मजदूरों के निडर बयान

Published
Fri, 05/01/2026 - 15:50
/workers-ke-nidar-bayan

देश में चल रही मजदूर उथल-पुथल के बीच मानेसर और नोएडा दो ऐसे केन्द्र के रूप में उभर कर आए जहां मजदूर संघर्ष फैक्टरी दायरों को लांघ कर आगे बढ़ गया। इन दो केन्द्रों में कई फैक्टरियों के मजदूर एक साथ आकर अपने आक्रोश को व्यक्त कर रहे थे। मजदूरों के भारी पैमाने पर सड़क पर उतरने की कार्यवाही ने मजदूरों के सवाल को देश के पैमाने पर चर्चा का मुद्दा बनाया। पूंजीवादी मीडिया भी मजबूर हुआ कि मजदूरों के जीवन और मजदूरों की बात को अपने पन्नों और वीडियो में जगह दे। सरकार द्वारा मजदूर आंदोलन और मजदूर संगठनों पर लगाये जाने वाले बे-सिर पैर के आरोपों को भी पूंजीवादी मीडिया ने एकतरफा तरीके से दिखाया और इस तरह अपनी पूंजीपति वर्ग के प्रति पक्षधरता के साथ पूरा न्याय किया। तब भी पूंजीवादी मीडिया में मजदूरों के हालात पर चर्चा ने दिखाया है कि मजदूरों के संघर्ष की अपनी एक ताकत है। मजदूरों के संघर्ष जब और ज्यादा एकजुट और सचेत होंगे तो इसकी ताकत और ज्यादा दिखाई देगी। 
    
मौजूदा मजदूर संघर्षों के दौरान मजदूरों ने अपनी दुर्दशा और पूंजीपतियों की निर्दयता को बगैर डर और संकोच के बयान किया। मजदूरों ने इस संघर्ष के दौरान शासन-प्रशासन के पूंजीपति वर्ग के पक्ष में बेशर्मी से खड़े हो जाने को भी अपनी आंखों से देखा। मौजूदा मजदूर संघर्ष ने मजदूरों को तमाम खट्टे-मीठे अनुभव दिये हैं। आने वाले समय में मजदूर वर्ग और इसका अगुआ हिस्सा इन सभी अनुभवों का समाहार करेगा और अपने आंदोलन को ऊंचे स्तर पर ले जायेगा। 
    
मौजूदा मजदूर संघर्षों के दौरान मजदूरों के द्वारा कही गयी बातें मजदूरों की मौजूदा चेतना के स्तर को दिखाती हैं। सचेत राजनीतिक संघर्षों की अनुपस्थिति में इस चेतना की सीमा है। तब भी इस चेतना के स्तर को समझना और विश्लेषण करना मजदूर आंदोलन से जुड़े सभी लोगों के लिए जरूरी बन जाता है। 
    
मजदूरों की चेतना और अनुभव की कुछ झलकियां प्रस्तुत करने के लिए यहां ‘दि प्रिंट’ और ‘न्यूजलांड्री’ की रिपोर्टों से मजदूरों के कुछ बयान उनके ही शब्दों में पेश हैं। ये सभी बयान नोएडा के मजदूरों के हैं और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि की घोषणा से पहले के हैं।
    
