3 छात्रों की मौत या हत्या?

दिल्ली के ओल्ड राजेन्द्र नगर में यूपीएससी की तैयारी करने वाले 3 छात्रों की मौत ने एक साथ कई सवाल खड़े कर दिये हैं। ओल्ड राजेन्द्र नगर यूपीएससी की तैयारी कराने वाले कोचिंग सेन्टरों का गढ़ है। देश भर से छात्र यहां यूपीएससी की तैयारी करने आते हैं। राव आईएएस स्टडी सर्किल के कोचिंग के बेसमेंट में पानी भरने से इन तीन छात्रों की मौत हो गयी। कोचिंग सेंटर बेसमेंट में अवैध तरीके से लाइब्रेरी चला रहा था। जब बारिश के बाद बेसमेंट में पानी भरा तो कई छात्र इसमें फंस गये। लेकिन दो छात्राओं और एक छात्र की किस्मत इतनी अच्छी नहीं थी। वे डूबकर मर गये।
    
विकसित होते भारत और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होते भारत की यही हकीकत है कि यहां जीवन इतना सस्ता हो गया है। विश्व गुरू बनते भारत में छात्रों को यूं मौत के घाट उतारना आम बनता जा रहा है। 
    
आंदोलित छात्रों का कहना है कि कोचिंग सेंटर में 300 से 400 छात्र लाइब्रेरी में थे। यही हाल राजेन्द्र नगर के अन्य कोचिंग सेंटरों का है। भ्रष्ट प्रशासन और कोचिंग माफियाओं की मिलीभगत का आलम यह है कि सैकड़ों कोचिंग ऐसे ही बिना एनओसी और अवैध तरीके से बेसमेंट में लाइब्रेरी व अन्य गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। कहने को तो बेसमेंट में सिर्फ पार्किंग व सामान रखने की ही इजाजत है लेकिन ये कोचिंग माफिया खुले आम नियमों की न सिर्फ धज्जियां उड़ा रहे हैं बल्कि छात्रों के जीवन से खेल रहे हैं। इनके इसी खूनी खेल में ये तीन छात्र मारे गये। गेट से करंट लगने के कारण एक सप्ताह पूर्व ही एक एस्परेंट की मौत पटेलनगर में हुई थी। पिछले सप्ताह में दिल्ली में 7 लोग करंट से मारे गये। लेकिन तीन छात्रों की मौत के बाद प्रशासन की ये खूनी लापरवाही निशाने पर आ पाई।
    
इस घटना के बाद प्रशासन ने 13 कोचिंग सेटरों के बेसमेंट को सील किया है। आंदोलित छात्रों ने कहा कि अन्य सेंटरों में बेसमेंट का प्रयोग लाइब्रेरी व माक टेस्ट के लिये किया जाता है। 
    
26 जून को एक छात्र ने इन गैरकानूनी बेसमेंट के प्रयोग की शिकायत की। छात्र ने लिखा कि बेसमेंट के ऐसे प्रयोग से जान का खतरा है। यही नहीं छात्र ने 15 व 22 जुलाई को दो-दो रिमाइंडर एमसीडी को भेजे। लेकिन हुआ वही जो इस सिस्टम में होता है। कोई कार्यवाही नहीं। प्रशासन अब सांप गुजरने के बाद लाठी पीट रहा है। एक अनुमान के अनुसार इस समय दिल्ली में 1000 ऐसी कोचिंग चल रही हैं। 
    
ऐसा नहीं है कि ये पढ़े-लिखे लोग कोचिंग सेंटरों में इतने खतरनाक माहौल के बारे में न जानते हों। ऐसा हो सकता है कि शिकायत भले ही एक-दो छात्रों ने की है लेकिन ऐसा नहीं है कि मौत के बंदोबस्त के मध्य प्रतियोगिता की तैयारी करने वाले ये छात्र ऐसी किसी अनहोनी होने से पूर्णतः अनभिज्ञ हों। 300 से 400 छात्र बेसमेंट में एक ही गेट से आने-जाने की व्यवस्था के बीच और दमघोंटू वातावरण में पढ़ते हैं। आखिर क्यों वे इतने मजबूर हो गये? जाहिर है कि भारत में लगातार बढ़ती बेरोजगारी इसका प्रमुख कारण है। जिस व्यवस्था में नौकरी पाना असंभव सा हो गया हो तो वहां प्रतियोगिता न सिर्फ गलाकाटू हो जाती है बल्कि मौत के इंतजाम में पढ़ने के लिए भी मजबूर कर देती है। इसी का फायदा ये कोचिंग माफिया और व्यवस्था के अन्य अंग उठाते हैं।
    
दिल्ली जैसे शहर में इस तरह की घटना ने एक बार फिर पूरी व्यवस्था की हकीकत को सामने ला दिया है। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी हरकत में आ गये हैं। पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप मढ़ मृतकों की मौत का मजाक उड़ा रहे हैं। प्रशासन मामले की लीपापोती करने और फिर ऐसी घटनाओं के घटने की पटकथा लिखने में व्यस्त हो गया है। दिल्ली कहने को देश की राजधानी है लेकिन ऐसी दुर्घटनाएं दिल्ली में आम हैं। दिल्ली की फैक्टरियों में आग लगने, बिल्डिंग गिरने से हर साल मजदूर मारे जाते हैं। लेकिन थोडे़ समय के लिए प्रशासन मुस्तैदी दिखाने का अभिनय करता है और अगली दुर्घटना के लिए इंतजार करता है। 
    
पूंजीवादी व्यवस्था द्वारा बांटी जा रही ऐसी मौतों से तभी छुटकारा पाया जा सकता है जब मुनाफे पर आधारित इस व्यवस्था को ही बदल दिया जाय। सबको रोजगार की गारंटी न सिर्फ गलाकाटू प्रतियोगिता का अंत कर देगी बल्कि अपने मुनाफे के लिए छात्रों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले कोंचिंग सेंटरों की जरूरत को भी खत्म कर देगी। मुट्ठी भर शासकों के जीवन को ही महत्व देने वाली इस पूंजीवादी व्यवस्था के स्थान पर सभी के जीवन को समान महत्व देने वाली समाजवादी व्यवस्था में ही ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है।

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।