ब्रह्म हत्या

‘भिक्षाम देही’ टीवी पर सीरियल चल रहा है। तिवारी जी गांव में बैठकर कोई नाटक देख रहे हैं। कभी किसी ब्राह्मण को भिक्षा मांगकर जीवन यापन करते हुए देखते हैं, तो कभी किसी आश्रम में छात्रों को शिक्षा देते हुए। और कभी किसी सम्राट को कुल पुरोहित के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेते हुए। सुदूर पूर्व में ब्राह्मणों का जीवन कैसा रहा होगा इसका कयास इन नाटकों को देखकर ही हुआ था। मगर तिवारी जी का वास्तविक जीवन इन सब कयासों से कोसों दूर था। पंडित जी नमस्कार! अतीत का बस यही अवशेष मात्र बचा था, जो वर्ण व्यवस्था के सबसे ऊपरी पायदान पर खड़े होने का कभी-कभी अहसास करा देता था।
    
तिवारी जी के बड़े भाई जजमानी ब्राह्मण थे, अच्छी-खासी सम्पत्ति भी जोड़ ली थी। वैसे तिवारी जी भलमानस थे, मगर खुद की आमदनी इतनी नहीं थी कि कोई सम्पत्ति जोड़ पाते। सम्पत्ति के नाम पर हिस्सेदारी में बंटा हुआ छोटा सा घर था। एक पत्नी और दो बच्चों का भरण-पोषण और न्यूनतम आमदनी कहीं न कहीं बड़े भाई के प्रति द्वेष का कारण बन गई।
    
ब्राह्मण होने के कारण, गांव में शब्दों का सम्मान तो था, परंतु शाब्दिक सम्मान जीवन की वास्तविकता के सामने घुटने टेक देता है। पिताजी की चाय की दुकान ने जीवन के 16 बसंत तो निकाल दिए, परंतु आगे का पारिवारिक जीवन ठोस सच्चाई से टकराने लगा, जो गांव की सीमाओं को तोड़ने की मांग करता था। अब गांव के भरोसे वैवाहिक जीवन की नाव किनारे नहीं लग सकती थी।
    
गांव के बहुत से लोग शहर के कारखानों में काम करते हैं। मालूम चला कि 8 घंटे की ड्यूटी और 4 घंटे का ओवरटाइम मिलाकर 12,000 रुपए मिल जायेंगे। चाय की दुकान से बमुश्किल 4000 रुपए कमाने वाले तिवारी जी के लिए 12000 रुपए की मासिक आमदनी किसी स्वप्न जैसी थी। शहर जाकर फैक्टरी में नौकरी करना तय हुआ। 
    
फैक्टरी समाज की ठोस सच्चाई होती हैं, यहां सब कुछ ठोस सत्य होता है। यहां धर्मग्रंथों के पवित्र शब्द सिर्फ दीवारों पर लिखे होते हैं और लोहे जैसी दीवारों की मजबूती शाश्वत होती है। दीवारों पर लिखी पवित्र इबारतों से ज्यादा शाश्वत वो मशीनें होती हैं जिन पर तिवारी जी जैसे करोड़ों हाथ काम करते हैं। ये मशीनें वर्ण व्यवस्था के किसी भी नियम की धज्जियां उड़ा कर रख देती हैं और वर्ण व्यवस्था से आए किसी भी वर्ण के लोगों में भेद नहीं करतीं। यहां पहर का कोई भेद नहीं। जीवित श्रम ने निर्जीव मशीनों के साथ मिलकर जिस सृष्टि की रचना की है वो किसी भी आलोकित दुनिया से ज्यादा वास्तविक है, ज्यादा शाश्वत है। सुबह 6 बजे से शाम के 6 बजे और शाम के 6 बजे से सुबह के 6 बजे ये अंतहीन धड़ धड़ाहट है जिसमें तिवारी जी के 12 घंटों को शामिल हो जाना था।
    