‘‘कारण ये है सर...सबसे पहली बात कि हमें सैलरी दी जाती है- सबसे स्टार्टटिंग सैलरी है जो हेल्पर है उसकी ग्रेड है साढ़े ग्यारह हजार के आस-पास...बरोबर...अब हमारे यहां पर ज्यादातर लोग- ज्यादातर वर्कर बाहर से आते हैं जैसे यू.पी, बिहार, बंगाल हो गया, यहां से आते हैं। अब ये समझिये कि ग्यारह हजार सैलरी में एक आदमी कमरा ले के रह रहा है, उसका एक बच्चा पढ़ रहा है। मतलब, अब गैस इतनी महंगी है अब एक आदमी कैसे पूरा कर पाएगा अपने घर का खर्च।...हमारी मांग यह है कि एक मिनिमम सैलरी कम से कम एक हेल्पर की सैलरी बीस हजार होनी चाहिए। हमें ओटी नहीं चाहिए। ओ टी कराने का मतलब ये है कि हमसे करीब 12-14 घंटे काम कराए जाते हैं। हम सुबह आठ-साढे आठ बजे आते हैं। 10-11 बजे रात को जाते हैं। न तो हम अपने परिवार को टाईम दे पाते हैं। कोई भी ए टू जेड न अपने बच्चे को टाईम दे पाता है। हमें ओटी से कोई मतलब नहीं। हमें ओटी नहीं चाहिए। हमें आठ घंटे काम चाहिए। आठ घंटे की हमारी मांग है, सैलरी उसकी 20 हजार होनी चाहिए। एक आम आदमी की। ....हमारे एस डी एम का बयान आया था आपने सुना होगा.....कोई महिला है। एस डी एम है शायद गौतमबुद्ध नगर की। उन्होंने हमें....मतलब...हम वर्कर मूर्ख हैं...उन्होंने हमें बताया कि हमारी सैलरी सात तारीख को मिलेगी, हमें एप्वाइंटमेंट लेटर दिया जायेगा, हमें डबल ओवरटाइम दिया जाएगा। लेकिन हमारी सैलरी की कोई बात नहीं करी उन्होंने। कोई प्रशासन हमारी...आज तक हमारी बीजेपी सरकार है...10 साल हो गये अपने योगीजी को। आज तक एक भी बयान कोई दिखा दे उन्होंने वर्कर के बारे में बात की हो जबकि यू.पी. में इतना बड़ा हब है लेबरों का, नोएडा में पूरा देखने जाएंगे आप। एक भी, एक भी बयान उनका नहीं है कि वर्करों के लिए हम ये कर रहे हैं, या वर्करों के लिए इतना सैलरी दी जाती है। बात करेंगे तो सरकारी कर्मचारियों की। हम कर्मचारी नहीं हैं। हम तो बेकार हैं। हम कीड़े-मकोड़े हैं।...अब आप ये सोचिए कि एक आदमी रेगुलर 12 घंटे, 13 घंटे, 14 घंटे कहीं एक स्थायी जगह पर बैठकर ....हमसे कहा जाए कि हमें इतने पीस चाहिए, इतना काम करके देना है, कैसे बैठे रहेगा वो। आप खुद सोचिए अपने आप से।’’
        केतन कुमार (स्रोत दि प्रिन्ट)
 

‘‘ऐसे कैसे चलेगा भईया...बताइये इतना महंगा सलेंडर हो गया है, हर चीज में महंगाई बढ़ रहा है, कैसे चलेगा। किराया भी बढ़ चुका है। बिजली बिल, पानी-उनी सारा चीज के व्यवस्था बढ़ा चुका है। हम लोग..बंदा...कैसे रह सकते हैं। बाल बच्चा को लेकर बाहर निकले हुए हैं। मालिक-सब कुछ नहीं सुनते हैं। मालिक सब सुनते तो हम लोग क्यों ऐसा करते। आगे हम लोगों का सैलरी बढ़ाए नहीं तो ऐसा ही हंगामा चालू रहेगा। कंपनी सारा बंद रहेगा।’’
      एक महिला मजदूर (स्रोत दि प्रिंट)

‘‘मेरा ये कहना है कि टारगेट तो ज्यादा ले लेते हैं। अगर मुझे वाशरूम लगती है तो कहते हैं बार-बार वाशरूम जाती हो, इसको यहां से भगा दूंगा। और कोई तबीयत भी खराब होती है तब भी जाने नहीं देते हैं। उसमें टी ब्रेक भी नहीं होता।....एक दिन की छुट्टी होती है तो 1350 रुपये कटता है। सैलरी भी बढ़ना चाहिए ओवरटाइम डबल होना चाहिए।’’ 
        मोहिनी पाल (स्रोत दि प्रिंट)

‘‘सैलरी नहीं बढ़ाते लेकिन साल में तीन बार टारगेट बढ़ा देते हैं। टारगेट बढ़ाने का नियम दे रखा है लेकिन सैलरी बढ़ाने का नियम नहीं दिया सरकार ने। पिछले साल सैलरी बढ़ी थी 29 रुपये। 29 रुपये देकर इन्होंने अहसान इतना बढ़ा दिया है, कहते हैं नौकरी करनी है टारगेट दो, नहीं करनी है तो यहां से निकल जाओ, रिजाइन मारो...इतनी इंसल्ट करते हैं हम लोगों की, कि जैसे इन लोगों ने हमें खरीद लिया है। हम यहां पर इज्जत की नौकरी करने आते हैं, लेकिन ये लोग बिल्कुल गधे की तरह नौकरी कराते हैं।’’
    एक महिला मजदूर (स्रोत न्यूज लाउंड्री)

