मोदी की अमेरिकी यात्रा के निहितार्थ

पिछले दिनों देश के प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की यात्रा पर थे। अमेरिका में मोदी के प्रवास के दौरान वह सब कुछ हुआ जो हो सकता था। स.रा. अमेरिका में मोदी की यह पहली राजकीय यात्रा थी तो इसके अनुरूप उनका जमकर स्वागत अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा किया गया। जाम से जाम टकराये गये और एक से बढ़कर एक मुफ्त व खुले समझौते किये गये। सड़कों पर मोदी की यात्रा का जमकर विरोध हुआ। ‘मोदी-मोदी का नारा लगाने वाली भीड़ के उलट एक बड़ी संख्या थी जो हर तरह से मोदी की अमेरिका यात्रा का विरोध कर रही थी। कोई उनको ‘गुजरात नरसंहार’ की याद दिला रहा था तो कोई इस वक्त जल रहे मणिपुर पर उनके मौन पर प्रहार कर रहा था।
    
यह पूरे देश के लिए एक आश्चर्य की बात थी कि मणिपुर के हाल पर मोदी ने एक शब्द भी नहीं बोला। ‘मन की बात’ में दशकों पूर्व लगे आपातकाल की बात तो करते रहे परन्तु मणिपुर के आपातकाल पर एक भी शब्द न बोलना उनकी राजनीति की पोल अपने आप खोलता है। अमेरिका यात्रा में जलता मणिपुर मोदी का पीछा करता रहा। और मोदी भले ही अमेरिका यात्रा के जश्न में डूबे जो बाइडेन की मेहमान-नवाजी का लुत्फ उठाते रहे हों परन्तु उनका अतीत और उनका वर्तमान दोनों भूत की तरह उनके सिर पर नाचते रहे। 
    
भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों खासकर मुस्लिमों व ईसाईयों पर हो रहे हमले एक ऐसा विषय था जिसे एक ओर वह लोग उठा रहे थे जो आम इंसाफ पसंद लोग हैं परन्तु दूसरी ओर यह मुद्दा अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान की ओर से भी लगातार इस यात्रा के ठीक पहले और यात्रा के दौरान उठाया गया। सवाल उठाने में स्वयं बाइडेन की सरकार और पार्टी के लोगों ने कुछ कसर नहीं छोड़ी हुयी थी। रही-सही कसर मोदी के ‘परम मित्र’ अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पूरी कर दी। उन्होंने मोदी को चेतावनी दे डाली कि उनकी नीतियां गर ऐसी ही रहीं तो भारत की एकता और भविष्य खतरे में पड़ जायेगा। 
    
आम जनों की ओर से मोदी की यात्रा का विरोध एक बात है परन्तु अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान खासकर डेमोक्रेटिक पार्टी और ओबामा (जो बाइडेन ओबामा के कार्यकाल में उप-राष्ट्रपति थे) का विरोध अमेरिका की घरेलू राजनीति को साधने से लेकर भारत के ऊपर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है। बाइडेन का जाम टकराना और ओबामा का आईना दिखाना अमेरिकी साम्राज्यवाद की चतुर नीति का परिचायक है। 
    
मोदी की अमेरिका यात्रा से अमेरिका की हथियार कम्पनियों से लेकर सेमी कण्डक्टर के क्षेत्र में काम करने वाली बहुराष्ट्रीय कम्पनियों ने करोड़ों डालर के सौदे कर डाले। अमेरिकी साम्राज्यवाद की पहुंच आज भारत की अर्थव्यवस्था के हर कोने-अंतरे में हो चुकी है। अमेरिकी कम्पनियां भारत में कोल्ड ड्रिंक से लेकर रक्षा क्षेत्र यानी हर ओर व्याप्त हो गयी हैं। अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और व्यापार संतुलन अमेरिका के पक्ष में झुका हुआ है। अपनी ओर से भारत कितनी ही राजनैतिक स्वायत्तता की बात करता हो परन्तु समय के साथ भारत, अमेरिकी साम्राज्यवाद के तंतु जाल में फंसता जा रहा है। और ऐसा करने का पवित्र कार्य स्वयं भारत के शासक कर रहे हैं। 
    
