केरल : वायनाड़ में भारी भू स्खलन से 300 लोगों की मौत

केरल में आपदा

वायनाड

केरल के वायनाड में चुरलमाला और मुंडक्कई में 30 जुलाई को भारी भू स्खलन हुआ। इसमें अभी तक 300 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर आ रही है। 200 के लगभग लोग लापता हैं। बचाव अभियान अभी जारी है। मौतों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। चूंकि यह भू स्खलन रात को 1 बजे और 4 बजे के आस-पास हुआ जब सभी लोग सोये हुए थे इसलिए लोगों को बचाव का मौका नहीं मिला। 
    
30 जुलाई को हुए भू स्खलन ने केरल में अगस्त 2018 में आयी बाढ़ की विभीषिका के जख्मों को ताजा कर दिया है। इस बाढ़ आपदा में 500 के लगभग लोग मारे गये थे और भारी नुकसान हुआ था। 
    
भू स्खलन से जहां एक तरफ गम का माहौल है, लोग अभी इस घटना से उबर नहीं पाए हैं वहीं दूसरी तरफ केंद्र और राज्य सरकार के बीच में भू स्खलन की सूचना देने या न देने पर राजनीति होने लगी है। दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। जहां एक तरफ गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य सभा में कहा है कि केंद्र ने राज्य को 1 सप्ताह पहले ही भू स्खलन की सूचना दे दी थी वहीं केरल सरकार ने कहा है कि उन्हें सूचना भू स्खलन के बाद मिली। 
    
भू स्खलन की वजह से केरल के अटामाला, मुंडक्कई, चुरलमाला, नूलपुझा इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। भू स्खलन मैप्पाड़ी नामक जगह पर हुआ। भू स्खलन से 86,000 वर्ग मीटर की मिट्टी का मलवा नीचे आया और स्थानीय नदी इरूंजवी के साथ मिलकर 8 किलोमीटर तक किनारों को तोड़ता हुआ घरों को बहा ले गया। लोग या तो मलबे में दब गये या फिर मलबे के साथ बह गये। उनके शव पास के जिले मलाप्पुरम में सिलयार नदी में भी मिले हैं। 
    
केरल में भू स्खलन या बाढ़ की वजह से आने वाली तबाही कोई नई नहीं है। एक रिपोर्ट के अनुसार 2015 से 2022 तक देश में कुल 3782 भू स्खलन हुए जिसमें से केरल में 2239 भू स्खलन हुए हैं। 2021 में स्प्रिंगर की रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी घाट में इद्दुक्की, एरनाकूलन, कोत्तयम, वायनाड़, कोजिकॉड, मलाप्पुरम इलाके भू स्खलन के हिसाब से ज्यादा संवेदनशील हैं।
    
दरअसल केरल में जंगलों को काटकर प्लांटेशन (बागान) के जरिये चाय, काफी, इलाइची आदि की खेती की जाती है। वायनाड में 1950 में 85 प्रतिशत जंगल थे। 1950 से 2018 तक यहां 62 प्रतिशत जंगल खत्म हो गये और प्लांटेशन किया गया। इस वजह से जमीन की मिट्टी को पकड़ने की क्षमता कम हो गयी। केरल में कुल भू स्खलन के 59 प्रतिशत मामले प्लांटेशन (बागान) के इलाके में हुए।
    
पिछले सालों में तो प्लांटेशन की जमीन को दूसरे कामों के इस्तेमाल की भी अनुमति दे दी गयी है। इसने स्थिति को और खराब बना दिया है। पर्यटन और खनन का काम यहां तेजी से बढ़ा है। पर्यटन के लिए यहां जमीन को समतल बनाया गया है और इमारतों का काफी निर्माण किया गया है। चुरलमाला और मुंडक्कई में 5-6 किलोमीटर की दूरी पर ही खनन का काम होता है। इसने भी यहां की मिट्टी को भुरभुरा बना दिया है। 
    
केरल ही नहीं पूरे देश के अंदर बारिश के महीनों में भारी बारिश, बाढ़, भू स्खलन, बादल फटने की घटनाएं होती हैं। शहरों से लेकर दूर पहाड़ी स्थलों तक लोग इनमें मारे जाते हैं। कुछ घटनाएं राष्ट्रीय अखबारों की सुर्खियां बन जाती हैं तो कुछ स्थानीय अखबारों में छपकर ही भुला दी जाती हैं। लेकिन इन घटनाओं से सबक सीखने को न तो केंद्र और न राज्य सरकारें तैयार हैं। अनियोजित व अवैज्ञानिक विकास पूंजीवाद की मूल विशेषता है जिस वजह से हर साल बारिश में भारी जान-माल का नुकसान होता है। मुनाफे के लिए पूंजीपति वर्ग और उनकी सरकारें प्रकृति का अंधाधुंध दोहन तो करते हैं लेकिन उसकी भरपाई नहीं की जाती। फलस्वरूप कहीं भारी बाढ़ और भू स्खलन तो कहीं सूखा लोगों के लिए भारी मुसीबत का कारण बनता है।

आलेख

/chaavaa-aurangjeb-aur-hindu-fascist

इतिहास को तोड़-मरोड़ कर उसका इस्तेमाल अपनी साम्प्रदायिक राजनीति को हवा देने के लिए करना संघी संगठनों के लिए नया नहीं है। एक तरह से अपने जन्म के समय से ही संघ इस काम को करता रहा है। संघ की शाखाओं में अक्सर ही हिन्दू शासकों का गुणगान व मुसलमान शासकों को आततायी बता कर मुसलमानों के खिलाफ जहर उगला जाता रहा है। अपनी पैदाइश से आज तक इतिहास की साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से प्रस्तुति संघी संगठनों के लिए काफी कारगर रही है। 

/bhartiy-share-baajaar-aur-arthvyavastha

1980 के दशक से ही जो यह सिलसिला शुरू हुआ वह वैश्वीकरण-उदारीकरण का सीधा परिणाम था। स्वयं ये नीतियां वैश्विक पैमाने पर पूंजीवाद में ठहराव तथा गिरते मुनाफे के संकट का परिणाम थीं। इनके जरिये पूंजीपति वर्ग मजदूर-मेहनतकश जनता की आय को घटाकर तथा उनकी सम्पत्ति को छीनकर अपने गिरते मुनाफे की भरपाई कर रहा था। पूंजीपति वर्ग द्वारा अपने मुनाफे को बनाये रखने का यह ऐसा समाधान था जो वास्तव में कोई समाधान नहीं था। मुनाफे का गिरना शुरू हुआ था उत्पादन-वितरण के क्षेत्र में नये निवेश की संभावनाओं के क्रमशः कम होते जाने से।

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो।