विभाजन

साइकिल से फैक्टरी पहुंचने में दस मिनट लगते हैं। 8 बजकर 10 मिनट ये वो अंतिम समय है जिस वक्त तक मजदूरों को फैक्टरी में पहुंच जाना होता है। उसके बाद लेट आने पर गेट पर रोका भी जा सकता है और वापसी भी हो सकती है। आज तो एच आर डांट लगाएगा, साइकिल पर बैठते ही कपिल के दिमाग में ये विचार घूमने लगता है क्योंकि जैसे ही घड़ी पर नजर गई, घड़ी ने 8 बजकर 5 मिनट का संकेत दिखाया। पूरे दिन का नुकसान करने से बेहतर है थोड़ी डांट खा ली जाए। लेट होना एक अपराध है जिसके दंडस्वरूप आपको कंपनी की सुरक्षा में तैनात गार्ड गेट पर पूछताछ के लिए रोक सकता है। डांट लगा सकता है। अपमानित कर सकता है। आपका एक घंटा काटा जा सकता है या फिर घर वापस भेजा जा सकता है। खैर आज गनीमत रही कि मामूली पूछताछ के बाद एंट्री हो गई।
    
गेट पर कई तरह के रजिस्टर रखे हुए हैं जो अलग-अलग प्रकृति के कामों से संबंधित हैं, अलग-अलग ठेकेदारों से संबंधित हैं। फ्रेडलिंग, बंडलिंग, ढलाई के मजदूर, दिहाड़ीदार, कंपनी के मजदूर सबके अलग-अलग रजिस्टर हैं। इन सभी मजदूरों की उपस्थिति दर्ज करने की जिम्मेदारी सिक्योरिटी गार्ड के जिम्मे रहती है और फिर एच आर विभाग की।
    
श्याम बदन बिहार का मजदूर है जो पीस रेट के हिसाब से फ्रेडलिंग का काम करता है। ठेकेदार भी बिहार का है और उसी के गांव का है। ठेकेदार के तहत लगभग 20 मजदूर यहां पीस रेट पर काम करते हैं। हर पीस पर रेट तय है जिसका आधा मजदूर को मिलता है और आधा हिस्सा ठेकेदार अपनी जेब में रख लेता है। ऐसा ही फ्रेडलिंग का एक ठेकेदार और है उसके भी लगभग इतने ही मजदूर फ्रेडलिंग का काम करते हैं।
    
यदि आप पानी पीने नल के पास खड़े हैं तो बिना किसी शक के इन फ्रेडलिंग के मजदूरों को आसानी से पहचान सकते हैं। सर पर बांधा हुआ कपड़ा, डबल कमीज, चेहरे और हाथों में गहरी गर्द। नाक में भरी गाढ़ी काली धूल, फटे हुए जूतों पर बंधा हुआ कपड़ा तो यकीनन आप के बगल में एक फ्रेडलिंग का मजदूर खड़ा है। फ्रेडलिंग का दूसरा ठेकेदार बंगाली है। हरि मंडल और श्याम बदन दोनों ही फ्रेडलिंग का काम करते हैं, जिनकी कार्य परिस्थितियां बिल्कुल एक जैसी हैं। परंतु भाषा, संस्कृति, उत्सव त्यौहार, खान-पान की भिन्नता के बावजूद इनके बीच की सबसे बड़ी खाई इनके ठेकेदारों का अलग-अलग होना है। कपड़े बदलने से लेकर नहाने तक और साथ में खाने से लेकर रात में पी जाने वाली सस्ती, कच्ची शराब तक, हर जगह उस खाई को महसूस किया जा सकता है। और जब भी कोई हादसा होता है तो संवेदना और सुरक्षा की भावना के अतिरिक्त कुछ भी साझा नहीं हो पाता। ये खाई तब भी अपनी भूमिका निभा रही होती है।
    
