भीषण गर्मी से परेशान अमेजन मजदूरों ने उठायी आवाज

भयंकर गर्मी से परेशान गुड़गांव के अमेजन के मजदूरों ने आवाज उठायी है। अमेजन इण्डिया वर्कर्स एसोसिएशन ने भयंकर गर्मी में काम कर रहे अमेजन के मजदूरों को राहत देने की बात की है। अमेजन के मजदूरों की शिकायत है कि वेयरहाउस में ज्यादा तापमान रहने की वजह से उन्हें काफी दिक्कत हो रही है और ऊपर से प्रबंधन उन्हें लक्ष्य पूरा न होने तक बाथरूम न जाने, पानी न पीने की बात कह रहा है। 
    
ज्ञात हो कि इस साल भारत के उत्तरी और पश्चिमी इलाके में भयंकर गर्मी पड़ रही है। साल 1901 के बाद ऐसी गर्मी पड़ी है। 27 मई को दिल्ली के इलाके में तापमान 49 डिग्री रिकार्ड किया गया था जिसने 1941 के 45.6 डिग्री के रिकार्ड को तोड़ दिया। यूनियन ने श्रम मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा विभाग में इस भयंकर गर्मी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है।  
    
वेयरहाउस में काम कर रहे मजदूरों की शिकायत है कि वेयरहाउस में महिला और पुरुष मजदूर दोनों ही परेशान हैं। मजदूरों को यह कहा जा रहा है कि जब तक आप टारगेट पूरा नहीं कर लेते तब तक आप बाथरूम नहीं जा सकते। पानी नहीं पी सकते। पेशाब करने के लिए प्लास्टिक की बोतल का प्रयोग करो। महिला मजदूर तो गर्मी से इतनी परेशान हो जाती हैं कि वे रेस्ट में बाथरूम में जाकर आराम करती हैं। मजदूरों का यह भी कहना है कि सेल के कारण हमारे ऊपर सामान्य से ज्यादा काम का दबाव बढ़ जाता है। कैण्टीन तक में 32 डिग्री तापमान रहता है।
    
भीषण गर्मी में ऐसे ही बुरे हालात गिग मजदूरों के हैं। उन्हें समय पर डिलीवरी करनी है ताकि उनका टारगेट पूरा हो सके। लेकिन भयंकर लू में ऐसा संभव नहीं है या फिर मजदूर बीमार हो जाये। जान जाने का खतरा भी मौजूद है। ऐसे में अगर लक्ष्य को पूरा नहीं करेंगे तो उनकी आमदनी घट जायेगी। ऐसे में करें तो क्या करें। 
    
मजदूरों की यूनियन ने निम्न मांगें की हैं- 

1. श्रम मंत्रालय राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अथॉरिटी से आग्रह करे कि इस गर्मी को आपदा घोषित किया जाये। 
2. अमेजन और अन्य प्लेटफार्म मजदूरों को गर्मी के लिए अतिरिक्त भत्ता दिया जाये।
3. लू चलने के समय तक कार्ड ब्लॉक करने पर रोक लगायी जाये।
4. सभी प्लेटफार्म मजदूरों को पीने का पानी, टॉयलेट, शेड उपलब्ध करायी जाये।
5. लू से बचाव के उपाय के लिए प्रशिक्षण दिया जाये और मौसम के बारे में अलर्ट जारी किया जाये।
6. कुछ सुरक्षा उपकरण जैसे- यूवी शर्ट, धूप के चश्मे, धूप की क्रीम और ओ आर एस मुफ्त में उपलब्ध कराया जाये। 
7. लू लगने वाले मजदूर के लिए आपातकालीन एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाये।
8. अगर किसी मजदूर की लू के कारण आमदनी कम हो रही है तो उसे न्यूनतम मजदूरी प्रदान की जाये।
9. सभी वेयरहाउस में तापमान सामान्य रखा जाये।

आलेख

/chaavaa-aurangjeb-aur-hindu-fascist

इतिहास को तोड़-मरोड़ कर उसका इस्तेमाल अपनी साम्प्रदायिक राजनीति को हवा देने के लिए करना संघी संगठनों के लिए नया नहीं है। एक तरह से अपने जन्म के समय से ही संघ इस काम को करता रहा है। संघ की शाखाओं में अक्सर ही हिन्दू शासकों का गुणगान व मुसलमान शासकों को आततायी बता कर मुसलमानों के खिलाफ जहर उगला जाता रहा है। अपनी पैदाइश से आज तक इतिहास की साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से प्रस्तुति संघी संगठनों के लिए काफी कारगर रही है। 

/bhartiy-share-baajaar-aur-arthvyavastha

1980 के दशक से ही जो यह सिलसिला शुरू हुआ वह वैश्वीकरण-उदारीकरण का सीधा परिणाम था। स्वयं ये नीतियां वैश्विक पैमाने पर पूंजीवाद में ठहराव तथा गिरते मुनाफे के संकट का परिणाम थीं। इनके जरिये पूंजीपति वर्ग मजदूर-मेहनतकश जनता की आय को घटाकर तथा उनकी सम्पत्ति को छीनकर अपने गिरते मुनाफे की भरपाई कर रहा था। पूंजीपति वर्ग द्वारा अपने मुनाफे को बनाये रखने का यह ऐसा समाधान था जो वास्तव में कोई समाधान नहीं था। मुनाफे का गिरना शुरू हुआ था उत्पादन-वितरण के क्षेत्र में नये निवेश की संभावनाओं के क्रमशः कम होते जाने से।

/kumbh-dhaarmikataa-aur-saampradayikataa

असल में धार्मिक साम्प्रदायिकता एक राजनीतिक परिघटना है। धार्मिक साम्प्रदायिकता का सारतत्व है धर्म का राजनीति के लिए इस्तेमाल। इसीलिए इसका इस्तेमाल करने वालों के लिए धर्म में विश्वास करना जरूरी नहीं है। बल्कि इसका ठीक उलटा हो सकता है। यानी यह कि धार्मिक साम्प्रदायिक नेता पूर्णतया अधार्मिक या नास्तिक हों। भारत में धर्म के आधार पर ‘दो राष्ट्र’ का सिद्धान्त देने वाले दोनों व्यक्ति नास्तिक थे। हिन्दू राष्ट्र की बात करने वाले सावरकर तथा मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान की बात करने वाले जिन्ना दोनों नास्तिक व्यक्ति थे। अक्सर धार्मिक लोग जिस तरह के धार्मिक सारतत्व की बात करते हैं, उसके आधार पर तो हर धार्मिक साम्प्रदायिक व्यक्ति अधार्मिक या नास्तिक होता है, खासकर साम्प्रदायिक नेता। 

/trump-putin-samajhauta-vartaa-jelensiki-aur-europe-adhar-mein

इस समय, अमरीकी साम्राज्यवादियों के लिए यूरोप और अफ्रीका में प्रभुत्व बनाये रखने की कोशिशों का सापेक्ष महत्व कम प्रतीत हो रहा है। इसके बजाय वे अपनी फौजी और राजनीतिक ताकत को पश्चिमी गोलार्द्ध के देशों, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में ज्यादा लगाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यूरोपीय संघ और विशेष तौर पर नाटो में अपनी ताकत को पहले की तुलना में कम करने की ओर जा सकते हैं। ट्रम्प के लिए यह एक महत्वपूर्ण कारण है कि वे यूरोपीय संघ और नाटो को पहले की तरह महत्व नहीं दे रहे हैं।

/kendriy-budget-kaa-raajnitik-arthashaashtra-1

आंकड़ों की हेरा-फेरी के और बारीक तरीके भी हैं। मसलन सरकर ने ‘मध्यम वर्ग’ के आय कर पर जो छूट की घोषणा की उससे सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। लेकिन उसी समय वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल आय कर में करीब दो लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। इसके दो ही तरीके हो सकते हैं। या तो एक हाथ के बदले दूसरे हाथ से कान पकड़ा जाये यानी ‘मध्यम वर्ग’ से अन्य तरीकों से ज्यादा कर वसूला जाये। या फिर इस कर छूट की भरपाई के लिए इसका बोझ बाकी जनता पर डाला जाये। और पूरी संभावना है कि यही हो।