द्वारा किए गए 6 घंटे के टूल डाउन के बाद श्रम विभाग ने हस्तक्षेप कर विवादों को निपटाने के लिए यूनियन व प्रबंधन की वार्ताएं शुरू कीं तथा 10 दिनों के भीतर विवादों को निपटाने का आश्वासन भी दिया था। सहायक श्रम आयुक्त महोदय की मध्यस्थता में चल रही समझौता वार्ताओं के दौरान प्रबंधन के अड़ियल व उकसावे पूर्ण रुख को देखते हुए श्रम अधिकारी को यथास्थिति व शांति बनाए रखने के लिखित आदेश/निर्देश तक जारी करने पड़े तथा इसके साथ ही प्रबंधन के इस अड़ियल व उकसावे पूर्ण कार्यवाही को देखते हुए सहायक श्रम आयुक्त ने विवाद के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारी (अतिरिक्त उपायुक्त महोदय) की मध्यस्थता में वार्ताओं को शुरू कराना पड़ा। दिनांक 21 मार्च 2023 को अतिरिक्त उपायुक्त महोदय गुरुग्राम की मध्यस्थता में वार्ता हुई। वार्ता में मामले को समझते हुए अतिरिक्त उपायुक्त महोदय ने प्रबंधन को फैक्टरी के भीतर मजदूरों की भर्ती के मापदंड/क्राइटेरिया के दस्तावेज लाने को कहा था। लेकिन प्रबंधन आज तक भी यह दस्तावेज ना तो श्रम अधिकारियों के पास पेश कर सका और ना ही प्रशासनिक अधिकारियों के पास। क्योंकि ऐसा कोई भी दस्तावेज बेलसोनिका प्रबंधन के पास नहीं है। केवल बेलसोनिका प्रबंधन ही नहीं अपितु गुड़गांव औद्योगिक इलाके की तमाम वेंडर व अन्य फैक्टरियों के पास मजदूरों की भर्ती का ऐसा कोई मापदंड या क्राइटेरिया नहीं है। फैक्टरी में मजदूरों की भर्ती का मापदंड व क्राइटेरिया एक ही है कि मजदूर की उम्र 18 साल की होनी चाहिए तथा उसके हाथ-पैर सही सलामत हों ताकि वह मशीन की गति के साथ भाग-भाग कर कार्य कर सके। बेलसोनिका प्रबंधन ने श्रम विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के यथास्थिति तथा शांति के आदेश/निर्देशों को ही नहीं तोड़ा बल्कि समझौता वार्ताओं के दौरान श्रमिकों को निलम्बित व बर्खास्त कर वह श्रम अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी के शांति तथा यथास्थिति के आदेश/निर्देश की धज्जियां उड़ा रहा है। और यहां तक कि मशीनों पर छह-छह माह के लिए भर्ती कर ठेका मजदूरों को लगाकर श्रम कानूनों की सरेआम धज्जियां भी उड़ा रहा है। प्रबंधन के इस रवैय्ये के खिलाफ श्रम विभाग मौन है तथा प्रशासन मालिक की सेवा में फैक्टरी में पुलिस मुहैय्या करा प्रबंधन की छंटनी की मंशा को अंजाम देने में फैक्टरी मालिक की सीधे तौर पर मदद कर रहा है।                                       प्रबंधन के इस तानाशाहीपूर्ण रवैय्ये तथा श्रम विभाग व प्रशासन के मालिकों के साथ गठजोड़ का मजदूर यूनियन पुरजोर तरीके से विरोध करती रही है।
    दिनांक 28 अप्रैल 2023 को बेलसोनिका यूनियन ने मारुति सुजुकी मजदूर संघ के साथ जुलूस निकाल कर अपनी मांगों का ज्ञापन उपायुक्त महोदय गुरुग्राम को सौंपा। इस जुलूस में बेलसोनिका मजदूरों के परिजनों ने भी हिस्सा लिया। 
    बेलसोनिका यूनियन के महासचिव ने बताया कि बेलसोनिका प्रबंधन फर्जी दस्तावेजों का हवाला देकर 10-15 सालों से कार्य कर रहे श्रमिकों को नौकरी से बर्खास्त कर रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त महोदय व श्रम अधिकारी की मध्यस्थता में चल रही समझौता वार्ताओं के दौरान समझौता अघिकारियों के लिखित शांति व यथास्थिति के आदेशों/निर्देशों की उल्लंघना कर प्रबंधन अशांति व उकसावे पूर्ण कार्यवाहियां कर श्रमिकों को नौकरी से बर्खास्त कर रहा है। बेलसोनिका प्रबंधन ठेका श्रमिकों को मशीनों पर लगाकर उनसे मुख्य उत्पादन का कार्य करवा रहा है जो कि श्रम कानूनों में अनुचित श्रम अभ्यास की कार्रवाही बनती है जिस पर श्रम विभाग कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है।
    प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की प्रतिनिधि रीना ने बात रखते हुए कहा कि प्रबंधन श्रमिकों को बर्खास्त कर उनके परिवारों में तनाव व भय का माहौल पैदा कर रहा है। बर्खास्त श्रमिकों के परिवारों के हालात काफी खराब हो चुके हैं। मजदूर व उनके परिजन इसको बर्दाश्त नहीं करेंगे। 
    इसी प्रकार मारुति के बर्खास्त 546 श्रमिकों का मामला आज 11 साल बाद भी न्यायालय में लंबित है। आज तक भी इन श्रमिकों को न्याय नहीं मिला है।     
    अंत में यूनियन के प्रधान ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि यूनियन अब कठोर निर्णय लेगी। प्रबंधन की इस तानाशाही के खिलाफ कड़े से कड़े कदम उठाएगी।
ज्ञापन में ये मांगें की गयीं-
1. बेलसोनिका के सभी निलंबित व बर्खास्त श्रमिकों को तत्काल काम पर वापस लिया जाए।
2. फर्जी दस्तावेज के नाम पर छिपी छंटनी बन्द की जाए। अनुचित श्रम अभ्यास कर रहे बेलसोनिका प्रबंधक के खिलाफ सख्त कानूनी कारवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाए।
3. मारुति से बर्खास्त किए गए 546 श्रमिकों को काम पर वापस लिया जाए।
4. बेलसोनिका कम्पनी में तैनात सभी बाउंसरों व अराजक तत्वों को तत्काल बाहर किया जाए।
5. बेलसोनिका कम्पनी में गैर कानूनी भर्ती पर रोक लगाई जाए।
6. बेलसोनिका में लम्बित सभी सामूहिक मांग पत्रों का समाधान किया जाए। 
        -गुड़गांव संवाददाता
 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।