टालब्रोस आटोमोटिव कम्पोनेंट लिमिटेड में मजदूरों का शोषण

/taalbros-automotiv-component-limited-mein-majadooron-kaa-shoshan

फरीदाबाद/ टालब्रोस ऑटोमोटिव कम्पोनेंट लिमिटेड, 14/1, मथुरा रोड, फरीदाबाद, 121003, हरियाणा में स्थित है। यह कम्पनी मारुति सुजुकी, हीरो होंडा, रेंज रोवर, हुंडई, टाटा इत्यादि के लिए पार्ट/गैस किट आदि बनाती है। इस कंपनी में लगभग 1500 मजदूर काम करते हैं जिसमें स्थायी मजदूरों की संख्या लगभग 300 है बाकी लगभग 1200 मजदूर ठेकेदारी, अप्रेंटिस, नीम ट्रेनी आदि के तहत काम करते हैं जिनमें महिला मजदूर भी हैं।
    
कम्पनी में पावर प्रेस, वीसीएम, सीएनसी, हाइड्रोलिक प्रेस, आटोमेटिक प्रेस आदि मशीनें हैं। कम्पनी में लगभग 10 विभाग हैं- मोल्डिंग, हीरो लाइन, क्वालिटी, एमएलएस, टूल रूम, मेंटीनेंस, स्टोर, आदि। 
    
सबसे ज्यादा कठिन काम मोल्डिंग में होता है। यहां अत्यधिक गर्मी में मजदूरों को काम करना पड़ता है। कम्पनी के द्वारा मजदूरों के लिए काम करने के स्थानों पर ताजी हवा के लिए कोई सुविधा नहीं है। मैनेजमेंट मशीनों पर मजदूरों के ऊपर प्रोडक्शन का हमेशा दबाव बनाता रहता है जिस कारण अत्यधिक गर्मी में मशीनों के अंदर से गर्म होते हुए भी पार्ट्स निकालते समय अक्सर ही मजदूरों के हाथ जलते हैं। और प्रेस मशीन में मजदूरों के साथ हाथ कटने जैसी घटनाएं भी होती रहती हैं। 
    
इस तरह की शोषण की परिस्थिति में अधिकतर मजदूर ज्यादा दिन तक नहीं टिकते हैं। केवल पुराने मजदूर ही किसी तरह जिंदा रहने भर के वेतन (रु. 11,000) में काम करने को मजबूर हैं। कंपनी मैनेजमेंट के लिए कंपनी में मजदूरों के साथ दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। 
    
कम्पनी में मजदूरों के लिए कुल तीन शौचालय हैं जिनकी हालत सफाई ना होने से बहुत बुरी है वहीं मैनेजमेंट के शौचालय या बाथरूम की सफाई हर रोज होती है जिससे वह गंदा नहीं रहता है। चमकता रहता है। और मजदूरों के शौचालय में यूरिनल का पाईप खुला ही रहता है। पेशाब करते वक्त पूरे शरीर पर छीटें पड़ती हैं। सुबह लैट्रिन जाने के लिए भी इंतजार करना पड़ता है।
    
कंपनी द्वारा ठेकेदारी के मजदूरों को मासिक छुट्टियां (ई एल, सी एल आदि) भी उन्हें नहीं दी जाती हैं। ना ही मजदूरों को आई कार्ड, सैलरी स्लिप, गेट पास आदि उपलब्ध कराया जाता है। यहां तक कि कई मजदूरां को काम करते हुए दस साल हो जाने के बाद भी कंपनी द्वारा उन्हें स्थायी  नहीं किया गया है और ना ही आज तक उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, बच्चों की शादी, पुरुषों के साईकिल, महिलाओं के लिए सिलाई मशीन आदि, कोई दुर्घटना होने आदि के लिए लेबर वेलफेयर फोरम का फार्म ही भरा है। जो मजदूर फार्म भरने को कहता है तो उसे गेट से बाहर निकालने की धमकी देकर चुप करा दिया जाता है। 
    
कम्पनी में मजदूरों को जीवित इंसान ना समझते हुए सेफ्टी मानकों को धता बताते हुए मजदूरों से खतरनाक मशीनों पर काम करवाया जाता है। जिसके कारण अक्सर ही कैमिकल से जलने, हाथ कटने के कारण मौत व हाथ कटने जैसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं और कंपनी मैनेजमेंट ऐसी स्थिति में भी मजदूरों पर और अधिक प्रोडक्शन देने का दबाव बनाता रहता है। 
    
कंपनी मैनेजमेंट मजदूरों को मशीन में लगे एक बोल्ट के समान समझता है। एक मजदूर को जब मन किया काम पर लगाया और खराब हो जाने के बाद निकाल कर फेंक दिया और नया बोल्ट मंगाकर लगा लिया।
    
