गाजापट्टी में युद्ध विराम क्या जारी रहेगा?

/gazaapatti-mein-yudha-viraam-kya-jaari-rahega

अमरीकी राष्ट्रपति द्वारा गाजापट्टी से फिलिस्तीनियों को उजाड़कर कहीं दूसरे देशों में बसाने की योजना को पलीता लगने के बाद अब अमरीकी साम्राज्यवादी सीधे हमास के साथ वार्ता करने को विवश हो गये। वे इजरायली सत्ता से स्वतंत्र हमास के साथ सीधे वार्ता करने लगे। एक तरफ ट्रम्प की गाजापट्टी से फिलिस्तीनियों को उजाड़ने की योजना को अरब देशों के शासकों के विरोध का सामना करना पड़ा। सिर्फ इतना ही नहीं, अरब देशों ने गाजापट्टी के पुनर्निर्माण की एक वैकल्पिक योजना भी पेश की। इन देशों के शासक अभी तक फिलिस्तीनी संघर्ष का समर्थन नहीं कर रहे थे बल्कि इनमें से कई तो इसके विरोध में थे। लेकिन वहां की जनता के इसके व्यापक समर्थन को वे अपने लिए भी खतरा मानते रहे हैं। यह एक बड़ा कारण रहा है जिसने इन शासकों को वैकल्पिक योजना पेश करने के लिए मजबूर किया। 
    
इस वैकल्पिक योजना का यहूदी नस्लवादी शासकों ने विरोध किया और गाजापट्टी से फिलिस्तीनियों को उजाड़ कर मिश्र, जार्डन या और कहीं बसाने की ट्रम्प की योजना का समर्थन किया। इजरायली शासकों ने समझौते के तहत युद्ध विराम के पहले चरण के पूरा हो जाने के बाद दूसरे चरण में जाने से इंकार कर दिया। वे पहले चरण को और बढ़ाने की मांग करते रहे और पहले चरण में ही सारे बंधकों की रिहाई की मांग कर डाली। इजरायली शासक युद्ध विराम का बार-बार उल्लंघन करते रहे। उन्होंने राहत सामग्री के गाजापट्टी जाने पर रोक लगा दी। 
    
लेकिन जैसे ही ट्रम्प की गाजापट्टी को नरक बना देने की धमकियों के बावजूद अमरीकी साम्राज्यवादी सीधे हमास के साथ वार्ता करने के लिए आ उपस्थित हुए वैसे ही इजरायल को भी दूसरे चरण के युद्ध विराम के लिए वार्ता के लिए अपने प्रतिनिधि भेजने पड़े। 
    
यहूदी नस्लवादी इजरायली शासक लगातार समझौते का उल्लंघन करते रहे हैं। वे इस दौरान करीब 116 लोगों की गाजापट्टी में हत्या कर चुके हैं। वे सिर्फ गाजापट्टी में ही ये हत्यायें नहीं कर रहे हैं; वे पश्चिमी तट पर भी फिलिस्तीनियों को उजाड़ रहे हैं और उनकी हत्यायें कर रहे हैं। वे लेबनान में समझौते का उल्लंघन कर रहे हैं। सीरिया के दक्षिणी इलाके पर वे कब्जा कर चुके हैं। वे ईरान पर हमला करने की धमकी दे रहे हैं। इन सभी में अमरीकी साम्राज्यवादी उनका समर्थन व सहयोग कर रहे हैं। 
    
इजरायल के इन आक्रामक और समझौते का उल्लंघन करने वाले कदमों का जवाब देने के लिए हमास और हिजबुल्ला के साथ-साथ यमन के हौथी लोगों ने भी कदम उठाना शुरू कर दिया है। वे न सिर्फ यहूदी नस्लवादी इजरायली हुकूमत को चेतावनी दे रहे हैं बल्कि अमरीकी साम्राज्यवादियों को भी बता रहे हैं कि वे उनकी इस इलाके में दखलंदाजी का विरोध करेंगे। 
    
अभी हाल ही में ईरान, चीन और रूस की नौसेनाओं का संयुक्त अभ्यास हुआ है। 
    
इसने भी अमरीकी साम्राज्यवादियों की ईरान को धमकाने और उसे अलग-थलग करने की योजना को पीछे धकेला है। 
    