‘‘ये जो पुलिस प्रशासन खड़ा है, गार्ड वालों के कहने पर लाठी चार्ज किया जा रहा है। हम लोग मदरसन परिवार एक आवाज नहीं उठा सकते। 10 हजार सैलरी में आठ घंटे-सोलह घंटे काम कर रहे यहां।’’
अभिनंदन, मदरसन का मजदूर (स्रोत न्यूज लाउंड्री)
    

मजदूरों की ये बातें मजदूरों के क्षोभ व गुस्से को दिखाती हैं। मौजूदा संघर्षों में मजदूरों ने सड़़क पर उतरकर अपने दर्द को बयां किया है। लाठीचार्ज और गिरफ्तारियां मजदूरों के गुस्से को और भड़काएगा ही। साथ ही वे राज्य के पूंजीपरस्त चरित्र से वाकिफ भी होंगे। पूंजीपति वर्ग स्वयं अपनी कब्र खोद रहा है।     -विशेष संवाददाता

आलेख

/amerika-dwaara-iran-par-naya-hamala-isake-doorgami-result

अमरीकी साम्राज्यवादी वर्चस्व को बढ़ाने में पश्चिम एशिया में दृढ़ स्तम्भ इजरायल रहा है। 1979 से पहले ईरान का शासक शाह रजा पहलवी  भी इस क्षेत्र में अमरीका का लठैत रहा है। 1979 में रजा पहलवी का तख्ता उलटने के बाद जो इस्लामी सत्ता आयी, वह लगातार अमरीकी साम्राज्यवाद की वर्चस्ववादी नीतियों का विरोध करती रही थी। यह सत्ता इजरायल द्वारा फिलिस्तीनियों को उजाड़े जाने और उनकी जमीनों पर यहूदी बस्तियां बसाने का विरोध करती रही है।

/amerika-aur-china-thyuusidaidsa-phaans

शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी शासक भी दुनिया को यह जताने में लगे हुए हैं कि उनका अमेरिका से टकराने का कोई इरादा नहीं है। वे सबके साथ साझेदारी की बात कर सकते हैं। यानी अमेरिका व चीन साथ-साथ सारी दुनिया में छा सकते हैं।

/cocaroach-janta-party-hindu-fascist-v-sahi-raah

जेनरेशन जेड की युवा पीढ़ी को संघी ताकतें समझा रही हैं कि वे काॅकरोच जनता पार्टी के बहकावे में न आयें। वे मोदी के साथ खड़े रहें। वहीं काॅकरोच जनता पार्टी युवाओं के आक्रोश-दर्द को मुद्दा बना उन्हें बुराई मुक्त पूंजीवाद का ख्वाब परोस रही हैं। ऐसे में युवाओं को सही रास्ता तलाशना होगा। सही रास्ता इन दोनों रास्तों से अलग शहीदे आजम भगत सिंह का रास्ता है

/hindu-fascist-chunav-aayog-and-vidhansabha-chunaav

हिंदू फासीवादियों के लिए बिहार एस आई आर की पहली प्रयोगशाला थी। पश्चिम बंगाल  निशाने पर लंबे समय से ही था। ये तमाम प्रयास के बावजूद यहां की सत्ता से काफी दूर थे। चुनाव आयोग के जरिए एस आई आर और गृह मंत्रालय के अधीन अर्ध सैनिक बलों के दम पर इस किले को फतह करना हिंदू राष्ट्रवादियों का खास मकसद था। अंततः इस चुनाव में यहां की सत्ता को गिरफ्त में लेने में ये सफल हो चुके हैं। 

/imperialism-and-abhijat-workers-class

दूसरे विश्व युद्ध के बाद साम्राज्यवादी देशों में पूंजीपति वर्ग ने ‘कल्याणकारी राज्य’ कायम किये जिसके पीछे समाजवादी खेमे का दबाव तो था ही साथ ही उन देशों में संगठित मजदूर आंदोलन का भी भय था जो पहले विश्व युद्ध के बाद फिर उठ खड़ा हुआ था। दो विश्व युद्धों की तबाही और महामंदी की विभीषिका से उसका क्रांतिकारी तेवर भी था जिसे पूंजीपति वर्ग नजरअंदाज नहीं कर सकता था।