खतरनाक मशीनों पर काम करने के बाद भी मजदूरों को मात्र 11,000 रु. वेतन ही दिया जाता है। जिसमें मजदूर अपने परिवार को इस महंगाई के दौर में बस किसी तरह जिंदा रख सकते हैं। अपने बच्चों को अच्छी पढ़ाई-लिखाई, बीमार पड़ने पर अच्छा ईलाज, अच्छा खान-पान, बूढ़े मां-बाप की देखभाल नहीं कर सकते।
    
महिला मजदूरों की स्थिति तो और भी ज्यादा बुरी है। उनसे तो 8-9 हजार रुपये में ही काम करवाया जाता है जबकि हरियाणा सरकार के अनुसार हेल्पर मजदूरों का न्यूनतम वेतन भी 10,924 रु. है। लेकिन टालब्रोस कंपनी में महिला मजदूरों से वह जिंदा रहने भर का वेतन भी ना देकर उनसे बेगारी करवाई जा रही है।
    
कंपनी में अधिकतर ठेकेदारी के तहत रखे गए मजदूरों से ही खतरनाक मशीनों पर काम करवाया जाता है। जिसकी जिंदगी में हमेशा खतरे की घंटी बजती रहती है। खराब मशीनों की समय पर सर्विस/रिपेयरिंग नहीं होने के कारण आम मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जाता है।
    
इन सभी समस्याओं के खिलाफ टालब्रोस कंपनी के मजदूरों को एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है।
    
जरूरत है कि मजदूर अपनी आने वाली पीढ़ियों, अपने बच्चों के जीवन की सुरक्षा, उनकी पढ़ाई-लिखाई, अच्छा खान-पान और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष करें, एकजुट हों और आगे बढ़ें। क्योंकि उनके अपने साथ हो रहे शोषण-उत्पीड़न को खत्म करने के लिए उन्हें ही अपनी पहलकदमी दिखाते हुए अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
         -फरीदाबाद संवाददाता

आलेख

/amariki-ijaraayali-narsanhar-ke-ek-saal

अमरीकी साम्राज्यवादियों के सक्रिय सहयोग और समर्थन से इजरायल द्वारा फिलिस्तीन और लेबनान में नरसंहार के एक साल पूरे हो गये हैं। इस दौरान गाजा पट्टी के हर पचासवें व्यक्ति को

/philistini-pratirodha-sangharsh-ek-saal-baada

7 अक्टूबर को आपरेशन अल-अक्सा बाढ़ के एक वर्ष पूरे हो गये हैं। इस एक वर्ष के दौरान यहूदी नस्लवादी इजराइली सत्ता ने गाजापट्टी में फिलिस्तीनियों का नरसंहार किया है और व्यापक

/bhaarat-men-punjipati-aur-varn-vyavasthaa

अब सवाल उठता है कि यदि पूंजीवादी व्यवस्था की गति ऐसी है तो क्या कोई ‘न्यायपूर्ण’ पूंजीवादी व्यवस्था कायम हो सकती है जिसमें वर्ण-जाति व्यवस्था का कोई असर न हो? यह तभी हो सकता है जब वर्ण-जाति व्यवस्था को समूल उखाड़ फेंका जाये। जब तक ऐसा नहीं होता और वर्ण-जाति व्यवस्था बनी रहती है तब-तक उसका असर भी बना रहेगा। केवल ‘समरसता’ से काम नहीं चलेगा। इसलिए वर्ण-जाति व्यवस्था के बने रहते जो ‘न्यायपूर्ण’ पूंजीवादी व्यवस्था की बात करते हैं वे या तो नादान हैं या फिर धूर्त। नादान आज की पूंजीवादी राजनीति में टिक नहीं सकते इसलिए दूसरी संभावना ही स्वाभाविक निष्कर्ष है।

/samooche-pashcim-asia-men-yudha-phailaane-kaa-prayaas

इसके बावजूद, इजरायल अभी अपनी आतंकी कार्रवाई करने से बाज नहीं आ रहा है। वह हर हालत में युद्ध का विस्तार चाहता है। वह चाहता है कि ईरान पूरे तौर पर प्रत्यक्षतः इस युद्ध में कूद जाए। ईरान परोक्षतः इस युद्ध में शामिल है। वह प्रतिरोध की धुरी कहे जाने वाले सभी संगठनों की मदद कर रहा है। लेकिन वह प्रत्यक्षतः इस युद्ध में फिलहाल नहीं उतर रहा है। हालांकि ईरानी सत्ता घोषणा कर चुकी है कि वह इजरायल को उसके किये की सजा देगी।