ठेकेदारी के तहत काम करते हुए तिवारी जी को कई महीने बीत गए थे। गांव के कष्टकारी जीवन की त्रासदी भरी बातों का स्थान अब पीएफ, ई इस आई, रेस्ट, ओवर टाइम, बोनस, बहुत से नए शब्द तिवारी जी की शब्दावली में शामिल हो उनके जीवन का कब हिस्सा बन गए ये मालूम भी न चला। कुछ महीनों बाद जब पंडित जी घर पहुंचे धर्मपत्नी, बूढ़े पिता और बच्चे जिन्हें तिवारी जी अपने नए जीवन के बारे में बताने लगे। अपनी तमाम तकलीफों के बावजूद तिवारी जी गर्व से बताते कि कैसे साप्ताहिक अवकाश के दिन पूजा-पाठ पूरे मन से किया जाता है। प्रतिमाह 7000 रुपए की बचत से तिवारी जी के मन में बच्चों को अच्छे स्कूल में दाखिला दिलाने की बात पति-पत्नी के बीच होने लगी। नया जीवन बहुत से नए सपने देखने लगा।
    
तिवारी जी अभी ठेके के मजदूर ही थे, और अभी छुट्टी का कोई पैसा नहीं मिलता था। आज पांचवा दिन है छुट्टी का, 2000 रुपए कम आयेंगे इस महीने। कल तो ड्यूटी पर जाना ही होगा, विचार मस्तिष्क में चल रहे हैं। बड़ी मिन्नत करने पर सुपरवाइजर ने 5 दिन की छुट्टी दी है। कल नहीं जाऊंगा तो काम से निकाल देगा। विदा होते समय पति-पत्नी की आंखें नम हैं, आंसुओं की पवित्रता में गहरे प्रेम का मर्म है। अपना खयाल रखना, बोलते-बोलते दो कंठ भर आते हैं। कहीं कोई रोता हुआ देख न ले, जाते हुए बच्चों और पत्नी को पलटकर देख पाना अब संभव नहीं है।
    
मंगल के दिन तिवारी जी माथे पर सिंदूरी टीका लगाते हैं। फैक्टरी गेट को नित्य ही फैक्टरी में दाखिल होने से पहले ईश्वर की मानिंद नमन करते हैं। रोज की भांति मशीनों पर माल देने का काम चल  रहा है। शाम के 5 बजे का समय है। अरे तिवारी ये काम छोड़ और मशीन चला, तिवारी जी के कान अब इस नई शब्दावली को सुनने के अभ्यस्त हो चुके हैं, मन में एक घुटन तो है जिन्हें हमेशा गांव में पंडित जी का संबोधन मिला इस फैक्टरी में वो सिर्फ हेल्पर हैं, एक ठेके के मजदूर और ये उतना ही बड़ा सत्य है जितना इस फैक्टरी का होना, और उतना ही बड़ा सच है सुपरवाइजर और एक ठेके के मजदूर के बीच के संबंध का होना। मैंने कभी मशीन नही चलाई। एक बालक की मासूमियत भरी सच्चाई इस शब्द में थी। कुछ और काम बता दो। अगर मशीन नहीं चलानी तो घर जा, कल से काम पर मत आना।
    
प्रोडक्शन पूरा न होने के कारण अभी कुछ देर पहले सुपरवाइजर मालिक की दुत्कार सुन कर आया था। किसी भी तरह से माल पूरा करना है। नौकरी खोने का भय, मशीन चलाने से होने वाले भय पर हावी हो जाता है। सुपरवाइजर की धमकी तुरंत असर लाती है। तिवारी जी मशीन चलाने लगते हैं। सी एन सी मशीन के भीतर जब लोहा काटा जाता है तो लोहे की छीलन मशीन में पटरे और पटरे के रास्ते के बीच फंस जाती है। पटरा जहां से चलता है फिर वापस अपनी जगह आता है। उसे अपनी प्रक्रिया पूरी करनी होती है। जिस रास्ते से पटरा चलना शुरू होता है उस शुरूआत और पटरे के बीच महज 3 इंच का गैप होता है। इस दौरान उस रास्ते के बीच जो कुछ भी आता है पटरा उसे इस 3 इंच के गैप की तरफ धकेल देता है। तिवारी जी देखते हैं कि छीलन फंसी हुई है। सोचते हैं कि हाथ से छीलन निकाल दूं। एक तरफ का रास्ता पूरा करने के बाद पटरा अपनी जगह पर वापस आता है।
    
शिफ्ट समाप्त होने वाली है। सब जाने की तैयारी कर रहे हैं। मगर तिवारी जी की सिर्फ झुकी हुई कमर दिखाई देती है। शरीर कोई हलचल नहीं करता। महज 3 इंच के गैप में पटरे के बीच तिवारी जी की गर्दन दबी है। मशीन में लोहे की छीलन अब भी वैसी ही है।           -पथिक
 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।