प्रोटेरियल (हिताची) के मजदूरों का संघर्ष जारी

मानेसर/ प्रोटेरियल (हिताची) के ठेका मजदूर 30 जून से फैक्टरी के अंदर और बाहर प्रबंधन के तानाशाही पूर्ण व्यवहार और अपने मांगपत्र पर कार्यवाही को लेकर बैठे हुए हैं। 30 जून से प्रबंधन ने मजदूरों के हौंसलों को तोड़ने के लिए पूरी कोशिश की है। सरकार और शासन-प्रशासन प्रबंधन के साथ पूरी निर्लज्जता के साथ सहयोग कर रहा है। 
    
30 जून से शिफ्ट ए, बी और जनरल शिफ्ट के लगभग 200 मजदूर कंपनी के अंदर हड़ताल पर बैठे हुये हैं। साथ ही C शिफ्ट वाले मजदूर कंपनी गेट के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं। ज्ञात हो कि 11-12 मई की हड़ताल के बाद श्रमिकों, श्रम विभाग और मैनेजमेंट के बीच त्रिपक्षीय समझौता हुआ था कि यथास्थिति बरकरार रखी जायेगी तथा अतिरिक्त श्रम आयुक्त के पास लंबित सामूहिक मांग पत्र की आगामी तारीख पर लंबित मांगों और सामूहिक मांग पत्र डालने के बाद निकाले गए 30 मजदूरों को वापिस लेकर समाधान कर लिया जाएगा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
    
ज्ञात हो कि प्रोटेरियल (हिताची) के मजदूरों ने अपने सामूहिक मांग पत्र में ‘समान काम का सामान वेतन’ व ‘स्थाई काम के लिए, स्थाई रोजगार’ आदि की मांग की है। इस पर श्रम विभाग में वार्ताओं के लंबे दौर चले और लगभग 1 साल होने पर कोई समाधान तो दूर उल्टा 30 मजदूरों को प्रताड़ित कर निकाल दिया गया। छुट्टी, शादी यहां तक कि परिजन की मौत पर घर गये मजदूरों को भी नौकरी से निकाला गया। 
    
प्रोटेरियल (हिताची) इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मानेसर के मजदूरों की हड़ताल के सातवंे दिन (6 जुलाई 2023) को दोपहर 4 बजे से कंपनी में वार्ता थी। मजदूरों की तरफ से नेतृत्व ने शर्त रखी कि जब तक कंपनी के अंदर धरने पर बैठे मजदूरों को खाना नहीं खिलाया जायेगा, तब तक वार्ता नहीं करेंगे। लेबर इंस्पेक्टर पवन ने मजदूर नेतृत्व को खाने पर बातचीत के लिए बुलाया। मैनेजमेंट ने कहा कि जब तक मजदूर फोन जमा नहीं करवाएंगे तब तक खाना अंदर नहीं जाने दिया जायेगा। वार्ता में प्रबंधन का अड़ियल रुख बरकरार रहा। कंपनी की तरफ से एचआर हेड केशव गुप्ता और लेबर इंस्पेक्टर पवन और श्रमिक प्रतिनिधियों व एसएचओ (सेक्टर 7 मानेसर) में समझौता हुआ कि दिन में 2 टाइम खाना दिया जायेगा। अंत में केशव गुप्ता ने फिर शर्त लगा दी कि एप्लीकेशन लिख कर दो। इस पर मजदूरों ने खाना खाने से ही मना कर दिया।

ज्ञात हो कि रात 2ः30 बजे मजदूरों को खाना मिला। जब से हड़ताल हुई है तब से खाने को लेकर मैनेजमेंट की नौटंकी जारी थी। कभी रात 12ः00 बजे मजदूरों को खाना मिलता था तो कभी प्रबंधन केवल सूखा खाना यानी पैक खाना अंदर जाने की अनुमति देता था। कभी केले अंदर जाने की अनुमति देता तो कभी मना कर देता। इससे परेशान होकर कंपनी के अंदर हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने भूख हड़ताल पर जाने का निर्णय ले लिया।
    
