‘सामाजिक न्याय’ के झण्डे में छेद ही छेद

    इस वक्त ‘सामाजिक न्याय’ का मुद्दा गरमाने के लिए नीतिश कुमार, एम.के.स्टालिन से लेकर राहुल गांधी ने कमर कसी हुयी है। ‘सामाजिक न्याय’ को सुनिश्चित कराने के लिए जातिगत जनगणना की मांग की जा रही है। अपनी बातों को जोर व व्यावहारिक रूप देने के लिए नीतिश कुमार ने बस्तर में जातिगत जनगणना के काम को जोर-शोर से चलाया हुआ है। यह दीगर बात है कि बिहार में जातिगत जनगणना के काम में संविदा पर रखे जिन शिक्षकों व कर्मचारियों को झोंका गया है वे काम के बोझ के तले दबे हुए हैं और वे अपने लिए ‘न्याय’ की मांग भी नहीं कर सकते हैं। 
    ‘सामाजिक न्याय’ एक भ्रामक शब्दावली है। ऊपरी तौर पर ऐसा लगता है मानो समाज के सभी शोषित-उत्पीड़ित-वंचितों के लिए न्याय की मांग की जा रही है। परन्तु असल में इसका अर्थ है कि सरकारी नौकरियों में पिछड़े वर्ग (ओ बी सी) में आने वाली जातियों को उनकी संख्या के अनुरूप आरक्षण मिले। हाल में राहुल गांधी ने जाति जनगणना के साथ यह मांग भी उठायी कि आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा को खत्म कर आबादी में जिस जाति की जितनी हिस्सेदारी है उसके अनुरूप उसकी भागीदारी हो। आरक्षण एक नन्हा सा कदम है परन्तु इस कदम से ‘सामाजिक न्याय’ आधा-अधूरा ही रहता है। 
    ‘सामाजिक न्याय’ की मांग एक लोकलुभावन मांग है। इसे इस वक्त एक चुनावी दांव के रूप में भी देखा जा रहा है। यह माना जा रहा है कि इसके जरिये विपक्षी पार्टियां हिन्दू फासीवादी पार्टी भाजपा और उसके मातृ संगठन आर एस एस को घेरना चाहती हैं और आम चुनाव में जीत हासिल करना चाहती हैं। इसे लोकप्रिय शैली में कमण्डल को रोकने के लिए ‘मण्डल-2’ की रणनीति की भी संज्ञा दी जा रही है। 
    यह बात ठीक है कि जाति जनगणना की मांग ने फिलहाल भाजपा की हालत सांप-छछूंदर की जैसी कर दी है। वह न तो खुलकर इस मांग का विरोध कर पा रही है और न ही समर्थन। ‘सामाजिक न्याय’ के झण्डाबरदार भाजपा की इस हालत का पूरा-पूरा चुनावी लाभ उठा लेना चाहते हैं। तमिलनाडु की डी एम के पार्टी ने मण्डल कमीशन की रिपोर्ट को लागू करने वाले ्रप्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह की आदमकद प्रतिमा को तमिलनाडु में स्थापित करने का फैसला लिया है ताकि वह अपने ‘सामाजिक न्याय’ के मुद्दे को और ऊंचा बुलंद कर सके। 
    ‘सामाजिक न्याय’ की मांग मूलतः हिन्दू धर्म के अनुयाईयों तक ही सीमित हो जाती है। यद्यपि जातिगत विभाजन और भेदभाव से कोई भी धर्म मूलतः नहीं बचा है। (सिर्फ पारसी या यहूदी जैसे बेहद अल्पसंख्या वाले ही अपवाद हो सकते हैं)। ईसाई, मुस्लिम, बौद्ध, सिक्ख जैसे धर्मों में जातिगत विभाजन और भेदभाव मौजूद है। पर ईसाई-मुस्लिम धर्म में जातिगत आरक्षण का लाभ गैर हिन्दू होने के कारण मुख्यतः नहीं मिलता है। इस तरह से ये धर्म सामाजिक न्याय की इस मांग के दायरे से बाहर हो जाते हैं। 
    ‘सामाजिक न्याय’ की मांग पर इस आधार पर भी औचित्य खड़ा किया जाता है कि जब देश में सरकारी नौकरियां सिमटती गयी हैं और शिक्षा का निजीकरण जारी है तो ‘सामाजिक न्याय’ कितना कारगार हो सकता है। और जिन लोगों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी तो उनके लिए ‘सामाजिक न्याय’ के झण्डाबरदार क्या करेंगे। कांग्रेस ने ज्यादा बड़ा दांव चलते हुए निजी क्षेत्र में भी आरक्षण की बात पहले ‘भोपाल घोषणापत्र’ के जरिये और अब अपने ‘रायपुर महाधिवेशन’ के जरिये पुनः रखी थी। और आजकल तो राहुल गांधी बाबा साहेब अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के नारों-जुमलों को नये अंदाज में दुहरा रहे हैं। 
    ‘सामाजिक न्याय’ की एक बड़ी सीमा यह है कि यह भारतीय समाज में मौजूद जाति व्यवस्था के सम्पूर्ण उन्मूलन को अपने लक्ष्य में नहीं लेता है। इसके उलट यह विभिन्न जातियों, उप-जातियों व अन्य सामाजिक समूहों, जन जाति समूहों को अपने-अपने जातिगत आधार पर एकजुट होने और सामाजिक-राजनैतिक दबाव समूह में बदल देता है। और एक ओर यह जहां जातिगत विभाजन व भेदभाव को नये ढंग से बल प्रदान करता है वहां दूसरी ओर यह ऐसे राजनैतिक नेताओं को तैयार करता है जो अपनी जाति, उप-जाति, जनजाति के ठेकेदार बन जाते हैं। ये ठेकेदार अपने राजनैतिक कैरियर को इस आधार पर परवान चढ़ाते हैं। और इनके इस काम से जाति, उप-जाति का कोई भला होता हो या न होता हो परन्तु ये एक नये रईस या कठोर शब्दों में नये राजनैतिक माफिया बनकर उभर आते हैं। जमे-जमाये राजनैतिक माफियाओं को इनसे भारी दिक्कत होती है और उनके राजनैतिक जातिगत समीकरणों का उलट-पुलट होना जरूरी हो जाता है। जमे-जमाये राजनैतिक माफिया सामाजिक न्याय का खुले-छिपे ढंग से विरोध करने लगते हैं। 
    जो बातें ‘सामाजिक न्याय’ के संदर्भ में लागू होती हैं वहीं बातें कुछ-कुछ बदले हुए संदर्भों में महिला आरक्षण के संदर्भ में भी लागू हो जाती हैं। ‘सामाजिक न्याय’ के विरोधी महिला आरक्षण के भी विरोधी साबित होते हैं और भारतीय संसद में तो यह तमाशा भी खूब हुआ कि जो ‘सामाजिक न्याय’ के पैरोकार हैं वे महिला आरक्षण के मुखर विरोधी बनकर उभरे। 
    ‘सामाजिक न्याय’ के झण्डे के नीचे सारी भाजपा विरोधी पार्टियों को एकजुट करने की कोशिश में लगे हुए राजनैतिक नेताओं का अपना इतिहास विरोधाभासों से भरा रहा है। स्वयं नीतिश कुमार कुछ माह पूर्व भाजपा के साथ थे। मुलायम सिंह, कभी राजग में तो शामिल नहीं हुए परन्तु उनकी भाजपा से खुली-छिपी जुगलबंदी देखने को मिलती रही। विपक्षी पार्टियों के इतर कई भाजपा, फासीवाद विरोधी बुद्धिजीवी और वाम उदारतावादी ‘सामाजिक न्याय’ को भाजपा के हिन्दू साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की काट के रूप में देखते हैं। परन्तु इतिहास ने यह साबित कर दिया है कि कमण्डल को मण्डल के जरिये खास चुनौती नहीं दी जा सकती है। और तब तो और नहीं जब कई मण्डल समर्थक कमण्डल में जाने को तैयार बैठे रहते हों। 
    यहां यह बात भी ध्यान रखनी होगी कि हिन्दू फासीवाद का माई-बाप देशी-विदेशी वित्तीय पूंजी है। एकाधिकारी घराने हैं। अडाणी-अम्बानी-टाटा-बिडला-मित्तल हैं। हिन्दू फासीवादी ताकत को किसी चुनावी मैदान में हरा भर देने से यह अर्थ कभी नहीं निकलता है कि उनका सर्वनाश हो गया है। उनका सर्वनाश तो किसी मजदूर क्रांति के जरिये ही किया जा सकता है। 
    कदाचित यही बात वैज्ञानिक अर्थों में ‘सामाजिक न्याय’ के संदर्भ में भी लागू होती है। सामाजिक न्याय की पहली आधारशिला सामाजिक क्रांति के जरिये ही रखी जा सकती है। ऐसी सामाजिक क्रांति आज के संदर्भों में समाजवादी क्रांति होगी जो कि व्यक्तिगत मालिकाने का खात्मा कर देगी। वहां पूंजी का नहीं श्रम का राज होगा। सामाजिक क्रांति को सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करने के लिए जाति व्यवस्था को अपने निशाने पर लेना होगा। जाति व्यवस्था का सम्पूर्ण उन्मूलन ही सामाजिक न्याय को संभव बना सकेगा। अर्थव्यवस्था से लेकर संस्कृति, विचार, सोच जहां-जहां भी जाति व्यवस्था का आधार-मूल्य मौजूद है वहां उनका उन्मूलन करना होगा। जब सामाजिक क्रांति हर व्यक्ति को उसकी योग्यतानुसार कार्य सुनिश्चित कर देगी, जब समाज में बराबरी, आजादी, भाईचारा का आधार दृढ़ से दृढ़ होता जायेगा तब वास्तविक अर्थों में सामाजिक न्याय सुनिश्चित होगा। ऐसे सामाजिक न्याय का कोई जातिगत आधार नहीं होगा। इसलिए किसी किस्म के आरक्षण की कोई दरकार न होगी। 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।