फिलिस्तीनी जेनिन कैम्प पर इस्राइली हमला

2 जुलाई को इस्राइली सेनाओं ने वेस्ट बैंक स्थित जेनिन कैम्प पर भीषण हमला बोल दिया। इस जेनिन शरणार्थी कैम्प में करीब 14 हजार फिलिस्तीनी नागरिक रहते हैं। हमला 3 दिनों तक चलता रहा। 2002 के बाद से वेस्ट बैंक के किसी इलाके पर यह सबसे भीषण हमला था। द्रोण, मिसाइलों, मानवरहित विमानों के साथ सैकड़ों इस्राइली सैनिक जेनिन कैम्प में घुस गये और चारों ओर तबाही बरपा करने लगे। उन्होंने ढेरों घर तोड़ डाले। इस हमले में 3 बच्चों समेत 12 फिलिस्तीनी लोग मारे गये। 120 फिलिस्तीनी लोग घायल हो गये जिनमें से दर्जनों गम्भीर हालत में हैं। करीब 3000 लोग अपना घर छोड़ कर भाग जाने को मजबूर हो गये। 
    
इस भीषण हमले के बाद जब मारे गये लोगों की शव यात्रा में शामिल होने के लिए फिलिस्तीनी अथारिटी के तीन बड़े अधिकारी गये तो उनसे नाराज लोगों ने ‘गेट आउट-गेट आउट’ के नारे लगा उन्हें शवयात्रा से भगा दिया। लोगों का गुस्सा फिलिस्तीनी अथारिटी के प्रति बढ़ता जा रहा है। बीते दो वर्षों में वेस्ट बैंक के विभिन्न इलाकों में इस्राइली हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोगों को लगने लगा है कि फिलिस्तीनी अथारिटी उनकी सुरक्षा करने में अक्षम हो चुकी है।
    
फिलिस्तीनी अथारिटी 1993 में फिलिस्तीन मुक्ति संगठन (PLO) व इस्राइल के बीच हुए ओस्लो समझौते से अस्तित्व में आयी थी। इस अथारिटी ने लोगों से वेस्ट बैंक, गाजा पट्टी व पूर्वी येरूशलम को मिला स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य बनाने का वायदा किया था। पर समय के साथ फिलिस्तीनी अथारिटी का वेस्ट बैंक पर भी नियंत्रण कमजोर होता गया और वह इसके महज 18 प्रतिशत हिस्से पर ही वर्तमान में नियंत्रण रखती है। इस हिस्से में भी बढ़ते इस्राइली हमलों पर रोक लगाने में वह विफल साबित हुई है। हमले के करीब हफ्ते भर बाद अथारिटी के नेता महमूद अब्बास ने जेनिन कैम्प का दौरा किया। इस दौरे का भी बहुत से कैम्पवासियों ने विरोध किया। अब्बास ने शीघ्र ही कैम्प में पुनर्निर्माण की बात कही। 
    
फिलिस्तीनी अथारिटी में व्याप्त भ्रष्टाचार व फिलीस्तीनी मुक्ति संघर्ष से मुंह मोड़ने के चलते लोगों का इससे मोहभंग हो चुका है। परिणामस्वरूप लोग या तो खुद आत्मरक्षा के उपाय करने लगे हैं या कुछ हथियारबंद इस्लामिक कट्टरपंथी संगठन इनके बीच खड़े हो गये हैं। इस्राइली सेना जब इन फिलिस्तीनी इलाकों पर हमला करती है तो वह फिलिस्तीनी हथियारबंद समूहों के खात्मे के लिए इन हमलों को जायज ठहराती है। हालांकि हमले के वक्त वह बेगुनाह आम नागरिकों-महिलाओं -बच्चों किसी को भी निशाना बनाने, मार डालने तक से परहेज नहीं करती। 
    
इस्राइली शासकों के सिर पर अमेरिकी साम्राज्यवादियों का हाथ है। बीते 6-7 दशकों में इस्राइली शासकों ने फिलिस्तीनी इलाकों पर कब्जा करते-करते उन्हें बेहद छोटे इलाके में सिमटने को मजबूर कर दिया है। इस्राइली शासक समूचे फिलिस्तीन को हड़पने की मंशा रखते हैं। अमेरिकी साम्राज्यवादी इस्राइली सेना के भीषण हमलों को इस्राइल की आत्मरक्षा के नाम पर जायज ठहराते हैं। मौजूदा जेनिन कैम्प पर हमले के वक्त भी अमेरिकी सरकार व अमेरिकी मीडिया ने निर्लज्जता से इस्राइल का साथ दिया।
    
इस्राइली सेना के बढ़ते हमलों के साथ फिलिस्तीनी अथारिटी के आत्मसमर्पण से नाराज फिलिस्तीनी अवाम अब अपनी सुरक्षा का खुद इंतजाम करने लगी है। जेनिन कैम्प में भी युवाओं का एक ऐसा आत्मरक्षा दल अस्तित्व में आ चुका है जो ऐसे हथियार तैयार करता है जिनसे हमले के वक्त इस्राइली सेना को नुकसान पहुंचाया जा सके। सामूहिक तौर पर तैयार इन हथियारों में एण्टी टैंक धातु के अवरोधक, विस्फोटक कंटेनर, हाथ से फेंके जाने वाले हथगोले आदि शामिल हैं। यहां तक कि बोतलों में अंडा व इस्तेमाल हुआ तेल भरकर भी उन्हें हथगोलों की तरह इस्तेमाल किया जाता है। कैम्प के निकास द्वार पर बड़े-बड़े धातु अवरोधक खड़े कर टैंकों का रास्ता रोका जाता है। सड़कों पर भी विस्फोटक लगाये जाते हैं जो इस्राइली सेना के वाहनों को नुकसान पहुंचा सकें। 
    
इस सब तैयारी का परिणाम यह हुआ कि इस्राइली सेना द्रोण, हवाई जहाजों की सुरक्षा पंक्ति के बगैर सीधे कैम्प में नहीं घुस सकती। विस्फोटकों से उनके वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। इस्राइली हमलों के वक्त फिलिस्तीनी युवा, महिलायें-लड़कियां सभी आत्मरक्षा के प्रयासों में एक टीम के बतौर काम करने लगते हैं। जेनिन कैम्प की देखा-देखी वेस्ट बैंक के बाकी इलाकों में भी इसी तरह के हथियार बनाये जाने लगे हैं। 
    
फिलिस्तीनी जनता जानती है कि इन हथियारों से आधुनिकतम हथियारों से लैस इस्राइली सेना को नहीं हराया जा सकता है पर उसे हैरान परेशान जरूर किया जा सकता है। इस्राइली सरकार में चूंकि दक्षिणपंथी तत्वों की तादाद बढ़ गयी है इसलिए भी फिलिस्तीनी अवाम नये हमलों से निपटने की तैयारी कर रही है। 
    
कुल मिलाकर फिलिस्तीन के लड़ाके दुनिया की मजबूत इस्राइली सेना के खिलाफ सर झुकाने के बजाय अंतिम दम तक लड़ने का जज्बा दिखा अपनी गौरवशाली संघर्ष की विरासत को कायम रखे हुए हैं।  

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।