ब्रिटिश डॉक्टरों ने शुरू की हड़ताल

13 जुलाई से ब्रिटिश जूनियर डॉक्टरों ने अपनी मांगों को न माने जाने के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी है। डॉक्टरों की मांग तनख्वाह में 35 प्रतिशत वेतन वृद्धि की है जबकि प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की सरकार 2022-23 के लिए 2 प्रतिशत और 2023-24 के लिए 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि की बात कर रही थी। हालांकि बाद में सुनक ने अंतिम तौर पर 6 प्रतिशत वेतन वृद्धि की बात की और न माने जाने पर वार्ता बंद करने की धमकी दी। इसके बाद 13 जुलाई को जूनियर डॉक्टर पांच दिन की लम्बी हड़ताल पर चले गये।
    
ज्ञात हो कि ब्रिटेन में इन दिनों महंगाई (मुद्रा स्फीति) की दर 6-7 प्रतिशत है। ऐसे में सरकार द्वारा केवल 2 प्रतिशत वेतन वृद्धि की बात करना ही अजीब है। वह भी तब जब 2008 के आर्थिक संकट के बाद से लगातार बजट कटौती के कारण वेतन में महंगाई के मुकाबले कम वृद्धि हो रही है और डाक्टरों का जीवन स्तर गिर रहा है साथ ही मरीजों पर होने वाला खर्च भी कम हो रहा है। अगर डॉक्टर आज 35 प्रतिशत वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं तो इसका कारण 2008 के बाद से लगातार गिर रहे वेतन स्तर को आज के वास्तविक महंगाई के हिसाब से वेतन स्तर उठाना है।
    
ब्रिटेन में डॉक्टरों की पांच दिन की यह हड़ताल इतिहास की सबसे लम्बी हड़ताल है। इस वर्ष ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर मार्च में 3 दिन की, अप्रैल में 4 दिन की और जून में 3 दिन की हड़ताल हुयी थी। पांच दिन की इस हड़ताल के अतिरिक्त आगे जुलाई में ही परामर्शदाताओं (Consultant) की 48 घंटे और रेडियोग्राफर की दो दिन की हड़ताल भी होनी है। 
    
हालांकि ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन के प्रमुख प्रो. फिट बोनफील्ड ने सुनक के वेतन वृद्धि के प्रस्ताव की निंदा की है लेकिन उप प्रमुख विवेक त्रिवेदी और रॉबर्ट लोरेन्सन ने अप्रत्यक्ष तरीके से मांगों में ढील देने की बात की है। उन्होंने कहा कि समझौता कम से कम स्काटलैण्ड की तरह का हो। स्काटलैण्ड में यूनियन ने डॉक्टरों के लिए 2022-23 के लिए 4.5 प्रतिशत और 2023-24 के लिए  12.4 प्रतिशत वेतन वृद्धि पर समझौता कर लिया है। और इसी तरह के समझौते की बात वेल्स के डॉक्टरों के लिए हो रही है। हालांकि अभी वेल्स में इस समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। यह समझौता मुद्रा स्फीति की दर से कम पर हो रहा है। देखा जाये तो ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन एक तरह से संघर्ष से पीछे हटने की कोशिश कर रही है। 
    
जब ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन ने वेल्स में पिछली साल दिसम्बर में एक सर्वे कराया था तब 78 प्रतिशत ने मुद्रास्फीति से ज्यादा या कम से कम मुद्रास्फीति तक वेतन वृद्धि की बात की थी और दो-तिहाई लोगों ने मांगें न माने जाने पर हड़ताल की बात की थी। लेकिन अब ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन डॉक्टरों की इस हड़ताल को कम वेतन वृद्धि के समझौते पर ही खत्म करने के लिए कोशिश कर रही है। ऐसा ही रॉयल कॉलेज की नर्सों की हड़ताल के साथ उनकी यूनियन ने मई में किया था। और रेल कर्मचारियों की हड़ताल भी ऐसे ही यूनियनों द्वारा खत्म करवा दी गयी थी। 
       
ऐसा ही शिक्षा क्षेत्र के अध्यापकों के साथ भी हो रहा है। प्रधानमंत्री सुनक, शिक्षा मंत्री गिलियन और शिक्षा क्षेत्र की चार यूनियनों के नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी कर अध्यापकों के लिए 6.5 प्रतिशत वेतन वृद्धि की बात की है। एक तरह से प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक क्षेत्र के सभी कर्मचारियों के लिए एक सामान्य वेतन वृद्धि की घोषणा कर दी और वे इससे आगे वेतन वृद्धि की मांग पर बात करने को तैयार नहीं हैं। शिक्षा क्षेत्र की यूनियनों ने घोषणा होने के बाद हड़ताल न करने का निर्णय लिया है। इस तरह जब डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल शुरू की तो उन्होंने अपने पांव पीछे खींच लिये हैं। और कुछ दिनों पहले एकता की जो बात की जा रही थी वह खत्म हो गयी।   
    
सरकार व यूनियन ब्रिटेन में अलग-अलग क्षेत्रों के बीच कर्मचारियों के बीच क्षेत्रवाद के नाम पर फूट डालकर अलग-अलग समझौते करवा रही हैं जिससे कर्मचारियों की एकता टूट जा रही है। इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों के कर्मचारियों की एकता बनने के जो प्रयास हो रहे हैं उनको भी यूनियन नेता नहीं बनने दे रहे हैं। और ऐसे समय में जब पूरी दुनिया के स्तर पर मजदूर संघर्ष पीछे हट रहे हों और पूंजीपति वर्ग हावी हो, तब बिना व्यापक एकता के कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हो सकतीं। न वे अपने रोजगार बचा सकते हैं और न अपने जीवन स्तर को बनाये रख सकते हैं। पूंजीपति वर्ग उनके रोजगार भी छीन लेगा और उनके जीवन स्तर को निचले से निचले स्तर पर धकेल देगा। 

आलेख

/chaavaa-aurangjeb-aur-hindu-fascist

इतिहास को तोड़-मरोड़ कर उसका इस्तेमाल अपनी साम्प्रदायिक राजनीति को हवा देने के लिए करना संघी संगठनों के लिए नया नहीं है। एक तरह से अपने जन्म के समय से ही संघ इस काम को करता रहा है। संघ की शाखाओं में अक्सर ही हिन्दू शासकों का गुणगान व मुसलमान शासकों को आततायी बता कर मुसलमानों के खिलाफ जहर उगला जाता रहा है। अपनी पैदाइश से आज तक इतिहास की साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से प्रस्तुति संघी संगठनों के लिए काफी कारगर रही है। 

/bhartiy-share-baajaar-aur-arthvyavastha

1980 के दशक से ही जो यह सिलसिला शुरू हुआ वह वैश्वीकरण-उदारीकरण का सीधा परिणाम था। स्वयं ये नीतियां वैश्विक पैमाने पर पूंजीवाद में ठहराव तथा गिरते मुनाफे के संकट का परिणाम थीं। इनके जरिये पूंजीपति वर्ग मजदूर-मेहनतकश जनता की आय को घटाकर तथा उनकी सम्पत्ति को छीनकर अपने गिरते मुनाफे की भरपाई कर रहा था। पूंजीपति वर्ग द्वारा अपने मुनाफे को बनाये रखने का यह ऐसा समाधान था जो वास्तव में कोई समाधान नहीं था। मुनाफे का गिरना शुरू हुआ था उत्पादन-वितरण के क्षेत्र में नये निवेश की संभावनाओं के क्रमशः कम होते जाने से।

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो।