ग्रामीण मजदूरों का अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन

मऊ-बलिया/ 12 जनवरी को ग्रामीण मजदूर यूनियन बलिया की ओर से तहसील मुख्यालय रसड़ा पर धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने से पहले दर्जनों महिला और पुरुष मजदूरों ने मार्च निकाला। मार्च के दौरान ग्रामीण मजदूरों की समस्याओं से सम्बन्धित नारे लगाने के साथ पूंजीवाद-साम्राज्यवाद मुर्दाबाद, फासीवाद मुर्दाबाद, मजदूर विरोधी श्रम कानून वापस लो, किसान विरोधी नीतियां रद्द करो, महिलाओं का उत्पीड़न मुर्दाबाद, दलितों का उत्पीड़न मुर्दाबाद, अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न मुर्दाबाद, हिन्दू-मुस्लिम भाई-चारा जिन्दाबाद, मजदूर-किसान एकता जिन्दाबाद आदि नारे लगाये गये। 
    
तहसील परिसर में धरने के दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने ग्रामीण मजदूरों की समस्याओं पर विस्तारपूर्वक बात की। वक्ताओं ने कहा कि बलिया, मऊ ही नहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ग्र्रामीण मजदूरों की जिन्दगी दिन पर दिन बदहाल होती जा रही है। सभी तरह के ग्रामीण मजदूरों, वे चाहे मकान, सड़क, पुल-पुलिया, रास्ता, नाली बनाने वाले निर्माण मजदूर हों अथवा भट्ठा मजदूर हों, पेन्टर हों, फर्नीचर बनाने वाले हों, प्लम्बर हों, खेतिहर मजदूर हों, शादी समारोह में काम करते हों सबकी हालत दिनों दिन बिगड़ती जा रही है। पहले की तुलना में काम कम मिल रहा है लेकिन मजदूरी में बढ़ोत्तरी बहुत कम होती है। वह भी काफी समय के बाद। ज्यादातर कामों में मजदूरी कई साल से ज्यों की त्यों बनी हुयी है। किसी-किसी काम में तो मजदूरी घटी है। एफसीआई के गोदामों में काम करने वाले मजदूर वर्षों से एक ही रेट पर काम कर रहे हैं। तमाम कामों में बड़े ठेकेदारों के अलावा कुछ बिचौलिये ठेकेदार मजदूरों का भयानक शोषण कर रहे हैं। काम की कमी के कारण मजदूरों की मजदूरी में बिचौलिये ठेकेदारों द्वारा की जा रही कटौती बढ़ती जा रही है। मजदूरों को संगठित होकर उसके शोषण के खिलाफ संघर्ष करना होगा। 
    
वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की सरकारें पूंजीपतियों के फायदे के लिए काम करती हैं, ऐसी स्थिति में मजदूरों, किसानों, मेहनतकशों व आम जनता की परेशानियां तो दिन प्रति दिन बढ़ेंगी ही। पूंजीपरस्त किसान विरोधी नीतियों के कारण खेती-किसानी की हालत बिगड़ती जा रही है। इसलिए खेतिहार मजदूर काम की कमी से परेशान होने के साथ-साथ बहुत कम मजदूरी पर काम करने के लिए मजबूर हैं। 
    
सभा को यूनियन अध्यक्ष रामजी सिंह, ग्रा.म.यू. बलिया के जिलाध्यक्ष दूधनाथ, ग्रा.म.यू.बलिया के महामंत्री विन्ध्यांचल, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के डा. सत्यनारायण व ज्ञानदेव सिंह ने सम्बोधित किया। क्रालोस के लालू तिवारी व इमके के मुनीब ने क्रांतिकारी गीत प्रस्तुत किये। 
    
 29 जनवरी को ग्रामीण मजदूर यूनियन मऊ की ओर से मऊ कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। महिला मजदूरों सहित दर्जनों पुरुष मजदूरों ने हिस्सा लिया। धरना-प्रदर्शन में जयराम गढ़, भवनाथ पुर, जादेडीह, हरदसपुर, हरपुर दर्पन रायनपुर व जयसिंहपुर के मजदूरों ने शिरकत की। ग्रामीण मजदूरों की समस्याओं से सम्बन्धित नारों के साथ-साथ क्रांतिकारी नारों के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गयी। 
    
धरने के दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मजदूर विरोधी चार श्रम कानूनों को लाकर पूंजीपति वर्ग ने समूचे मजदूर वर्ग पर भयानक हमला बोल दिया है। ग्रामीण इलाके में काम की कमी के कारण जो ग्रामीण मजदूर औद्योगिक शहरों की ओर काम पाने की उम्मीद में पलायन कर रहे हैं, उन्हें या तो शहरों में भी काम नहीं मिलता या तो बहुत ही कम वेतन पर काम करने के लिए मजबूर होते हैं। उनमें से ज्यादातर को ठेका मजदूर बनकर ठेकेदार के शोषण का शिकार होना पड़ता है।
    
वक्ताओं ने कहा कि पूंजीपतियों की हितैषी भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा आदि पार्टियों और इनके नेताओं से मजदूरों, गरीबों की भलाई की उम्मीद करना बेकार है। ये सभी पार्टियां पूंजीपतियों की दोस्त और मजदूरों-किसानों व आम जनता की दुश्मन हैं। इसलिए मजदूरों, किसानों को जाति, धर्म, क्षेत्र के नाम पर बांटने की पूंजीपतियों की साजिश को नाकाम करना होगा। हर जाति व धर्म के मजदूरों को किसानों व आम जनता के साथ एकता कायम करके अपनी समस्याओं को हल कराने की लड़ाई को तेज करना होगा। अपनी फौरी मांगों के लिए लड़ते हुए आर्थिक लड़ाई को वर्ग संघर्ष में बदलना होगा। 
    
सभा को ग्रा.म.यू. अध्यक्ष राम जी सिंह, ग्रा.म.यू. के महामंत्री संजीव कुमार, इमके के लालू प्रसाद, रामजन्म, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के सिकन्दर व विजय कुमार ने सम्बोधित किया।
    
धरना-प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को सम्बोधित विभिन्न मांगों वाला ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। मनरेगा में 100 दिन का काम देने व काम न देने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देने, न्यूनतम मजदूरी 500 रु. करने व उसे लागू करने, महिला मजदूरों को पुरुष मजदूरों के बराबर वेतन देने, बीमार मजदूरों का मुफ्त इलाज करने, कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था करने, मजदूरों के बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करने व काम करने में अक्षम बूढ़े, बीमार व अपंग मजदूरों को उचित मासिक गुजारा भत्ता देने की मांगें की गयीं।
        
 -मऊ संवाददाता 

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।