उसके बाद एस एच ओ का फोन आया कि बिना एप्लीकेशन लिखे खाना खा लीजिए, लेकिन मजदूरों ने खाना खाने से साफ मना कर दिया और तर्क दिया कि हम खाना खाने के लिए हड़ताल पर नहीं आए हैं। जब तक हमारे मांग पत्र पर बात नहीं होगी, तब तक हम खाना नहीं खाएंगे। बाहर धरने पर बैठे सभी मजदूरों ने कंपनी के अंदर हड़ताल पर बैठे मजदूरों का समर्थन किया।
    
मजदूरों की हड़ताल के 13वें दिन 12 जुलाई को प्रबंधन ने वार्ता नहीं की। प्रबंधन लगातार मजदूरों को थकाने में लगा हुआ है। मजदूर भी संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाने के लिए संघर्षरत हैं। 13 जुलाई दोपहर से वार्ता शुरू हुई और शाम तक चली। श्रम विभाग श्रम कानूनों को लागू करने की बजाए मजदूरों को भ्रमित कर रहा है कि तुम सही वर्कर नहीं हो, तुम स्थाई नहीं हो।
    
मजदूरों के स्थाई न होने में श्रम विभाग और सरकार की नाकामी है, इस बात को डीएलसी भगत प्रताप नहीं बताता। वह मजदूरों को लठ खाकर बाहर निकलने की धमकी देता है। श्रम विभाग पूंजीपतियों का प्रवक्ता बन कर काम कर रहा है। श्रम विभाग और सरकार मिलकर श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
    
मजदूर अपनी सामूहिक एकता के दम पर अपने अधिकार हासिल करने के लिए संघर्षरत हैं। 14 जुलाई को श्रम विभाग में वार्ता है और सिविल कोर्ट में भी स्टे पर सुनवाई है। श्रम विभाग ने सिविल कोर्ट की सुनवाई को भ्रमित करने के लिए उसी समय की वार्ता सुनिश्चित की है ताकि वह कह सके कि अभी वार्ता पेंडिंग है।
    
बेलसोनिका यूनियन, मारुति सुजुकी गुड़गांव, इंकलाबी मजदूर केंद्र व मजदूर सहयोग केंद्र से साथी आंदोलन में भागीदारी कर रहे हैं।
    
मजदूरों की एकता मजबूत है। प्रबंधन किसी भी मजदूर को तोड़ने में सफल नहीं हो पाया है। मजदूरों को इस एकता को मजबूत बनाकर रखना होगा। और संघर्ष को आगे बढ़ाना होगा।                -मानेसर संवाददाता

आलेख

/chaavaa-aurangjeb-aur-hindu-fascist

इतिहास को तोड़-मरोड़ कर उसका इस्तेमाल अपनी साम्प्रदायिक राजनीति को हवा देने के लिए करना संघी संगठनों के लिए नया नहीं है। एक तरह से अपने जन्म के समय से ही संघ इस काम को करता रहा है। संघ की शाखाओं में अक्सर ही हिन्दू शासकों का गुणगान व मुसलमान शासकों को आततायी बता कर मुसलमानों के खिलाफ जहर उगला जाता रहा है। अपनी पैदाइश से आज तक इतिहास की साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से प्रस्तुति संघी संगठनों के लिए काफी कारगर रही है। 

/bhartiy-share-baajaar-aur-arthvyavastha

1980 के दशक से ही जो यह सिलसिला शुरू हुआ वह वैश्वीकरण-उदारीकरण का सीधा परिणाम था। स्वयं ये नीतियां वैश्विक पैमाने पर पूंजीवाद में ठहराव तथा गिरते मुनाफे के संकट का परिणाम थीं। इनके जरिये पूंजीपति वर्ग मजदूर-मेहनतकश जनता की आय को घटाकर तथा उनकी सम्पत्ति को छीनकर अपने गिरते मुनाफे की भरपाई कर रहा था। पूंजीपति वर्ग द्वारा अपने मुनाफे को बनाये रखने का यह ऐसा समाधान था जो वास्तव में कोई समाधान नहीं था। मुनाफे का गिरना शुरू हुआ था उत्पादन-वितरण के क्षेत्र में नये निवेश की संभावनाओं के क्रमशः कम होते जाने से।

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो।