अनुच्छेद-370 और शीर्ष अदालत

4 वर्ष पूर्व भारत सरकार ने अनुच्छेद 370 और 35 ए की समाप्ति की घोषणा आनन-फानन में संसद से पारित करा कर दी थी। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर राज्य को विभाजित कर केन्द्र शासित प्रदेशों में तब्दील कर दिया था। इस तरह सर्वाधिक स्वायत्त राज्य जम्मू-कश्मीर को मोदी सरकार ने एक झटके में सबसे कम स्वायत्तता वाला राज्य बना दिया था। इस कदम को उठाने से पूर्व विरोध के सारे स्वरों को दबाने के लिए राज्य को खुली जेल में तब्दील करते हुए सैकड़ों लोगों को जेलों में ठूंस दिया गया था, इंटरनेट बंद कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 को खत्म करने की वैधता पर मुहर लगा जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय पर कानूनी मुहर लगा दी है। इस तरह नेहरू के जमाने से कश्मीर को भारत में मिलाने की भारतीय शासकों की शुरू की गयी मुहिम को मोदी व सुप्रीम कोर्ट ने अंजाम तक पहुंचा दिया है। 
    
सुप्रीम कोर्ट के मोदी सरकार के पक्ष में दिये फैसले के कुछ आयाम गौरतलब हैं। मोदी सरकार देश को एक देश एक विधान एक शासन के फासीवादी निजाम की ओर बढ़ाने में जुटी हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने एक तरह से उसकी इस मुहिम पर अपनी मुहर लगा दी है। अनुच्छेद 370 में स्पष्ट तौर पर लिखे होने कि इसका खात्मा जम्मू-कश्मीर संविधान सभा की संस्तुति पर भारत का राष्ट्रपति कर सकता है, के बावजूद सुप्रीम कोर्ट ने भारत के राष्ट्रपति को इसे खत्म करने का पूर्ण अधिकारी मान लिया और जम्मू-कश्मीर की संविधान सभा की संस्तुति को नजरअंदाज कर दिया। अदालत ने यह भी ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी कि कश्मीर की अवाम पहले दिन से ही इस कदम के विरोध में खड़ी रही है। भारत सरीखे नाम के संघात्मक पर वास्तव में केन्द्रीकृत राज्य में इसके अतिरिक्त और कुछ हो भी नहीं सकता था। शीर्ष अदालत ने 4 वर्ष पूर्व ही इस निर्णय पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर इस बात का आभास दे दिया था कि वह भविष्य में क्या निर्णय देने वाली है। 
    
कश्मीर की अवाम व वहां का नेतृत्व इस अदालती निर्णय से निराश है पर वह हताश नहीं है। कश्मीरी अवाम जानती है कि स्वायत्तता-आत्मनिर्णय-स्वतंत्रता सरीखे राजनैतिक प्रश्न किन्हीं अदालती निर्णयों के मुहताज नहीं होते। इस निर्णय के जरिये सुप्रीम कोर्ट ने भारत के एकाधिकारी पूंजीपति वर्ग के प्रति अपनी पक्षधरता जाहिर की है। उसने तमाम उदारवादियों-वाम उदारवादियों के भ्रम को तोड़ दिया है जो शीर्ष अदालत से भिन्न निर्णय की आस लगाये बैठे थे। शीर्ष अदालत ने इस निर्णय से दिखा दिया है कि वह नेहरू-इंदिरा के जमाने की अदालत नहीं रही है जहां प्रधानमंत्री का निर्वाचन रद्द करने की हिम्मत शीर्ष अदालत कर सकती थी। कि अब वह एकाधिकारी पूंजीपति वर्ग के हित में व उसके समर्थन में फासीवाद की ओर बढ़ते ‘नये भारत’ की शीर्ष अदालत है। 
    
फासीवाद की ओर कदम बढ़़ाती मोदी सरकार भारत के नाममात्र के संघात्मक चरित्र को तरह-तरह से तहस-नहस कर रही है। इस अदालती निर्णय ने मोदी सरकार के इन कदमों को इस निर्णय से एक तरह से वैधानिकता प्रदान कर दी है। अब अगर 370 खत्म करने की शक्ति राष्ट्रपति में निहित है तो बाकी राज्यों की मामूली स्वायत्तता वाले प्रावधानों को खत्म करने की शक्ति स्वतः ही राष्ट्रपति व केन्द्र के अधीन आ जाती है। इस संदर्भ में राज्यों के नेतृत्व या वहां की जनता की राय का कोई अर्थ नहीं रह जाता। इस तरह शीर्ष अदालत ने इस निर्णय के जरिये केन्द्र-राज्य सम्बन्धों में केन्द्र की मनमानी पर अपनी मुहर लगा दी है। इस निर्णय के निहितार्थ बाकी राज्यों के लिए यही हैं कि वे भारतीय केन्द्र के अधीन अधिकारविहीन हैं। वैसे भी एक कर की जीएसटी प्रणाली के जरिये केन्द्र ने राज्यों को अपने खर्च तक के लिए मुहताज पहले ही बना दिया है। 
    
जहां तक कश्मीर का प्रश्न है तो इसे भारत में मिलाने की मुहिम नेहरू सरकार के जमाने से शुरू हुई थी। धारा 370 के बावजूद एक के बाद एक केन्द्र के प्रावधान कश्मीर पर थोपे जाते रहे और धारा 370 के तहत प्राप्त स्वायत्तता नाम मात्र की ही शेष बची थी। इस संदर्भ में कांग्रेस जहां गाजर और डण्डे की नीति पर चलती रही वहीं फासीवादी संघ-भाजपा डण्डे से ही एक झटके में मनमाफिक नतीजा हासिल करने में जुटी रही है। संघ-भाजपा की डण्डे की नीति से कानूनी तौर पर भारत में मिलाये जा चुके कश्मीर की अवाम वास्तविक तौर पर भारत के साथ महसूस करती है या फिलिस्तीनियों की तरह अपने नये इंतिफादा की ओर बढ़ती है यह आने वाला वक्त बतायेगा। संघ-भाजपा की डंडे के जरिये दमन की नीति कश्मीर को दूसरी संभावना की ओर ही धकेल रही है। 
    
कश्मीर या अन्य उत्पीड़ित राष्ट्रीयताओं की समस्या का हल न तो नेहरूकालीन पूंजीवादी भारत कर सकता था और न ही फासीवाद की ओर बढ़ता मोदी का ‘नया भारत’। पूंजीवादी दायरे में इस समस्या का संतोषजनक हल संभव ही नहीं है। यह हल केवल समाजवादी भारतीय संघ में ही संभव है। जहां सभी उत्पीड़ित राष्ट्रीयताओं को आत्मनिर्णय का अधिकार हासिल होगा। जहां सभी राष्ट्रीयताओं को बगैर किसी शोषण-उत्पीड़न के आगे बढ़ने के अवसर मुहैय्या होंगे। 
    
सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू-कश्मीर के मामले में जले पर नमक छिड़कने के बाद कुछ मलहम लगाने का भी प्रयास किया है। ऐसा उसने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दे विधानसभा चुनाव कराने का निर्देश दे कर किया है। अब देखना यह है कि खुद को सर्वशक्तिमान समझने वाली मोदी सरकार इस निर्देश का कब और कैसे पालन करती है या किन्हीं बहानों से इसे लटकाये रखती है। हां, लद्दाख का दर्जा अब केन्द्र शासित प्रदेश का ही रहेगा।  

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।