पश्चिमी एशिया की यह स्थिति गाजापट्टी में युद्ध विराम को जारी रखने की संभावना को बढ़ा रही है लेकिन यहूदी नस्लवादी हुकूमत इसे तोड़ने की कोशिशें करती रहेगी। 

आलेख

/russia-yukrain-yuddha-vyapak-yuddha-ki-or-badha-raha-hai

यूरोपीय साम्राज्यवादी रूस पर और ज्यादा प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर चुके हैं। वे रूस के ऊर्जा क्षेत्र में और बैंक क्षेत्र में और कड़े प्रतिबंधों को लगा रहे हैं। वे रूसी साम्राज्यवादियों को आर्थिक तौर पर पंगु बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही वे यूक्रेन को युद्ध में भारी मदद कर रहे हैं। 

/jab-rashtravaad-bas-andhrashtravaad-ban-kar-rah-jaaye

राष्ट्रवाद एक ऐतिहासिक परिघटना है जिसका पहले प्रगतिशील पहलू प्रधान था, अब प्रतिक्रियावादी पहलू प्रधान है। समाज की गति में इसकी जड़ें थीं- पूंजीवाद की उत्पत्ति और विकास में। प्रगतिशील राष्ट्रवाद ने समाज को आगे ले जाने का काम किया। अब प्रतिक्रियावादी राष्ट्रवाद समाज को आगे जाने में बाधा बन रहा है। और पूंजीपति वर्ग अंधराष्ट्रवाद के रूप में इसका इस्तेमाल कर रहा है।

/samraajyvaadi-comptetion-takarav-ki-aur

ट्रम्प के सामने चीनी साम्राज्यवादियों से मिलने वाली चुनौती से निपटना प्रमुख समस्या है। चीनी साम्राज्यवादियों और रूसी साम्राज्यवादियों का गठजोड़ अमरीकी साम्राज्यवाद के विश्व व्यापी प्रभुत्व को कमजोर करता है और चुनौती दे रहा है। इसलिए, हेनरी किसिंजर के प्रयोग का इस्तेमाल करने का प्रयास करते हुए ट्रम्प, रूस और चीन के बीच बने गठजोड़ को तोड़ना चाहते हैं। हेनरी किसिंजर ने 1971-72 में चीन के साथ सम्बन्धों को बहाल करके और चीन को सोवियत संघ के विरुद्ध खड़ा करने में भूमिका निभायी थी। 

/india-ki-videsh-neeti-ka-divaaliyaapan

भारत आबादी के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा देश है और उसकी अर्थव्यवस्था भी खासी बड़ी है। इसीलिए दुनिया के सारे छोटे-बड़े देश उसके साथ कोई न कोई संबंध रखना चाहेंगे। इसमें कोई गर्व की बात नहीं है। गर्व की बात तब होती जब उसकी कोई स्वतंत्र आवाज होती और दुनिया के समीकरणों को किसी हद तक प्रभावित कर रहा होता। सच्चाई यही है कि दुनिया भर में आज भारत की वह भी हैसियत नहीं है जो कभी गुट निरपेक्ष आंदोलन के जमाने में हुआ करती थी। 

/bharat-ka-garment-udyog-mahila-majadooron-ke-antheen-shoshan-ki-kabragah

भारत में वस्त्र एवं परिधान उद्योग में महिला एवं पुरुष मजदूर दोनों ही शामिल हैं लेकिन इस क्षेत्र में एक बड़ा हिस्सा महिला मजदूरों का बन जाता है। भारत में इस क्षेत्र में लगभग 70 प्रतिशत श्रम शक्ति महिला मजदूरों की है। इतनी बड़ी मात्रा में महिला मजदूरों के लगे होने के चलते इस उद्योग को महिला प्रधान उद्योग के बतौर भी चिन्हित किया जाता है। कई बार पूंजीवादी बुद्धिजीवी व भारत सरकार महिलाओं की बड़ी संख्या में इस क्षेत्र में कार्यरत होने के चलते इसे महिला सशक्तिकरण के बतौर भी प्रचारित करती है व अपनी पीठ खुद थपथपाती है।