अमेरिकी साम्राज्यवादी, आज के समय में, हर क्षेत्र में चीनी साम्राज्यवादियों से मिलती चुनौती को अपने वर्चस्व के लिए खतरा मान रहे हैं। चीनी साम्राज्यवाद ने अमेरिकी दबदबे को पश्चिम एशिया से लेकर लातिन अमेरिका तक जोरदार चुनौती दी हुयी है। अमेरिकी साम्राज्यवादी ऐसे में भारत को चीनी साम्राज्यवाद के बरक्स अपनी रक्षा पंक्ति में शामिल करना चाहते हैं। भारतीय बाजार में उनका कई क्षेत्रों में दबदबा और एकाधिकार है परन्तु वे भारत में चीनी कम्पनियों व सामान को विस्थापित करने की रणनीति भी रखते हैं। 
    
भारत के शासक लम्बे समय से साम्राज्यवादियों के आपसी अंतरविरोध का लाभ उठाकर अपना उल्लू सीधा करते रहे हैं। चीन की बढ़ती ताकत और अपने दबदबे के लिए मिल रही चुनौती से आशंकित अमेरिकी साम्राज्यवादियों के हित भारत के शासकों के हितों के साथ एक हद तक मेल खाते हैं। भारतीय शासक अतीत में, शीत युद्ध के दौर में, साम्राज्यवादियों खासकर अमेरिकी व सोवियत साम्राज्यवादियों के अंतर्विरोध का लाभ उठाकर अपनी झोली भरते रहे हैं। भारत की भू-राजनैतिक स्थिति उसे यह विशिष्ट स्थान फिर से प्रदान कर रही है। चीन का पड़ोसी होना भारत को अमेरिकी साम्राज्यवाद का दुलारा बना रहा है। कभी यही काम कुछ हद तक चीनियों के साथ भी अमेरिकियों ने रूसी (सोवियत) साम्राज्यवादियों को साधने के लिए किया था। चीन की आज की हैसियत में एक योगदान स्वयं अमेरिकी साम्राज्यवादियों का भी है। अमेरिकी साम्राज्यवाद ने अस्सी के दशक में चीन में अच्छा खासा निवेश किया था। आज भी चीन में अमेरिकी कम्पनियों व वित्त पूंजी की ठीक-ठाक उपस्थिति है। चीनी साम्राज्यवादी आज जिस स्थिति में पहुंच गये हैं वहां अमेरिकी पूंजी चीन की अर्थव्यवस्था में कुछ भी छेड़ाखानी करेगी तो उसका खामियाजा चीन को कम अमेरिका को ज्यादा भुगतान पड़ेगा। भारत के लिए चीन एक आदर्श हो सकता है परन्तु उसकी जैसी हैसियत पाना बहुत दूर की कौड़ी है। 
    
भारत में अपने जन्म के समय से हिन्दू फासीवादियों का अमेरिकी साम्राज्यवाद के प्रति विशेष आकर्षण रहा है। पचास व साठ के दशक में हिन्दू दक्षिणपंथी व हिन्दू फासीवादी (भाजपा का पूर्व अवतार जनसंघ) लगातार मांग करते थे कि भारत अमेरिका के पाले में जाये। जो नीतियां (आर्थिक नीतियों सहित) नब्बे के दशक में भारत में लागू की गयीं उन्हें जनसंघी साठ-सत्तर के दशक में ही लागू करने की मांग करते थे। अमेरिकी साम्राज्यवाद और हिन्दू फासीवाद का यह याराना भारत के मजदूर-मेहनतकश आबादी के लिए बहुत अधिक घातक सिद्ध होगा। 
    
मोदी की अमेरिकी यात्रा से एक बड़ा फायदा अडाणी, अम्बानी, टाटा, महिन्द्रा जैसे भारत के एकाधिकारी घरानों के मालिकों को भी होना है। अम्बानी, महिन्द्रा जैसे भारत के पूंजीपति तो मोदी के साथ बाइडेन के द्वारा दिये गये भोज में मौजूद थे। मोदी के इन प्रबल समर्थकों के मुनाफों को अमेरिकी कम्पनियों की साझेदारी से नये पंख मिल रहे हैं। उनके द्वारा नियंत्रित मीडिया मोदी की अमेरिकी यात्रा की सफलता के कसीदे यूं ही नहीं गढ़ रहा है। 21 जून को संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रांगण में योग दिवस पर मोदी द्वारा योग करने को भारत में यूं प्रसारित किया गया मानो मोदी ‘विश्व गुरू’ बन गये हो। मोदी की अमेरिकी यात्रा उनकी अपनी जीवन यात्रा की तरह अन्दर से कुछ और बाहर से कुछ वाली रही है। मोदी की यात्रा से भारत और अमेरिका के पूंजीपतियों ने अरबों रुपये के खेल कर दिये। और सारा खेल भारत के मजदूरों-मेहनतकशों, भारत की प्राकृतिक संपदा के जीवन और भविष्य पर दांव लगाकर किया गया है। 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।