रूस-यूक्रेन युद्ध और अमेरिकी-यूरोपीय साम्राज्यवादी

रूस-यूक्रेन युद्ध दो वर्ष बाद भी समाप्त होने की ओर नहीं है। युद्ध में एक बार फिर रूस को कुछ बढ़त मिलने की खबरें आ रही हैं। यूक्रेन के एक महत्वपूर्ण ठिकाने अवदिवका पर रूसी सेना ने नियंत्रण कायम कर लिया है। और यूक्रेन की फौजों को बीते कुछ महीनों में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कुछ विश्लेषक तो यहां तक कह रहे हैं कि अब यूक्रेनी सेना के पास लड़़ने वाले सैनिक भी काफी कम बचे हैं। 
    
रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन की खस्ता हालत ने उसके सहयोगी बने अमेरिकी-यूरोपीय साम्राज्यवादियों को चिंता में डाल दिया है। अमेरिकी साम्राज्यवादी जहां एक ओर यूक्रेन की मदद के लिए संसद से 60 अरब डालर की नई सैन्य सहायता पास कराने में जुटे हैं वहीं चुनावी वर्ष में फिलिस्तीनी नरसंहार व रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिकी भूमिका के चलते सत्ताधारी दल को नुकसान का खतरा भी सता रहा है। खतरा यह भी सता रहा है कि राष्ट्रपति चुनाव में कहीं ट्रम्प की वापसी उनकी पहले की प्रतिबद्धताओं को पलट न दे। 
    
इस सबके बीच धूर्त जेलेंस्की एक तरफ युद्ध में मारे गये यूक्रेनी सैनिकों की संख्या कम बताकर युद्ध में अंतिम दम तक टिके रहने का पाखण्ड कर रहा है। जहां बाकी अनुमान उसके डेढ़ लाख से ऊपर यूक्रेनी लड़ाकों के मारे जाने का दावा कर रहे हैं वहीं जेलेंस्की यह संख्या महज 30-40 हजार घोषित कर रहा है। अपने ही सैनिकों के प्रति उसका यह रुख घोर असंवेदनशीलता को दर्शाता है। दूसरी ओर जेलेंस्की ने अमेरिकी-यूरोपीय साम्राज्यवादियों से लगातार पैसा व हथियार मांगना जारी रखा हुआ है। 
    
इन हालातों में यूरोपीय साम्राज्यवादी जो यूक्रेन युद्ध में काफी अनिच्छा से अमेरिकी पाले में खड़े हुए थे, अब अपने को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं। वे कभी एक बयान तो कभी दूसरा बयान जारी कर रहे हैं। हाल ही में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां ने यहां तक बयान दे दिया कि यूरोपीय देशों ने अपने सैनिक सीधे युद्ध में उतारने का विकल्प खुला रखा है। इसके साथ ही हथियारों की नई खेप यूक्रेन को देने का भी उसने वायदा कर दिया। 
    
बीते दिनों 26 फरवरी को यूरोपीय साम्राज्यवादी पेरिस में एक शिखर सम्मेलन में इसी मसले पर इकट्ठा हुए। जहां युद्ध में किसी भी कीमत पर रूस की जीत रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। इन चर्चाओं में नाटो फौजों को सीधे उतारने की भी बातें हुईं। हालांकि इन चर्चाओं के अगले दिन ही जर्मनी और पौलेण्ड के नेताओं ने सीधे अपने सैनिक युद्ध में भेजने का खण्डन करते हुए कहा कि उनके देश ऐसा नहीं करेंगे। नाटो के प्रमुख ने भी सीधे अपनी सेना उतारने का खण्डन किया। 
    
रूस ने नाटो देशों के सीधे सेना के उतारने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह युद्ध का विस्तार होगा। रूस की तीखी प्रतिक्रिया पर नाटो देशों को अपनी सेना न उतारने का बयान जारी करना पड़ा। इस तरह यूरोपीय साम्राज्यवादी कभी एक तो कभी दूसरी बयानबाजी को मजबूर हो रहे हैं। 
    
इस सबके बीच यूक्रेन को अमेरिकी सहायता को जायज ठहराने के लिए न्यूयार्क टाइम्स ने एक लेख लिखा जिसमें पहली बार यह खुलेआम स्वीकारा गया कि रूस के खिलाफ सीआईए के जासूसी और हत्या कार्यक्रमों के लिए यूक्रेन एक मूल्यवान किले के रूप में काम करता रहा है। और अमेरिका इस किले को दरकता हुआ नहीं छोड़ सकता। 
    
वास्तविकता यही है कि यूक्रेन में लगातार अपने सैन्य अड्डे कायम करने की कोशिशों में नाटो देशों ने अरबों डालर खर्च किये हैं। उनकी यूक्रेन में इस दखलंदाजी ने ही रूस को यूक्रेन पर हमले हेतु उकसाने का कार्य किया। इस सच्चाई को अभी तक यूरोपीय-अमेरिकी साम्राज्यवादी नहीं स्वीकारते रहे हैं। वे यूक्रेन को पीड़ित देश प्रस्तुत कर उसकी मदद की अपनी जनता के सामने नौटंकी करते रहे हैं। पर अब जब युद्ध 2 वर्ष बाद भी उनके इरादों के अनुरूप रूस की हार की ओर नहीं बढ़ रहा है तो वे बौखला कर अपनी ही पोल, अपने षड्यंत्रों को खुद ही उद्घाटित कर रहे हैं। वे कभी इस युद्ध से पीछा छुड़ाने की राह देख रहे हैं तो कभी नये सिरे से रूस पर हमला बोलने के इरादे जाहिर कर रहे हैं। इस युद्ध में इनकी खुद की भूमिका को लेकर आपसी अंतरविरोध अब अधिक खुलकर सामने आ रहे हैं। 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।