एक अन्य ठेकेदार भी है जिसने लोडिंग, अनलोडिंग का ठेका ले रखा है। इसके मजदूरों का काम फ्रेडलिंग के मजदूरों के आगे माल डालना और फ्रेडलिंग किए गए माल को आगे बढ़ाने का है। ये मासिक वेतनभोगी मजदूर होते हैं। इन ठेके के मजदूरों को पी एफ, ई एस आई, साप्ताहिक अवकाश जैसी कोई सुविधा मुहैय्या नहीं होती। किसी दिन दिहाड़ी 1500 रुपए भी होती है तो किसी दिन शाम तक खाली बैठकर वापस भी आना पड़ता है। सब कुछ बाजार की मांग पर निर्भर होता है। और इसी कारण इनके और कंपनी के मजदूरों के बीच एक अकारण द्वेष का भाव मौजूद रहता है। इसी तरह एक ही प्रकृति का काम होने के बावजूद दो या तीन ठेकेदारों के तहत मजदूर काम करते हैं।
    
कम्पनी के तहत काम करने वाले मजदूरों में भी वर्गीकरण किया जाता है। कपिल कंपनी का कैजुअल मजदूर है, जिसे सरकारी मानकों द्वारा तय मजदूरी भी नहीं मिलती। पी एफ, ई एस आई की कोई सुविधा इन कैजुअल मजदूरों को नहीं मिलती। सिर्फ होली, दीपावली और राष्ट्रीय अवकाश का पैसा मिल जाता है और एक साप्ताहिक अवकाश भी मिलता है। इन कैजुअल मजदूरों से थोड़ा सा भिन्न स्थिति परमानेंट मजदूरों की है। इन्हें सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी मिलती है। पी एफ, ई एस आई की सुविधा के अलावा ई एल, सी एल वगैरह की सुविधाएं भी कुछ मजदूरों को मिल जाती हैं। हालांकि यह मात्र गुड़हल के वृक्ष पर उगने वाले फूलों की जितनी ही होती है जबकि वास्तिकता गुड़हल के पत्तों जैसी। परमानेंट और कैजुअल मजदूरों के मध्य काम का कोई विभाजन सीधे तौर पर नहीं होता परंतु वास्तव में ज्यादा श्रम वाले काम यही कैजुअल मजदूर करते हैं, परंतु जब भी वार्षिक वेतन वृद्धि का समय आता है तो इन्हीं कैजुअल मजदूरों की वेतन वृद्धि सबसे कम होती है। और कहीं न कहीं ये कैजुअल मजदूरों के मन में परमानेंट मजदूरों के प्रति बैर भाव का कारण बनती है। जब भी इन कैजुअल मजदूरों को परमानेंट मजदूरों द्वारा हेल्पर कहा जाता है तो उसमें इन्हें खुद से कमतर समझने की प्रवृत्ति मौजूद रहती है। मूलतः काम की प्रकृति एक जैसी होती है, परंतु दोनों के मध्य सदैव एक खाई मौजूद रहती है। एक विभेद मौजूद रहता है जिसका कारण आर्थिक होता है। और यह विभेदीकरण उन्हें एकरूपता देने में सदैव बाधक रहता है।
    
आपने मोटर गाड़ी में बैठकर उसका आनंद लिया होगा। मोटर गाड़ी बहुत तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती है। बाहर से देखने पर वह एक एकीकृत ढांचा होता है। परंतु वास्तविकता हमारी देखने की क्षमता से ज्यादा बड़ी होती है। क्योंकि मोटर गाड़ी महज आकार भर नहीं होती। वह अपने भीतर भिन्नताओं और उसके एकीकरण को लिए होती है। उसके भीतर सैंकड़ों पुर्जे होते हैं जो उसे गति और आकार देते हैं। प्रत्येक पुर्जे की अपनी अहमियत और अपनी विशेषताएं होती हैं। प्रत्येक पुर्जे की बनावट, बनने की प्रकिया, धातु की गुणवत्ता, भिन्न-भिन्न होती है। और ये भिन्नताएं एकता के निश्चित सूत्र में बंधकर वेग से चलने वाले वाहन का साकार रूप लेती हैं।
    
परंतु धातु के इन पुर्जों का जन्म इस तरह हुआ होता है कि प्रत्येक पुर्जा खुद को एक स्वतंत्र इकाई के रूप में ही महसूस कर पाता है। उसे सिर्फ खुद के ऊपर पढ़ने वाले दबाव और घर्षण का ही भान होता है जो उसके वजूद को लगातार प्रभावित करता है। परंतु अपनी बारी में अपने जैसे ही पुर्जों के ऊपर पड़ने वाले दबाव, घर्षण के प्रति वह उदासीन रहता है। इसका भान उसे कभी नहीं रहता। न ही उसे इस बात का भान रहता है कि एक सम्मिलित इकाई के रूप में ही उसका कोई वास्तविक अस्तित्व है। किस तरह प्रत्येक पुर्जे के साथ वह घनिष्ट रूप से जुड़ा है। किस तरह प्रबल वेग से चलने वाले, गति देने वाली ऊष्मा का संबंध प्रत्येक पुर्जे के आपसी संबंधों के साथ जुड़ा हुआ है। पुर्जे को इस बात का ज्ञान नहीं होता। पुर्जा अलग-थलग पड़ा रहता है। परंतु एक बार जब वह निश्चित क्रम में बाकी पुर्जों के साथ सही तालमेल में संगठित रूप ग्रहण कर लेता है तब वह प्रबल वेग से गतिमान हो उठता है और पूरी दुनिया को गतिमान बना देता है।

आलेख

/capital-dwara-shram-par-kiya-gaya-sabase-bhishan-hamala

मजदूर-कर्मचारी की परिभाषा में विभ्रम पैदा करने एवं प्रशिक्षुओं व कम आय वाले सुपरवाइजरों को मजदूर न माने जाने; साथ ही, फिक्स्ड टर्म एम्प्लायमेंट (FTE) के तहत नये अधिकार विहीन मजदूरों की भर्ती का सीधा असर ट्रेड यूनियनों के आधार पर पड़ेगा, जो कि अब बेहद सीमित हो जायेगा। इस तरह यह संहिता सचेतन ट्रेड यूनियनों के आधार पर हमला करती है। 

/barbad-gulistan-karane-ko-bas-ek-hi-ullu-kaafi-hai

सजायाफ्ता लंपट ने ईरान पर हमला कर सारी दुनिया की जनता के लिए स्पष्ट कर दिया कि देशों की संप्रभुता शासकों के लिए सुविधा की चीज है और यह कि आज शासक और मजदूर-मेहनतकश जनता अलग-अलग दुनिया में जी रहे हैं। 

/amerika-izrayal-ka-iran-ke-viruddha-yuddh

अमरीकी और इजरायली शासकों ने यह सोचकर नेतृत्व को खत्म करने की कार्रवाई की थी कि शीर्ष नेतृत्व के न रहने पर ईरानी सत्ता ढह जायेगी। इसके बाद, व्यापक जनता ईरानी सत्ता के विरुद्ध विद्रोह करने के लिए सड़क पर उतर आयेगी और अमरीकी व इजरायली सेनायें ईरान की सत्ता पर कब्जा करके अपने किसी कठपुतले को सत्ता में बैठा देंगी।

/capitalism-naitikataa-aur-paakhand

जब शीर्ष ऐसा है तो नीचे कल्पना की जा सकती है। और आज पूंजीवादी प्रचारतंत्र के सारे स्व-प्रतिबंध के बावजूद अनुयाईयों के कुकर्मों की दास्तां बाहर आ जाती है। कभी-कभी कोई सेंगर जेल भी चला जाता है। पर ज्यादातर वैसे ही छुट्टे सांड की तरह घूमते रहते हैं। 

/baukhalaye-president-trump-ke-state-of-union-speech-kaa-saar

ट्रम्प के इस स्टेट आफ यूनियन भाषण का कुछ डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने बहिष्कार किया। कुछ सर्वोच्च न्यायालय के सदस्यों ने इसमें भाग नहीं लिया। लेकिन ट्रम्प करीब दो घण्टे के अपने भाषण में अपने बारे में शेखी बघारते रहे और तमाम गलतियों और कमियों के लिए विरोधी पार्टी के राष्ट्रपतियों को जिम्मेदार ठहराते रहे। इस भाषण को झूठ का पुलिंदा कहना ज्यादा सही होगा।