श्रीलंका एक बार फिर कर्ज संकट के मुहाने पर

श्रीलंका में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रतिनिधिमंडल की दो सप्ताह की यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष पीटर ब्रेयूर ने कहा कि श्रीलंका को कर्ज के रूप में दी जाने वाली कुल 3 अरब डालर कर्ज की दूसरी किश्त अभी नहीं दी जाएगी। यह किश्त लगभग 33.3 करोड़ डालर की होनी थी। पीटर ब्रेयूर के इस बयान के बाद श्रीलंका एक बार फिर से कर्ज़ संकट के मुहाने पर पहुँच गया है। हालांकि श्रीलंका ने चीन के एक्सिस बैंक से कर्ज पुनर्गठन समझौता होने की बात कही है। श्रीलंका पर 2022 के अंत में कुल देशी-विदेशी कर्ज 42 अरब डालर था।  
    
ज्ञात हो कि अप्रैल 2022 में श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भण्डार कम होने पर वह न तो विदेशी कर्ज़ चुकाने की स्थिति में रहा और न ही विदेशों से आवश्यक सामान की आपूर्ति लायक उसके पास पैसा था। इसके बाद लम्बे समय तक श्रीलंका में अराजकता की स्थिति रही और इस साल मार्च में काफी मशक्कत के बाद अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने 3 अरब डालर कर्ज मंजूर किया था जिसकी पहली किश्त 33 करोड़ डालर के आस-पास दी। लेकिन इसके बदले में अपनी शर्तें भी थोपीं। इन्हीं शर्तों के पूरा न हो पाने की स्थिति में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष पीटर ब्रेयूर ने पहले रिव्यू के बाद कर्ज की दूसरी किस्त देने से मना किया है। पेरिस क्लब की बैठक में भी ऐसा ही कहा गया है।
    
इन शर्तों में ऐसा क्या था जो श्रीलंका पूरी नहीं कर पाया। दरअसल इस बीच श्रीलंका का खर्चा कुल बजट का 19 प्रतिशत था और राजस्व मात्र 9 प्रतिशत रहा। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार ख़र्च और राजस्व में यह अंतर बहुत ज्यादा था और इसे कम होना चाहिए था। राजस्व कम से कम 12 प्रतिशत होना चाहिए था। और राजस्व कैसे बढ़ेगा? इसके लिए आई एम एफ चाहता था कि जनता की आवश्यक उपयोग की सेवाओं जैसे बिजली और पानी पर भी टैक्स लगाया जाना चाहिए। इसके अलावा सरकार को जनता को दी जाने वाली सब्सिडी में कमी करनी चाहिए और सरकारी संस्थानों का निजीकरण करना चाहिए। लोगों को दी जाने वाली तनख्वाह में कमी की जाए और टैक्स बढ़ाया जाये।
    
ऐसा नहीं है कि विक्रमसिंघे की सरकार ने ऐसा नहीं किया है। उसने ऐसा किया है लेकिन जनता के प्रतिरोध के परिणामस्वरूप वह अपनी करनी में उतना सफल नहीं हो पाया है जितना अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष चाहता है। विक्रमसिंघे के द्वारा लागू कटौती कार्यक्रमों के जरिए ही आज श्रीलंका की एक चौथाई आबादी निर्धनता की स्थिति में पहुंच चुकी है और इस साल इसके 28 प्रतिशत तक पहुंच जाने की संभावना है।
    
इस निर्धन होती जनता के आक्रोश का सामना करने के लिए विक्रमसिंघे ने एक तरफ आनलाइन सेफ्टी एंड एंटी टेरर बिल बनाकर उसका दमन करने की तैयारी की है तो दूसरी तरफ कई क्षेत्रों में हड़ताल रोकने के लिए उन्हें आवश्यक वस्तुओं में शामिल कर लिया है ताकि इन क्षेत्रों में हड़ताल होने पर कर्मचारियों का दमन कर हड़ताल करने से रोका जा सके। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पेट्रोलियम, बिजली, बंदरगाह, सामानों का परिवहन, सड़क-रेल-हवाई यातायात आदि शामिल हैं।
    
आई एम एफ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा यात्रा के बाद कर्ज देने से मना करने के बाद विक्रमसिंघे ने 3 अक्टूबर को बर्लिन ग्लोबल डायलाग की बैठक में कहा कि वे एक तनी हुई रस्सी पर चल रहे हैं। अब वे उस स्थिति पर पहुंच चुके हैं कि जनता पर और बोझ नहीं डाला जा सकता है। दरअसल विक्रमसिंघे को चिंता जनता की नहीं है उन्हें चिंता अपनी कुर्सी की है कि कहीं ऐसा न हो कि जनता फिर एक बार राष्ट्रपति भवन में घुस जाये। इस तरह वे अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के आगे अपनी विवशता प्रकट कर रहे थे।
    
राज्य संस्थाओं के पुनर्गठन के निदेशक सुरेश शाह का कहना है कि कम से कम 80 संस्थान ऐसे हैं जिन्हें सरकारी नहीं होना चाहिए और 15 निष्क्रिय संस्थानों को वे बंद करने की बात कह रहे हैं। स्टेट इंजीनियरिंग कारपोरेशन को बंद कर वे पहले ही 1400 लोगों को बेरोजगार कर चुके हैं। इसी तरह कोआपरेशन होलसेल इस्टेबलिस्मेंट से वे 300 लोगों को काम से निकाल चुके हैं।
    
जब अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रतिनिधि श्रीलंका में थे तो विपक्षी पार्टियों के तमाम नेता उनसे मिले। और उसके बाद जनता के सामने ऐसे प्रदर्शित किया कि उनकी अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रतिनिधियों से बात हो चुकी है और भविष्य में अगर वे सत्ता में आते हैं तो सब कुछ सही कर देंगे। जबकि ये वही पार्टियां हैं जो श्रीलंका को इस हालत में पहुंचाने के लिए जिम्मेदार हैं।
    
ट्रेड यूनियन नेता भी अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रतिनिधियों से मिले। 47 पेशों से जुड़े कर्मचारियों और मज़दूरों की यूनियन के नेताओं ने उनसे अपील की कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखा जाए। ये वही नेता हैं जो मज़दूरों और कर्मचारियों के संघर्षों पर लगाम कस रहे हैं, उनकी हड़तालों को अकेलेपन का शिकार होने दे रहे हैं और संगठित मजदूर वर्ग का विरोध कर रहे हैं। और दूसरी तरफ लुटेरे साम्राज्यवादियों से दया की भीख मांग रहे हैं।
    
नवंबर मध्य में श्रीलंका का नये साल का बजट पेश होना है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के माध्यम से अमेरिका और पश्चिमी साम्राज्यवादी पूरी कोशिश करेंगे कि श्रीलंका पर उनका शिकंजा मज़बूत हो ताकि श्रीलंका की मेहनतकश आवाम को और लूटा जा सके। श्रीलंका की मेहनतकश जनता देशी-विदेशी पूंजी के हमले का कैसे जवाब देती है यह भविष्य के गर्त में है।
 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।