यौन संबंध और सहमति की उम्र

भारतीय समाज में जैसे-जैसे पूंजीवाद का विकास हुआ वैसे-वैसे आधुनिकता भी बढ़ी है। नई पीढ़ी/जनरेशन अपने पहले की पीढ़ी से दो कदम आगे है। क्योंकि आज की पीढ़ी को ढेर सारे ऐसे संसाधन, माहौल आदि उपलब्ध है जो पहले की पीढ़ी को अन्य-अन्य कारणों से नहीं मिला था। आज के माहौल में किशोर लड़के-लड़कियां अपनी सहमति से यौन संबंध बना रहे हैं। 18 साल से कम उम्र के किशोर लड़के-लड़कियां प्यार कर यौन संबंध बनाते हैं या फिर शादी करने के इरादे से घर से चले जाते हैं। ऐसे में घर वाले उन पर अपराधिक मामले लगा देते हैं। यौन संबंध की पुष्टि के बाद लड़कों पर पॉक्सो अधिनियम की धारा लगा दी जाती है। लड़के को पॉक्सो लगा जेल में डाल दिया जाता है। अगर आरोपी लड़का 18 वर्ष से कम उम्र का हुआ तो उसे बाल सुधार गृह में डाल दिया जाता है। यौन हमले के आरोप में मुकदमा चलने का मतलब होता है कि उनका अपराधिक हो जाना। इससे उनकी पूरी जिंदगी बदल जाती है। एक तरफ, लड़कों को अपराधिक मुकदमे झेलने पड़ते हैं, वहीं लड़कियां जब अपने माता-पिता के फैसले का विरोध करती हैं, तो उन्हें भी सरकारी संस्थाओं में भेज दिया जाता है। और एक मामले में तो अभी हाल ही में मध्य प्रदेश में एक लड़की को पॉक्सो अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया क्योंकि लड़की की उम्र (19 वर्ष) लड़के की उम्र से ज्यादा थी। 
    
आज के समय में ऐसे अधिकांश मामले जिज्ञासावश और दोनों की सहमति से हो रहे हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार 2021 में पाक्सो कानून के तहत 53,873 मामले दर्ज किए गए थे। ये मामले बच्चों के खिलाफ सभी अपराधों का 36 प्रतिशत हैं। इनमें से 61 प्रतिशत मामले बलात्कार से जुड़े थे। छब्त्ठ के आंकड़ों से ही पता चलता है कि पॉक्सो के 50 फीसदी मामले 16 से 18 साल के किशोरों के खिलाफ हैं। यानी सहमति होने के बावजूद भी किशोर लड़के आरोपी बन रहे हैं क्योंकि कानून में इसको अपराध माना गया है। और यह भी नहीं कहा जा सकता है कि पॉक्सो कानून से बच्चों का यौन उत्पीड़न पूरी तरह से रुक गया है। कानून होने के बावजूद 18 साल से कम उम्र के लड़के-लड़कियों को यौन उत्पीड़न से जूझना पड़ रहा है क्योंकि केवल कानून बना देने से समस्या हल नहीं होती है। कानून को समय के हिसाब से बदलना चाहिए और उसे जमीनी हकीकतों से वाकिफ होना चाहिए। किसी देश के कानून को न्याय और निष्पक्षता का जितना पालन करना चाहिए, उतना ही उसे समय के साथ बदलना भी चाहिए। 
    
इस मामले पर देश में बहस चल रही है कि सहमति की उम्र क्या होनी चाहिए? कुछ राज्यों (कर्नाटक, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, मद्रास आदि) में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश तथा महिला व बाल विकास परियोजना से जुड़े लोग इस बात की राय दे रहे हैं कि सहमति की उम्र 18 से घटा कर 16 कर दी जाय। कर्नाटक उच्च न्यायालय की धारवाड़ पीठ ने इसी आधार पर, भारत के विधि आयोग से यह आग्रह किया है कि ‘जमीनी हकीकत को ध्यान में रखते हुए’ सहमति की उम्र के मानदंडों पर वह फिर से विचार करे।
    
मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पार्थिबन ने कहा, ‘‘16 साल की उम्र के बाद सहमति से किसी यौन संबंध या संबंद्ध कृत्य को पॉक्सो कानून के कठोर प्रावधानों से बाहर रखा जा सकता है। ऐसे मामलों की सुनवाई और नरम प्रावधानों के तहत की जा सकती है, जिसे इस कानून में ही शामिल किया जा सकता है।’’ उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ‘ऐसा संशोधन किया जा सकता है कि अगर 16 से अधिक और 18 से कम उम्र की लड़की सहमति से यौन संबंध बनाती है तो उसमें पुरुष की उम्र लड़की के मुकाबले पांच साल से अधिक नहीं हो सकती। ताकि लड़की से उम्र में बहुत अधिक बड़ा और परिपक्व व्यक्ति लड़की की कम उम्र और उसके भोलेपन का गलत फायदा न उठा सके।’
    
सहमति की अलग-अलग देशों में अलग-अलग उम्र है। लड़के-लड़की दोनों की सहमति की उम्र फ्रांस में 15 वर्ष, अमेरिका में 15 से 18 वर्ष, आस्ट्रिया में 14 वर्ष, कनाडा में 14 से 16 वर्ष और स्विट्जरलैंड में 16 वर्ष, रूस में 16 वर्ष, स्पेन में 16 वर्ष है।
    
भारत में भी पहले सहमति की उम्र 16 वर्ष थी। परन्तु बाद में सहमति की उम्र बढ़ा कर 18 वर्ष कर दी गई। सहमति की उम्र 18 वर्ष सिर्फ कानून में होने का मामला नहीं है, बल्कि यह एक बायोलाजिकल सवाल भी है। उसके साथ ही भारत में बिना शादी के यौन संबंध बनाने के लिए सहमति और शादीशुदा जीवन में यौन संबंध बनाने के लिए सहमति की उम्र हमेशा से अलग-अलग रही है। विवाह में 18 साल से कम उम्र की लड़कियों के साथ लड़कों को यौन संबंध बनाने की अनुमति है। हिंदू मैरिज एक्ट के तहत 15 से 18 साल की उम्र की लड़की की शादी को अवैध घोषित नहीं किया जा सकता है। ये विडंबना ही है कि विवाह होने पर 15 से 18 साल की लड़कियों के लिए सहमति की उम्र का प्रावधान है और विवाह न होने पर वह अपराधिक हो जाता है।
    
सरकार को चाहिए कि वह ‘नैतिकता’ की पहरेदारी करने की बजाय नयी उम्र के लड़के-लड़कियों के साथ हमदर्दी से पेश आये और किशोरावस्था के यौन संपर्कों को अपराधिक दायरे से बाहर करे।     -एक पाठक, हरिद्वार

आलेख

/chaavaa-aurangjeb-aur-hindu-fascist

इतिहास को तोड़-मरोड़ कर उसका इस्तेमाल अपनी साम्प्रदायिक राजनीति को हवा देने के लिए करना संघी संगठनों के लिए नया नहीं है। एक तरह से अपने जन्म के समय से ही संघ इस काम को करता रहा है। संघ की शाखाओं में अक्सर ही हिन्दू शासकों का गुणगान व मुसलमान शासकों को आततायी बता कर मुसलमानों के खिलाफ जहर उगला जाता रहा है। अपनी पैदाइश से आज तक इतिहास की साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से प्रस्तुति संघी संगठनों के लिए काफी कारगर रही है। 

/bhartiy-share-baajaar-aur-arthvyavastha

1980 के दशक से ही जो यह सिलसिला शुरू हुआ वह वैश्वीकरण-उदारीकरण का सीधा परिणाम था। स्वयं ये नीतियां वैश्विक पैमाने पर पूंजीवाद में ठहराव तथा गिरते मुनाफे के संकट का परिणाम थीं। इनके जरिये पूंजीपति वर्ग मजदूर-मेहनतकश जनता की आय को घटाकर तथा उनकी सम्पत्ति को छीनकर अपने गिरते मुनाफे की भरपाई कर रहा था। पूंजीपति वर्ग द्वारा अपने मुनाफे को बनाये रखने का यह ऐसा समाधान था जो वास्तव में कोई समाधान नहीं था। मुनाफे का गिरना शुरू हुआ था उत्पादन-वितरण के क्षेत्र में नये निवेश की संभावनाओं के क्रमशः कम होते जाने से।

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो।