गिरगिट के रंग अनेक

‘‘हमारे देश में सामाजिक असमानता का एक इतिहास रहा है।...हमने अपने साथी इंसानों को सामाजिक व्यवस्था में पिछड़ा बनाये रखा। वे जानवरों की तरह रहते रहे और हमने उनकी परवाह नहीं की। यह सब दो हजार साल तक चलता रहा।...यदि समाज के इस हिस्से ने दो हजार साल तक भेदभाव झेला तो हम दौ सौ साल तक कुछ तकलीफ क्यों नहीं झेल सकते?’’
    
ये सद्वचन किसी और के नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के हैं। इसके द्वारा उन्होंने सवर्णों का आह्वान किया कि उन्हें दलितों-पिछड़ों के लिए आरक्षण की व्यवस्था को बर्दाश्त करना चाहिए। ये वही भागवत हैं जो समय-समय पर जातिगत आरक्षण पर पुनर्विचार की आवाज उठाते रहे हैं।
    
संघ मुखिया के इस संबोधन में ‘हम’ शब्द का प्रयोग गौरतलब है। यह दिखाता है कि बोलने वाला और सुनने वाले दोनों दलित-पिछड़े नहीं हैं। वे सवर्ण हैं। बताया जाता है कि यह संबोधन छात्रों को था। तब जरूर ही वे छात्र अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा इकट्ठा किये गये सवर्ण छात्र रहे होंगे। 
    
इस छोटे से वक्तव्य से कई बातें निकलती हैं। अभी हाल ही में संघ-भाजपा ने डीएमके नेता उदयनिधि के सनातन धर्म को लेकर उस आह्वान पर खूब हो-हल्ला मचाया कि वह सामाजिक असमानता की वकालत करता है और उसका मलेरिया की तरह ही उन्मूलन कर दिया जाना चाहिए। अब संघ प्रमुख ने खुद ही स्वीकार कर लिया कि हिन्दू धर्म में कम से कम दो हजार साल से इस हद तक सामाजिक भेदभाव होता रहा है कि समाज का एक हिस्सा जानवरों की जिन्दगी जीता रहा। 
    
इस बात का खास महत्व इसलिए है कि स्वयं संघ परिवार भारत में जातिगत भेदभाव और छूआछूत को लेकर लम्बे समय से एक मनगढ़न्त कहानी सुनाता रहा है। उसका कहना रहा है कि भारत की वर्ण व्यवस्था एक आदर्श समाज व्यवस्था थी जो मूलतः श्रम-विभाजन की व्यवस्था थी। समाज भांति-भांति के काम करने वालों में विभाजित था जिनके बीच कोई भेदभाव और ऊंच-नीच नहीं थी। जाति व्यवस्था और छूआछूत जैसी कोई चीज नहीं थी। ये सब तो हिन्दू समाज में तब आये जब भारत में विदेशी मुसलमानों का शासन कायम हुआ। उन्होंने ही यहां जातियों के बीच भेदभाव और छूआछूत पैदा किया। 
    
हिन्दू समाज में वर्ण-जाति व्यवस्था और छूआछूत के बारे में यह एकदम मनगढ़न्त कथा है पर यह संघियों के बीच खूब प्रचलित है। संघी इसे खूब प्रचारित भी करते हैं। इस कथा की खूबी यह है कि यह हिन्दू समाज की सबसे घृणित प्रथा के लिए भी मुसलमानों को जिम्मेदार ठहरा देती है। 
    
सच्चाई यह है कि भारत में जाति प्रथा, जातिगत भेदभाव और छूआछूत कम से कम गौतम बुद्ध के जमाने से मौजूद है। बौद्धों की जातक कथाओं में इसके प्रमाण मिल जायेंगे। इसका वर्णन मेगास्थनीज की इंडिका तथा फाह्यान और ह्वेनसांग के यात्रा वृत्तांत में भी मिल जायेगा। ये सब दुनिया में इस्लाम के पैदा होने या भारत में इस्लाम के आने के पहले (ह्वेनसांग के मामले में) हैं। इस सब को ही मनुस्मृति में सूत्रबद्ध किया गया। 
    
जिसे सनातन हिन्दू धर्म कहते हैं वह असल में मध्य काल का वह हिन्दू धर्म है जो मनुस्मृति जैसी स्मृतियों तथा पुराण कथाओं पर आधारित है। पूजा-पाठ, व्रत-त्यौहार, मूर्ति पूजा, तीर्थ यात्रा, इत्यादि इसके मुख्य हिस्से हैं। सामाजिक तौर पर यह वर्ण-जाति व्यवस्था तथा ऊंच-नीच पर टिका है। इसका वेदों से कोई लेना-देना नहीं है जो मुख्यतया हवन-यज्ञ को ही सब कुछ मानते थे। 
    
इसलिए जब उन्नीसवीं सदी के बाद वाले हिस्से में दयानन्द सरस्वती ने वेदों की ओर वापसी का नारा देते हुए हिन्दू समाज में अपना आर्य समाजी सुधार आंदोलन शुरू किया तो उन्होंने इसी मूर्ति पूजा, पूजा-पाठ, व्रत-त्यौहार इत्यादि को अपना निशाना बनाया। उन्होंने जातिगत भेदभाव और छूआछूत को भी निशाना बनाया। तब उनका विरोध करने वाले परंपरागत पंडे-पुरोहितों ने अपने रीति-रिवाजों और विश्वासों को सनातन धर्म घोषित कर अपनी रक्षा की। उन्नीसवीं सदी के अंत तथा बीसवीं सदी की शुरूआत के आर्य समाज और सनातन धर्म के संघर्ष में सनातनी हिन्दू समाज की सारी कुरीतियों के रक्षक के रूप में सामने आये जिसमें वर्ण-जाति व्यवस्था की रक्षा भी थी। यह याद रखना होगा कि हिन्दू फासीवादी आंदोलन के जन्म का एक लक्ष्य (हिन्दू महासभा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के रूप में) आर्य समाजियों और सनातनियों के इस आपसी संघर्ष से ऊपर उठकर हिन्दुओं को मुसलमानों के खिलाफ गोलबंद करना था। 
    
इतिहास की इन सामान्य सच्चाईयों की रोशनी में संघ के वर्तमान मुखिया के हालिया सद्वचन का वास्तविक मतलब समझा जा सकता है। सारे सामाजिक दबाव के बावजूद संघ परिवार आज भी यह नहीं कहता कि वह वर्ण-जाति व्यवस्था का खात्मा चाहता है। वह बस सामाजिक समरसता की बात करता है। इसका मतलब यह है कि जातियां बनी रहें, बस छूआछूत न हो। इससे भी आगे वह वर्ण व्यवस्था के आदर्श में आज भी विश्वास करता है। 
    
संघ परिवार का यह विश्वास और उद्देश्य समाज की उस गति से टकराता है जिसमें शोषित-उत्पीड़ित जातियों के लोग जाति व्यवस्था के खात्मे के अलावा कोई और रास्ता नहीं देखते। ऐसे में इन्हें अपने पीछे गोलबंद करने के लिए संघियों को कोई और रास्ता नहीं सूझता सिवाय इसके कि वे इस सवाल पर रोज रंग बदलें। इसीलिए वही मोहन भागवत कभी जातिगत आरक्षण पर पुनर्विचार की बात करते हैं तो कभी इसके दो सौ साल जारी रहने की। अभी चुनावों के मद्देनजर उनका दूसरा रंग सामने है। 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।